RNC 2024: रिपब्लिकन नेशनल कन्वेंशन क्या है, जिसमें आज डोनाल्ड ट्रंप को बनाया जाएगा राष्ट्रपति उम्मीदवार?
Republican National Convention 2024: जानलेवा हमले में बाल बाल बचने के बाद अब डोनाल्ड ट्रंप मिल्वौकी में सोमवार से शुरू होने वाले चार दिवसीय रिपब्लिकन नेशनल कन्वेंशन के दौरान राष्ट्रपति पद के लिए अपनी पार्टी का आधिकारिक तौर पर 2024 नामांकन प्राप्त करेंगे।
रिपब्लिकन नेशनल कन्वेंशन में आधिकारिक तौर पर डोनाल्ड ट्रंप को रिपब्लिकन पार्टी की तरफ से राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित किया जाएगा।

रिपब्लिकन नेशनल कन्वेंशन की बैठक शुरू होने से ठीक पहले डोनाल्ड ट्रंप की हत्या की कोशिश की गई थी और शूटर ने रैली के दौरान उनपर गोली चला दी। ये गोली डोनाल्ड ट्रंप के कानों को घायल करते हुए निकली और महज एक इंच के फासले से डोनाल्ड ट्रंप की जान बच गई। FBI ने संदिग्ध के रूप में 20 साल के थॉमस मैथ्यू क्रुक्स की पहचान की, जिसे ट्रंप पर गोली चलाने के फौरन बाद ही सीक्रेट सर्विस ने मार गिराया। हालांकि, अभी तक ट्रंप पर हमले के पीछे आरोपी का मकसद क्या था, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है।
हत्या के कोशिश ने डोनाल्ड ट्रम्प के समर्थकों को क्रोधित कर दिया है और ऐसा लग रहा है, रिपब्लिकन नेशनल कन्वेंशन के साथ साथ अमेरिका में आगे होने वाले तमाम राजनीतिक कार्यक्रमों पर इसका असर पड़ेगा।
रिपब्लिकन नेशनल कन्वेंशन में क्या होगा?
रिपब्लिकन नेशनल कन्वेंशन के दौरान रिपब्लिकन पार्टी के तमाम नेता जुटेंगे, जहां आधिकारिक तौर पर डोनाल्ड ट्रंप की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी का ऐलान किया जाएगा। इसके साथ ही, रिपब्लिकन पार्टी के नये नेताओं के नामों की घोषणा की जाएगी और बहुत उम्मीद है, कि इस कार्यक्रम के दौरान डोनाल्ड ट्रंप अपने रनिंग मेट, यानि उप-राष्ट्रपति के नाम की भी घोषणा कर सकते हैं।
इसके अलावा, कार्यक्रम में डोनाल्ड ट्रंप का भाषण होगा, जिससे रिपब्लिकन पार्टी की चुनावी रणनीति के अनुसार डिजाइन किए जाने की संभावना है और बहुत संभावना इस बात को लेकर है, कि डोनाल्ड ट्रंप अपने रनिंग मेट के साथ टेलीविजन पर भाषण देंगे।
माना जा रहा है, कि डोनाल्ड ट्रंप का भाषण गर्भपात, आव्रजन और अर्थव्यवस्था जैसे विषयों पर पार्टी के रुख पर आधारित होगा। इसके अलावा, बहुत उम्मीद इस बात को लेकर है, कि डोनाल्ड ट्रंप अपने ऊपर हुए जानलेवा हमले को लेकर भी बात करेंगे। एक्सपर्ट्स का मानना है, कि ट्रंप लोगों की सहानुभूति बटोरने के लिए अब बार बार अपने ऊपर हुए हमले का जिक्र करेंगे।
Happening Now—President Trump has landed in the Great State of Wisconsin for the 2024 Republican National Convention… pic.twitter.com/MrdMCD7ogK
— Dan Scavino Jr.🇺🇸🦅 (@DanScavino) July 14, 2024
रिपब्लिकन नेशनल कन्वेंशन कैसे काम करता है?
चार दिनों का ये कार्यक्रम 15 से 18 जुलाई को फिसर्व फोरम एरिना में आयोजित किया जाएगा, जो एनबीए मिल्वौकी बक्स बास्केटबॉल टीम का होम ग्राउंड है। दुनिया भर के सैकड़ों पत्रकारों सहित 50,000 से ज्यादा लोगों के इसमें भाग लेने की उम्मीद है।
सभी 50 राज्यों और छह अमेरिकी क्षेत्रों के पार्टी प्रतिनिधि सम्मेलन में आधिकारिक तौर पर राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति के लिए उम्मीदवारों का चयन करेंगे।
डोनाल्ड ट्रम्प ने इस साल की शुरुआत में राज्य-दर-राज्य रिपब्लिकन नॉमिनेशन प्रोसेस के दौरान ज्यादातर प्रतिनिध वोट सुरक्षित कर लिए हैं, इसलिए इस कार्यक्रम में उनका चयन सुनिश्चित है और इसे सिर्फ औपचारिकता माना जा रहा है। ट्रम्प इस कार्यक्रम के पहले दिन, यानि सोमवार को ही अपने रनिंग मेट की घोषणा कर सकते हैं, और जो उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार होंगे, वो बुधवार को सम्मेलन को संबोधित करेंगे। ट्रम्प गुरुवार को सम्मेलन की अंतिम रात को एक भाषण के साथ औपचारिक रूप से अपना नामांकन स्वीकार करेंगे।

