Where Is Imran Khan: इमरान खान की जेल में कैसी है हालत? हमारा तो ठंड में गीजर भी हटवा दिया था- ख्वाजा आसिफ
Where Is Imran Khan: जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, रावलपिंडी की अदियाला जेल प्रशासन ने उन अफवाहों को खारिज कर दिया है जिनमें दावा किया जा रहा था कि पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के संस्थापक इमरान खान को जेल से बाहर कहीं ले जाया गया है। अधिकारियों ने साफ कहा कि इमरान अभी भी जेल के अंदर हैं और पूरी तरह स्वस्थ हैं।
रावलपिंडी जेल प्रशासन ने कहा, "अदियाला जेल से उनके स्थानांतरण की खबरों में कोई सच्चाई नहीं है। वह ठीक हैं और उन्हें पूरा मेडिकल ध्यान मिल रहा है।" अधिकारियों ने उनकी सेहत को लेकर जारी अटकलों को "बेबुनियाद" बताया।
"इमरान को मिल रहीं फाइव स्टार सुविधाएं"
एक अलग बयान में, रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने दावा किया कि इमरान खान जेल में लग्जरी जैसी सुविधाएं ले रहे हैं। उन्होंने कहा, "उनके लिए आने वाला खाना फाइव स्टार होटल जैसी हैं।"

आसिफ ने कहा कि इमरान के पास टीवी है, वह कोई भी चैनल देख सकते हैं, और उनके पास एक्सरसाइज़ मशीनें भी हैं। उन्होंने अपनी जेल की कठिनाई याद कर कहा, "हम ठंडी फर्श पर सोते थे, जेल का खाना खाते थे। जनवरी में बिना गर्म पानी के सिर्फ दो कंबल थे। तत्कालीन सुपरिंटेंडेंट असद वारैच ने मेरा गीजर भी हटवा दिया था।"
"डबल बेड और मखमली गद्दा"-आसिफ के और भी आरोप
आसिफ ने आगे दावा किया कि इमरान खान को जेल में "डबल बेड और मखमली गद्दा" दिया गया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि "उन्हें अपनी वॉशिंगटन एरिना वाली स्पीच जेल के लाउडस्पीकर पर चलानी चाहिए।" रक्षा मंत्री ने कहा, "खुदा से डरो-समय किसी का नहीं होता।"
नवाज शरीफ़ ने इमरान समर्थकों को बताया अपराधी
उधर, पीएमएल-एन (पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज) के प्रमुख और पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने कहा कि सिर्फ इमरान खान नहीं, बल्कि "उन्हें सत्ता में लाने वाले" लोग भी जवाबदेह हों। डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, नवाज शरीफ ने नव-निर्वाचित सांसदों को संबोधित करते हुए कहा, "इमरान अकेले अपराधी नहीं थे। उन्हें सत्ता में लाने वाले उससे बड़े अपराधी हैं और उन्हें भी जवाबदेह ठहराना चाहिए।"
PTI की बड़ी जीत को बताया फर्जी
नवाज ने याद दिलाया कि 2018 के आम चुनावों में PTI सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी, 270 सीटों में से 115 सीटें जीतकर। संसद सत्र के दौरान, पीएमएल-एन नेता शहबाज शरीफ ने 25 जुलाई 2018 के चुनावों में धांधली के आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था कि 1.6 मिलियन वोट रद्द किए गए और नालियों-सड़कों से मतपत्र मिले थे। लिहाजा उन्होंने इमरान खान की जीत को फर्जी बताया।
नवाज का आरोप-"PTI ने सिर्फ अराजकता और झगड़े फैलाए"
नवाज ने कहा, "PTI दूसरों को लुटेरा और डाकू कहती थी, जबकि वे खुद बड़े लुटेरे थे।"
उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने देश में सिर्फ अराजकता, झगड़े और बदनाम करने की राजनीति फैलाई। नवाज शरीफ ने सवाल किया कि ऐसे नेताओं के साथ कोई देश कैसे प्रगति कर सकता है?
गिरती इकॉनोमी-नवाज की पीड़ा
नवाज ने कहा कि 2018 से पहले पाकिस्तान कम महंगाई और उच्च विकास दर के साथ आगे बढ़ रहा था। उन्होंने 1999 के समय को याद करते हुए कहा कि जिस वक्त परवेज मुशर्रफ ने मार्शल लॉ लगाया था, तब सऊदी रियाल 11 रुपये का था, लेकिन आज लगभग 78 रुपये है।
IMF पर निर्भर है पाकिस्तान- नवाज
नवाज ने कहा कि पाकिस्तान IMF पर इतना निर्भर हो चुका है कि वह स्वतंत्र होकर कोई निर्णय नहीं ले सकता। उन्होंने कहा, "अगर हमारी विकास दर वही रहती, तो शायद आज IMF का डर ही नहीं होता। अब हमारा हर फैसला विदेशियों के हाथ में है।"
इस खबर पर आपकी क्या राय है, हमें कमेंट में बताएं।












Click it and Unblock the Notifications