रूस में बहुत बड़ा विद्रोह, राजधानी मॉस्को की सड़कों पर उतारे गये टैंक, पुतिन के दोस्त ने की बगावत
Mercenary Fighters Turn On Russia: रूस में बहुत बड़े विद्रोह की खबर आ रही है, जिसके बाद राजधानी मॉस्को की सड़कों पर टैंक्स उतार दिए गये हैं। मॉस्को से कुछ वीडियो सामने आए हैं, जिसमें खाली सड़कों पर टैंकों को चलते देखा जा रहा है। बताया जा रहा है, कि क्रेमलिन की सुरक्षा के लिए टैंकों को राजधानी में उतार दिया गया है।
रूस ने शक्तिशाली 'भाड़े के समूह' वैगनर के प्रमुख पर सशस्त्र विद्रोह का आरोप लगाया है और उसकी गिरफ्तारी का आदेश दिया है। वैगनर ग्रुप, जो भाड़े के सैनिक होते हैं, वो पिछले एक साल से ज्यादा समय से यूक्रेन में लड़ रहे थे, लेकिन अब उन्होंने रूस के खिलाफ ही विद्रोह कर दिया है। लिहाजा, अब दो दोस्तों के बीच यूक्रेन की लड़ाई, दुश्मनी में बदल गई है।

मॉस्को की सड़कों पर उतारे गये टैंक
वैगनर ग्रुप के प्रमुख येवगेनी प्रिगोज़िन ने कहा है, कि उसके सैनिक यूक्रेन के साथ मिल गये हैं और रूस की सीमा में कई जगहों पर घुस गये हैं, जिसके बाद रूस ने अपने देश में कई महत्वरूर्ण जगहों पर सुरक्षा काफी कड़ी कर दी है राजधानी मॉस्को को सुरक्षित रखने के लिए सड़क पर दर्जनों टैंकों और बख्तरबंद गाड़ियों को उतार दिया गया है।
वैगनर समूह के प्रमुख येवगेनी प्रिगोज़िन ने मॉस्को नेतृत्व को उखाड़ फेंकने की कसम खाई है, जिसके बाद रूसी अधिकारियों ने कई क्षेत्रों में सुरक्षा कड़ी कर दी है। मॉस्को के दक्षिण में लिपेत्स्क क्षेत्र के गवर्नर इगोर आर्टामोनोव ने कहा, कि "क्षेत्र में सुरक्षा उपायों को मजबूत करने के लिए एक फैसला लिया गया है।" उन्होंने कहा, कि "मैं सभी से शांत रहने के लिए कह रहा हूं।" लिपेत्स्क का क्षेत्र मॉस्को से लगभग 400 किलोमीटर दक्षिण में है।
वहीं, रोस्तोव के दक्षिणी क्षेत्र में, अधिकारियों ने निवासियों से घर पर रहने के लिए कहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, लोगों के घरों से बाहर निकलने पर रोक लगा दी गई है और भारी संख्या में सैनिकों को भेजा जा रहा है।
वैगनर समूह के प्रमुख येवगेनी प्रिगोज़िन ने आज मॉस्को में रूस के सैन्य नेतृत्व को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने की कसम खाई और कहा, कि उनकी सेनाएं अपने रास्ते में आने वाली हर चीज को नष्ट कर देंगी।
येवगेनी प्रिगोज़िन ने दावा किया है, कि यूक्रेन और रूस की सीमा पर रूसी सैनिकों को वैगनर के लड़ाकों को रोकने का आदेश दिया गया था, लेकिन रूसी सैनिकों ने आदेश मानने से इनकार कर दिया और वैगनर के लड़ाके काफी आसानी से राजधानी मॉस्को तक पहुंच गये हैं। येवगेनी प्रिगोज़िन ने दावा किया है, कि उसके सैनिक यूक्रेनी सीमा के पास लगती रूस के दक्षिण-पश्चिमी शहर रोस्तोव से प्रवेश कर रहे हैं। उन्होंने रूसी नेतृत्व को चेतावनी देते हुए कहा है, कि उनके रास्ते में जो भी आएगा, उसे वो तबाह कर देंगे।
सोशल मीडिया पर दर्जनों वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें दावा किया जा रहा है, कि राजधानी मॉस्को की सड़कों पर वैगनर ग्रुप के टैंक्स हैं, हालांकि हम इन वीडियोज की पुष्टि नहीं करते हैं।
विद्रोह की नौबत क्यों आई है?
वैगनर ग्रुप, जो भाड़े पर लड़ने वाले सैनिक होते हैं, उनके साथ रूसी नेताओं की अनबन इस साल की शुरूआत के बाद से ही शुरू हो गई थी, हालांकि फिर भी वो साथ मिलकर लड़ते रहे। लेकिन, धीरे धीरे ये विवाद बढ़ता चला गया।
वैगनर ग्रुप ने पिछले दिनों रूस के रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु को तत्काल बर्खास्त करने के लिए कहा था, जिसे रूसी नेतृत्व ने ना सिर्फ खारिज कर दिया, बल्कि येवगेनी प्रिगोज़िन के खिलाफ आपराधिक मामला चलाने की बात कही।
शुक्रवार को येवगेनी प्रिगोज़िन ने शोइगु पर यूक्रेन में वैगनर के फील्ड कैंपों पर रॉकेट हमले का आदेश देने का आरोप लगाया, जहां उसके सैनिक रूस की तरफ से लड़ रहे हैं। टेलीग्राम पर पोस्ट किए गए एक ऑडियो में, प्रिगोझिन ने रॉकेट विस्फोटों और वैगनर बलों पर हुए नुकसान के खिलाफ आवाज उठाने की बात कही।
उन्होंने कहा, कि "बड़ी संख्या में हमारे लड़ाके, हमारे लड़ाकू साथी मारे गए हैं।" उन्होंने ऑडियो क्लिप में कहा, कि "देश का सैन्य नेतृत्व, जिस बुराई को सहन कर रहा है उसे रोका जाना चाहिए। वे सैनिकों के जीवन की उपेक्षा करते हैं। वे न्याय शब्द भूल जाते हैं।"
येवगेनी प्रिगोज़िन ने अनुमान लगाया, कि विस्फोटों में उनके 2,000 से ज्यादा लड़ाके मारे गए हैं, हालांकि उन्होंने सैनिकों के मरने को लेकर कोई सबूत नहीं दिए। लेकिन, उन्होंने अपने संदेश में रूसी सरकार के खिलाफ विद्रोह का आह्नान किया।
येवगेनी प्रिगोज़िन ने कहा, कि "हममें से 25,000 लोग हैं, और हम यह पता लगाने जा रहे हैं, कि देश में यह अराजकता क्यों हो रही है।" उन्होंने संकेत दिया कि उनके पास रिजर्व में और ज्यादा फोर्स हैं और उन्हें रूसी सैन्य सदस्यों का समर्थन है। इसके साथ ही उन्होंने अपनी सेना शामिल होने के लिए हर किसी का स्वागत करने की बात कही है और कहा है, कि अब हमें इस अपमान को ख़त्म करना होगा।
येवगेनी प्रिगोज़िन ने मॉस्को में घुसने को 'तख्तापलट' कहने से इनकार कर दिया और कहा, कि ये इंसाफ के लिए मार्च है। लिहाजा, अब आशंका जताई जा रही है, कि रूस की सड़कों पर खूनी जंग शुरू हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications