Video: डोनाल्ड ट्रंप ने फ्रेंच फर्स्ट लेडी के फिगर पर किया कमेंट, कहा इस उम्र में भी अच्छी शेप में
पेरिस। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस समय फ्रांस की राजधानी पेरिस में हैं और राष्ट्रपति बनने के बाद यह उनका पहला फ्रांस दौरा है। इस दौरान उन्होंने कुछ ऐसा कर दिया है जिसके बाद उनकी आलोचना शुरू हो गई है। राष्ट्रपति ट्रंप ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैकरॉन की पत्नी और फ्रांस की फर्स्ट लेडी ब्रिगेट मैकरॉन पर ऐसी टिप्पणी की है जिसके बाद वह फिर से आलोचकों के निशाने पर आ गए हैं।

महिलाओं पर टिप्पणी को लेकर विवादों में
ट्रंप ने ब्रिगेट की खूबसूरती की तारीफ की ओर कहा कि वह आज भी काफी अच्छी शेप में हैं यानी उनका फिगर आज भी काफी अच्छा है। फ्रेंच राष्ट्रपति इमैनुएल ने अपने फेसबुक पेज पर जो वीडियो पोस्ट किया है उसमें इस बात की जानकारी मिलती है। ट्रंप हमेशा ही महिलाओं को लेकर अपनी टिप्पणियों की वजह से विवाद में रहे हैं। ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया इस समय फ्रांस के दौरे पर हैं। पेरिस में होटल दस इनवैलिड्स का ट्रंप ने दौरा किया और यहीं पर मैकरॉन की पत्नी पर यह टिप्पणी कीं। यहां पर नेपोलियन बोनापार्ट और दूसरे फ्रेंच वॉर हीरोज की कब्रें हैं। जिस समय ट्रंप यहां से विदा ले रहे थे उसी समय वह ब्रिगेट की तरफ पलटे और उन्होंने कहा, 'क्या आप जानती हैं आप आज भी काफी अच्छी शेप में हैं।' इसके बाद ट्रंप ने राष्ट्रपति मैकरॉन को देखा और अपनी टिप्पणी को फिर से दोहराया। इसके बाद ब्रिगेट की तरफ मुड़कर उन्हें खूबसूरत कहा।
सोशल मीडिया पर ट्रंप की आलोचना
सोशल मीडिया पर ट्रंप की इस टिप्पणी को बचकाना करार दिया जा रहा है। डोनाल्ड ट्रंप और फ्रांस की फर्स्ट लेडी का हैंडशेक भी चर्चा का विषय बना हुआ है। आपको बता दें कि 39 वर्ष के इमैनुएल मैकरॉन फ्रांस के सबसे कम उम्र के राष्ट्रपति हैं। राष्ट्रपति बनते ही सबकी नजरें उनकी 64 वर्षीय पत्नी ब्रिगेट पर भी गईं। मैकरॉन की पत्नी उनसे उम्र में 24 वर्ष बड़ी हैं और उनकी स्कूल टीचर रहीं हैं। राष्ट्रपति मैकरॉन सिर्फ 16 वर्ष के थे जब उन्हें अपनी टीचर से प्यार हुआ। ब्रिगेट एक ड्रामा टीचर थीं और एक स्कूल प्ले के दौरान ही मैकरॉन अपनी टीचर के लिए प्यार महसूस करने लगे थे। ब्रिगेट उस प्ले की डायरेक्टर थीं और उस समय वह उनसे 24 वर्ष बड़ी थीं और उनकी उम्र 40 वर्ष थी।












Click it and Unblock the Notifications