कौन है कोलोराडो में यहूदियों पर हमला करने वाला Mohamed Sabry Soliman? 'फ्री फिलिस्तीन' के नारे के साथ बरसाई आग
Who is Mohamed Sabry Soliman: अमेरिका के कोलोराडो राज्य के एक शांत यहूदी कार्यक्रम में अचानक अफरा-तफरी मच गई। एक शख्स ने अचानक "फ्री फिलिस्तीन" चिल्लाते हुए वहां मौजूद लोगों पर आग से हमला कर दिया। यह घटना एक ऐसे देश में हुई है जिसे दुनियाभर में लोकतंत्र, मानवाधिकार और अभिव्यक्ति की आजादी के लिए जाना जाता है।
रविवार की दोपहर हुए इस हमले से बोल्डर शहर की सड़कें खून और चीखों से भर गईं। इस हमले में छह लोग झुलस गए है। यह हमला किसी साधारण झगड़े का नतीजा नहीं था, बल्कि इसे अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी FBI ने 'टारगेटेड टेरर अटैक' यानी योजनाबद्ध आतंकी हमला बताया है।

यह सब उस वक्त हुआ, जब यहूदी समुदाय के लोग हर हफ्ते की तरह गाजा में बंदी बनाए गए इजरायली नागरिकों की याद में 'बोल्डर रन फॉर देयर लाइव्स' नाम से प्रदर्शन कर रहे थे।भीड़ के बीच से निकले एक व्यक्ति ने फ्लेमथ्रोअर जैसे हथियार से आग उगली, जिससे बुजुर्ग प्रदर्शनकारी झुलस गए। ये घटना ना सिर्फ वहां मौजूद लोगों के लिए डरावना अनुभव रही, बल्कि यह अमेरिका की आंतरिक सुरक्षा और इमिग्रेशन नीति पर भी कई गंभीर सवाल छोड़ गई।
ये भी पढ़ें: 'जो अमेरिका ने 9/11 में झेला, वही हम झेल रहे हैं, भारत अब आतंकवाद बर्दाश्त नहीं करेगा', शशि थरूर का सख्त संदेश
आरोपी को भीड़ ने पकड़ा, पुलिस के हवाले किया
हमलावर की पहचान 45 वर्षीय मोहम्मद सबरी सोलिमान के रूप में हुई है। चश्मदीदों ने बताया कि हमले के तुरंत बाद भीड़ ने उसे घेर लिया और पुलिस को सौंप दिया। सोलिमान ने इस हमले में एक देसी तरह का फ्लेमथ्रोअर (आग फेंकने वाला उपकरण) इस्तेमाल किया। उसे भी कुछ चोटें आई हैं और अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
FBI ने बताया 'टारगेटेड टेरर अटैक'
FBI निदेशक कश पटेल ने इस हमले को "निशाना बनाकर किया गया आतंकवादी हमला" बताया है। कोलोराडो के अटॉर्नी जनरल फिल वेसर ने भी इसे 'हेट क्राइम' यानी घृणा से प्रेरित अपराध माना है, क्योंकि हमला यहूदी समुदाय को ध्यान में रखकर किया गया।
कौन है मोहम्मद सबरी सोलिमान?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोलिमान मिस्र (इजिप्ट) का नागरिक है और अगस्त 2022 में बी1/बी2 विजा पर अमेरिका आया था। उसका वीजा फरवरी 2023 में खत्म हो गया था, लेकिन वह अमेरिका में अवैध रूप से रुका रहा। कुछ दस्तावेजों के अनुसार, उसने बाद में शरण (Asylum) की मांग भी की थी और मार्च 2023 में उसे वर्क परमिट मिला था, जो मार्च 2025 तक वैध था।
सोशल मीडिया पर पूर्व प्रोफाइल वायरल
हालांकि अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सोशल मीडिया पर कुछ स्क्रीनशॉट वायरल हो रहे हैं जिनमें दावा किया गया है कि सोलिमान एक हेल्थकेयर कंपनी 'वेरोस हेल्थ' में अकाउंटेंट था। उसके लिंक्डइन प्रोफाइल के स्क्रीनशॉट अब सोशल मीडिया पर घूम रहे हैं, लेकिन पुलिस ने इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।
वरिष्ठ नागरिक बने निशाना
हमले में घायल लोगों की उम्र 67 से 88 साल के बीच है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी "फ्री फिलिस्तीन", "जायोनिस्ट्स को खत्म करना होगा", और "तुमने कितने बच्चों को मारा है" जैसे नारे चिल्ला रहा था। हमले की वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही हैं।
जांच जारी, आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की तैयारी
FBI और स्थानीय पुलिस इस हमले की गहन जांच कर रही हैं। अभी तक सोलिमान पर औपचारिक रूप से कोई आरोप तय नहीं हुए हैं, लेकिन अधिकारियों ने कहा है कि उसे पूरी तरह से जिम्मेदार ठहराया जाएगा। साथ ही इस हमले के पीछे की मंशा, पृष्ठभूमि और कानूनी स्थिति की भी पड़ताल की जा रही है।
ये भी पढ़ें: US Visa: अमेरिका जाने वालों के लिए बड़ा झटका, नई वीजा इंटरव्यू प्रक्रिया पर रोक, जानिए किन लोगों पर होगा असर?












Click it and Unblock the Notifications