मिल्वौकी को ही कार्यक्रम के लिए क्यों चुना गया?
मिल्वौकी, विस्कॉन्सिन का सबसे बड़ा शहर है, और यह अमेरिका के स्विंग स्टेट में आता है। अमेरिका में करीब दर्जन भर राज्य हैं, जिन्हें स्विंग स्टेट कहा जाता है। स्विंग स्टेट इसलिए कहा जाता है, क्योंकि इन राज्यों में किसे वोट मिलेगा, इसके बारे में किसी को अंदाजा नहीं होता और इसलिए ये राज्य ही करीब करीब तय करते हैं, कि कौन राष्ट्रपति बनेगा।
इसीलिए विस्कॉन्सिन राज्य में जमा होने का रिपब्लिकन का फैसला कोई संयोग नहीं है। इस राज्य ने पिछले चार चुनावों में राष्ट्रीय स्तर पर जीतने वाले उम्मीदवार को चुना है। रिपब्लिकन पार्टी की कोशिश इस राज्य के मतदाताओं को अपनी तरफ मोड़ना है।
जो बाइडेन, जो एक डेमोक्रेट नेता हैं, उन्होंने साल 2020 में एक प्रतिशत से भी कम अंक से इस राज्य को जीता था, और जनमत सर्वेक्षणों से पता चलता है, कि इस साल फिर से दोनों उम्मीदवारों के बीच एक और करीबी मुकाबला हो सकता है। लेकिन विस्कॉन्सिन में अपने समर्थन को बढ़ाने की रिपब्लिकन पार्टी की कोशिश को उस वक्त झटका लगा, जब ट्रम्प ने कथित तौर पर पिछले महीने रिपब्लिकन सांसदों के साथ एक बैठक में मिल्वौकी को "भयानक शहर" कह डाला था।
डोनाल्ड ट्रंप के चुनावी कैम्पेन के प्रवक्ता स्टीवन चेउंग ने कहा, कि डोनाल्ड ट्रम्प, शहर में अपराध और मतदाता धोखाधड़ी की समस्याओं का उल्लेख कर रहे थे, हालांकि मिल्वौकी में हिंसक अपराध में कमी आई है, जो प्रमुख अमेरिकी शहरों में एक प्रवृत्ति को दर्शाता है, और 2020 या 2022 के चुनावों में व्यापक धोखाधड़ी का कोई सबूत नहीं मिला है।
रिपब्लिकन नेशनल कन्वेंशन कितना महत्वपूर्ण है?
सम्मेलन के लाल, सफेद और नीले रंग के गुब्बारों और दिखावटीपन से उलझने की जरूरत नहीं है। यह आयोजन पार्टी के लिए बहुत सारा मुफ़्त प्रचार पाने और देश भर में समर्थकों को एक ऐसे चुनाव के लिए एकजुट करने का अवसर होता है, जो मतदान पर असर डाल सकता है। इससे रिपब्लिकन पार्टी अपने तमाम कार्यकर्ताओं को एकजुट करना चाहेगी।
ये सम्मेलन ऐतिहासिक रूप से प्रमुख हस्तियों और पार्टी के उभरते हुए सांसदों के लिए मुख्य मंच पर संभावित रूप से यादगार भाषण देने के लिए मूल्यवान एयर-टाइम पाने का समय रहा है।
सोमवार को इस बात पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा, कि डोनाल्ड ट्रम्प किस प्रकार बाइडेन के आर्थिक एजेंडे को काउंटर करेंगे। वहीं, मंगलवार को अपराध को लक्षित करने और कानून प्रवर्तन का समर्थन करने के लिए ट्रम्प की नीतियों की रूपरेखा तैयार की जाएगी। बुधवार को मैक्सिको के साथ दक्षिणी सीमा पर आव्रजन को रोकने और विदेश नीति में सुधार करने की योजनाओं पर चर्चा की जाएगी, और गुरुवार को देश को मजबूत करने के लिए ट्रम्प की समग्र रणनीति पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
डेमोक्रेटिक पार्टी का अधिवेशन कब होगा?
डेमोक्रेट्स 19 से 22 अगस्त के बीच शिकागो में अपना राष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित करने की तारीख तय की है। 27 जून सीएनएन की बहस में ट्रम्प के खिलाफ बाइडेन का प्रदर्शन बेहद खराब रहा था, जिससे सवाल उठने लगे, कि क्या मौजूदा उम्मीदवार पार्टी के उम्मीदवार होंगे या उनकी जगह कोई और उम्मीदवार होगा?
बाइडेन की उम्र को लेकर पार्टी में भारी मतभेद उठ खड़े हुए हैं, इसलिए यह देखना अभी बाकी है, कि क्या सम्मेलन नए उम्मीदवार के चयन में कोई भूमिका निभाएगा या फिर बाइडेन, जिन्होंने रेस में बने रहने की कसम खाई है, उन्हें ही शिकागो में आधिकारिक तौर पर उम्मीदवार बनाया जाएगा?












Click it and Unblock the Notifications