फ्रांस में लगातार पांचवी रात भी हिंसा, अबतक 2,800 गिरफ्तार, मैक्रों बोले- मौत का फायदा मत उठाओ
फ्रांस में 17 साल के लड़के नाहेल की हत्या के बाद पांचवी रात भी हिंसा जारी है। हालांकि पुलिस की भारी उपस्थिति ने विरोध प्रदर्शनों को हल्का कमजोर किया है। आंतरिक मंत्री जेराल्ड डर्मैनिन ने ट्वीट किया कि रात भर में अब तक 427 गिरफ्तारियां हुई हैं।
किशोर की मौत के बाद से कुल मिलाकर 2,800 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने पुलिसकर्मियों की प्रशंसा की जिनकी वजह से देश में बाकी दिनों की अपेक्षा प्रदर्शन में कुछ शांति कायम हुई है।

हिंसा की लपट मार्सिल शहर में सबसे तेज है। यहां शनिवार की रात कम से कम 56 लोगों को गिरफ्तार किया गया। बीती रात यहां 87 लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
इस बीच राष्ट्रपति राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने अपना जर्मनी दौरा टाल दिया है। उन्होंने जर्मनी के राष्ट्रपति फ्रैंक वाल्टर स्टीनमीयर से बात की, इसके बाद अपना दौरा टालने का ऐलान किया। वे रविवार से तीन दिन के लिए जर्मनी के दौरे पर जाने वाले थे।
वहीं, नंतेरे शहर में पुलिस अधिकारी की गोली से मारे गए 17 वर्षीय किशोर नाहेल का शनिवार को अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए और नम आंखों से नाहेल को विदाई दी गई। इस दौरान लोगों ने 'जस्टिस फॉर नाहेल' प्रिंटेड शर्ट पहनी थी।
गृह मंत्रालय ने शनिवार सुबह यानि कि हिंसा शुरू होने के चौथे दिन फ्रांस में 1,311 गिरफ्तारियों की घोषणा की। रिपोर्ट के मुताबिक फ्रांस में शनिवार तक 500 इमारतों को निशाना बनाया गया, 2,000 वाहनों को जला दिया गया और 2,500 से ज्यादा दुकानों में तोड़फोड़ की गई।
इस दौरान 200 से अधिक पुलिसकर्मी घायल भी हुए। स्थिति नियंत्रण के लिए 45 हजार पुलिसकर्मियों के साथ बख्तरबंद गाड़ियों को सड़कों पर तैनात कर दिया गया है। इस बीच, देश भर में सभी सार्वजनिक बसों और ट्रामों को रात के समय बंद करने का आदेश दिया गया है।
आपको बता दें, कि 27 जून को फ्रांसीसी पुलिस ने सुबह 9 बजे ट्रैफिक जांच के दौरान कार से जा रहे 17 साल के नाहेल एम नाम के लड़के को गोली मार दी थी। इस हादसे को लेकर पुलिस ने दावा किया कि कार के टायर पर फायर करने के दौरान चालक को गोली लगी।
हालांकि बाद में वायरल हुए वीडियो में दिखा कि ट्रैफिक पुलिस उस लड़के को रोकने की कोशिश करते हैं, लेकिन वो भागने की कोशिश करता है, जिसके बाद ट्रैफिक पुलिस गोली चला दे देती है। गोली लगने के बाद भी उसने भागने की कोशिश की और करीब 200 मीटर दूर जाकर कार एक दीवार से टकराकर क्रैश हो गई।
38 साल के पुलिस अफसर को सस्पेंड करने के बाद हिरासत में ले लिया गया है। अफसर पर हत्या का आरोप लगाया गया है। अधिकारी ने पीड़ित के परिवार से माफी मांगी है। आरोपी के वकील ने कहा है कि इस घटना से उनके मुवक्किल तबाह हो गए हैं।
नाहेल की मौत ने फ्रांसीसी पुलिसिंग की स्थिति पर फिर से बहस छेड़ दी है, जिसमें 2017 का विवादास्पद आग्नेयास्त्र कानून भी शामिल है, जो अधिकारियों को तब गोली मारने की अनुमति देता है जब कोई ड्राइवर रुकने के आदेश की अनदेखी करता है। इस बीच इमैनुएल मैक्रॉन ने प्रदर्शनकारियों पर नाहेल की मौत का फायदा उठाने का आरोप लगाया है।












Click it and Unblock the Notifications