Rishi Sunak Wealth: विरोधियों को अपने दांव से चित करने वाले भारतवंशी ऋषि सुनक की संपत्ति कितनी है?
Rishu Sunak ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बन गए हैं। किंग चार्ल्स ने मंगलवार को उन्हें ब्रिटेन का नया प्रधानमंत्री नियुक्त किया। इसी के साथ ही ब्रिटेन के लोकतंत्र के इतिहास में पहली बार एक भारतवंशी ब्रिटिश प्राइम मिनिस्टर की कुर्सी पर बैठ रहा है। दो महीने पहले ही ऋषि सुनक लिज ट्रस के सामने पीएम की रेस के चुनाव में मात खा गए थे लेकिन इस बार उन्हें चुनौती देने वाला कोई नहीं था। ऋषि सुनक का भारत से सिंगल या डबल नहीं बल्कि ट्रिपल कनेक्शन हैं।

भारतीय नागरिक ब्रिटेन की नंबर-2
ऋषि सुनक के माता और पिता दोनों भारतीय मूल के थे। इसके साथ ही उनकी पत्नी भी भारतीय हैं। ऋषि सुनक भारतीय उद्योगपति और भारत में सॉफ्टवेयर क्रांति का सशक्त नाम नारायण मूर्ति के दामाद हैं। ऋषि सुनक नारायण मूर्ति की बेटी अक्षता के पति हैं। इससे भी खास बात ये है कि अक्षता अभी भी भारतीय नागरिक हैं। ऋषि सुनक से शादी करने के बाद भी अक्षता ने अपनी भारतीय नागरिकता छोड़ी नहीं है। इसका मतलब ये हुआ कि ब्रिटेन में प्रधानमंत्री जहां भारतवंशी बन चुका है वहीं नंबर-2 का स्थान रखने वाली उनकी पत्नी एक भारतीय हैं।

बेहद सादगी से हुई थी दोनों की शादी
ऋषि सुनक और अक्षता एक दूसरे से कैलिफोर्निया में मिले थे। अक्षता और ऋषि उस समय पढ़ रहे थे। दोस्ती प्यार में बदली और 4 साल तक एक दूसरे के साथ प्यार में रहने के बाद दोनों ने शादी करने का फैसला किया। साल था 2009 और जगह थी भारत का हब कहा जाने वाला भारत का बेंगलुरु शहर, जहां दोनों एक दूसरे के साथ शादी के बंधन में बंध गए। खास बात ये है कि भारत के सबसे अमीर लोगों में शामिल शख्स की बेटी की शादी बेहद सादगी से हुई थी। न महंगे ड्रेस डिजायनर, न बहुत शोर शराबा, बल्कि एक सादगी भरे दक्षिण भारतीय विवाह समारोह में दोनों ने एक दूसरे को अपना लिया। शादी में शामिल होने वालों में विप्रो के प्रमुख अजीम प्रेमजी भी थे तो अनिल कुंबले और राहुल द्रविड़ भी पहुंचे थे।

बेहद अमीर भी हैं ऋषि सुनक
ब्रिटेन का प्रधानमंत्री बनने के साथ ही ऋषि सुनक के बारे में इंटरनेट पर जो सबसे ज्यादा खोजा जा रहा है उनमें उनकी संपत्ति भी शामिल है। ऋषि सुनक ने प्रधानमंत्री की रेस जीतकर ब्रिटेन के सबसे शक्तिशाली इंसान बनने ही जा रहे हैं। साथ ही वह अमीरी के मामले में भी बहुत आगे हैं। ऋषि सुनक के पास इतनी संपत्ति है कि कभी उनकी अमीरी को ही पीएम बनने की राह में रोड़ा माना जा रहा था। हालांकि उस बाधा को पारकर प्रधानमंत्री की कुर्सी पर बैठ चुके हैं।

ब्रिटेन के सबसे अमीर लोगों में शामिल
ब्रिटेन के होने वाले प्रधानमंत्री ऋषि सुनक देश के सबसे अमीर लोगों में शामिल है। यह तब है जब ब्रिटेन भयंकर आर्थिक संकट का सामना कर रहा है। ब्रिटिश मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ऋषि सुनक ब्रिटेन के 22वें सबसे अमीर शख्स हैं। गॉर्डियन ने उन्हें ऐसा पहला राजनेता बताया है जो ब्रिटेन के सबसे धनी लोगों की लिस्ट में शामिल है।
संडे टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक पत्नी अक्षता की संपत्ति को जोड़कर साथ ऋषि सुनक की संपत्ति 730 मिलियन पाउंड है। भारतीय मुद्रा में बात करें तो यह राशि छह हजार चार सौ अड़तालीस करोड़ रुपये है। अब आप अंदाजा लगा सकते हैं कि ऐसे ही नहीं सुनक ब्रिटेन के सबसे अमीर लोगों की लिस्ट में शामिल हैं।

क्वीन एलिजाबेथ से भी अमीर रही हैं अक्षता
इसी साल आई एक रिपोर्ट में ऋषि सुनक की भारतीय पत्नी अक्षता मूर्ति को ब्रिटेन की पूर्व महारानी एलिजाबेथ से भी अमीर बताया गया था। संडे टाइम्स की 2021 की अमीरों की लिस्ट के मुताबिक अक्षता के पास 350 मिलियन पाउंड की संपत्ति है।
ब्लूमबर्ग की अरबपतियों की सूची के मुताबिक 42 वर्षीय भारतीय नागरिक अक्षता के पास उनके पिता की कंपनी इन्फोसिस में हिस्सेदारी है जिसके चलते वह विशाल संपत्ति की मालकिन हैं। अक्षता मूर्ति ने साल 2022 में इन्फोसिस में लाभ की हिस्सेदारी से 126 करोड़ रुपये कमाए हैं।

अक्षता के पास 5965 करोड़ की होल्डिंग
स्टॉक एक्सचेंजों के साथ कंपनी की फाइलिंग के मुताबिक, इंफोसिस के सह-संस्थापक नारायण मूर्ति की बेटी के पास सितंबर के अंत में इंफोसिस के 3.89 करोड़ शेयर यानि 0.93 फीसदी हिस्सेदारी थी।
बीएसई पर मंगलवार के ट्रेडिंग मूल्य 1,527.40 रुपये पर उनकी होल्डिंग 5,956 करोड़ रुपये (करीब 721 मिलियन डॉलर) है। अपनी संपत्ति के चलते ऋषि सुनक और अक्षता हमेशा विरोधियों के निशाने पर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications