Justin Trudeau: कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो क्या आज इस्तीफा देंगे? पार्टी का अल्टीमेटम खत्म
Justin Trudeau: आज (28 अक्टूबर) कनाडा के जस्टिन ट्रूडो के लिए महत्वपूर्ण दिन है। आज ही के दिन उनकी अपनी पार्टी, लिबरल पार्टी ऑफ कनाडा के सांसदों ने अक्टूबर 2025 तक होने वाले चुनावों से दूर रहने के लिए उनके लिए समय सीमा तय की थी।
पिछले बुधवार (23 अक्टूबर) को लिबरल सांसदों के साथ बंद कमरे में हुई बैठक में उन्हें अपने नेतृत्व के लिए सबसे कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा, जब करीब 20 सांसदों ने एक आंतरिक दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए, जिसमें ट्रूडो से पद छोड़ने और चौथा कार्यकाल न मांगने का आह्वान किया गया।

तो क्या जस्टिन ट्रूडो आज इस्तीफा देंगे और अगर वो ऐसा करते हैं, तो फिर कनाडा की राजनीति में आगे क्या होगा?
जस्टिन ट्रूडो से इस्तीफा सौंपने की मांग
पिछले बुधवार (23 अक्टूबर) को जस्टिन ट्रूडो ने संसद भवन में पार्टी की कॉकस मीटिंग में अपने सांसदों से बंद कमरे में मुलाकात की थी। बैठक के बाद, कम से कम 24 सांसदों - जिनमें से कोई भी कैबिनेट सदस्य नहीं था - उन्होंने ट्रूडो को लिबरल नेता के रूप में पद छोड़ने के लिए कहा था और इस बाबत एक समझौते पर हस्ताक्षर किए गये।
सीबीसी न्यूज की एक रिपोर्ट में कहा गया है, कि एक सांसद ने बैठक के दौरान एक अलग दस्तावेज भी पढ़ा - जिसमें ट्रूडो के इस्तीफे के लिए एक तर्क दिया गया था। ट्रूडो के पद छोड़ने के अपने तर्क में, सांसद ने लिखा, कि अमेरिका में डेमोक्रेट्स को जो बाइडेन के रेस से हटने से फायदा हुआ है। इसी तरह, अगर ट्रूडो कनाडा के प्रधानमंत्री पद की दौड़ से पीछे हट जाते हैं, तो लिबरल्स को फायदा हो सकता है।
सांसदों की तरफ से हस्ताक्षर किए गये इस पत्र को कॉकस बैठक के दौरान पढ़ा गया, जिसमें ट्रूडो को आगामी चुनावों की दौड़ से अलग रहने के लिए कई तर्क प्रस्तुत किए गए।
असंतुष्ट सांसदों ने ट्रूडो को अपना भविष्य तय करने के लिए 28 अक्टूबर तक का समय दिया था।
कई समाचार रिपोर्टों के अनुसार, ट्रूडो के लिए यह बैठक लगातार असहज होती गई, जो एक समय पर अपने सांसदों को यह बताते हुए भावुक हो गए, कि उनके राजनीतिक करियर ने उनके तीन बच्चों पर कितना भावनात्मक असर डाला है, खासकर सार्वजनिक रूप से उनके विरोध के कारण।
कनाडाई मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बैठक के बाद, लिबरल सांसदों के सदस्यों ने एकजुट मोर्चा पेश करने का प्रयास किया। मार्क मिलर, जो कि आव्रजन मंत्री हैं और हाई स्कूल के समय से ट्रूडो के मित्र हैं, उन्होंने पार्टी बैठक के बाद कहा, कि उन्हें प्रधानमंत्री के पद छोड़ने की उम्मीद नहीं है। मिलर ने कहा, "यह कोई कोड रेड स्थिति नहीं है।"
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री "सच्चाई को संभाल सकते हैं।" उन्होंने ट्रूडो के बारे में बात करते हुए कहा, "वह अपने इरादों के बारे में बिल्कुल स्पष्ट हैं, और मुझे उम्मीद नहीं है कि वे बदलेंगे।"
उद्योग मंत्री फ्रांस्वा-फिलिप शैम्पेन ने कहा, "यह एक शानदार चर्चा थी, और इस तरह की चर्चा को देखकर कनाडाई गर्व महसूस करेंगे। अंत में जो बात वास्तव में मायने रखती है, वह यह है कि हम उस कॉकस मीटिंग से एकजुट, दृढ़ संकल्पित और कनाडाई लोगों के लिए काम करके बाहर आएं।"
जबकि, ओंटारियो के सांसद नाथनियल एर्स्किन-स्मिथ ने कहा, कि यह एक "स्वस्थ बातचीत" थी, लेकिन उन्होंने तर्क दिया कि ट्रूडो को असंतुष्ट सांसदों के संदेश को दिल से लेना चाहिए। कॉकस मीटिंग से बाहर निकलते समय उन्होंने पत्रकारों से कहा, "प्रधानमंत्री को अपने कॉकस सहयोगियों की निराशाओं - और कुछ मामलों में वास्तव में वैध निराशाओं - को सुनना चाहिए और इसे आगे बढ़ने वाले बदलावों में शामिल करना चाहिए।"
जस्टिन ट्रूडो को लेकर कनाडा में भारी निराशा
लिबरल पार्टी ऑफ कनाडा के सांसदों की असहमति इस बात का ताजा संकेत है, कि जस्टिन ट्रूडो के लिए सब कुछ ठीक नहीं है। प्रधानमंत्री के रूप में अपने नौवें वर्ष में, ट्रूडो की लोकप्रियता रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गई है, इस बात की आशंका है, कि इससे उनकी पार्टी को आगामी चुनावों में बुरी तरह से हार का सामना करना पड़ सकता है, कुछ लोगों ने तो यह भी भविष्यवाणी की है, कि लिबरल्स चुनावों में तीसरे स्थान पर आ सकते हैं।
इससे पहले, सितंबर में जगमीत सिंह के नेतृत्व वाली न्यू डेमोक्रेटिक पार्टी ने लिबरल्स के साथ अपने संबंध तोड़ लिए थे और कहा था कि वे सरकार को समर्थन देने के बारे में केस-दर-केस आधार पर फैसला करेंगे।
अक्टूबर के शुरुआती हफ्तों में, जब ट्रूडो फ्रांस और लाओस की विदेश यात्राओं की तैयारी कर रहे थे, तो उन्हें अपने ही सांसदों से ही विरोध का सामना करना पड़ा था। उन्हें अपने देश में असंतोष का सामना करने के कारण इस सप्ताह समोआ में राष्ट्रमंडल शिखर सम्मेलन में भाग लेने की अपनी योजना को रद्द करने के लिए भी मजबूर होना पड़ा है।
ट्रूडो अब कनाडाई राजनीति में एक पसंदीदा ताकत नहीं रह गए हैं। लिबरल्स को मॉन्ट्रियल और टोरंटो के दो जिलों में विशेष चुनावों में चौंकाने वाले उलटफेर का सामना करना पड़ा, जिन्हें पार्टी के लिए सुरक्षित सीटें माना जाता है। इसके अलावा, 15 अक्टूबर को जारी किए गए नैनोस रिसर्च पोल से पता चलता है, कि लिबरल्स को सिर्फ 23 प्रतिशत जनता का समर्थन प्राप्त है, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी, पियरे पोलिएवर के नेतृत्व वाले कंजर्वेटिव्स 39 प्रतिशत समर्थन के साथ आगे निकल चुके हैं।
जस्टिन ट्रूडो के भविष्य का क्या होगा?
हालांकि, जनता की निराशा के बाद भी कनाडाई प्रधानमंत्री ने कहा है, कि वे कहीं नहीं जा रहे हैं। बुधवार को बैठक से बाहर निकलते हुए उन्होंने कहा था, कि वे "इस पार्टी को अगले चुनाव में ले जाने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं"।
हालांकि, उन्होंने यह भी माना, कि कुछ बदलाव आवश्यक हैं। ट्रूडो ने कहा, "मेरा दृष्टिकोण यह है, कि हां, हमें आने वाले महीनों में कनाडाई लोगों के साथ जुड़ने के तरीके में महत्वपूर्ण बदलाव करने की आवश्यकता है। लेकिन यह चुनाव अभियान का एक अभिन्न अंग है।"
जब उनसे उनकी और उनकी पार्टी की गिरावट के बारे में पूछा गया, तो ट्रूडो ने कहा, कि उन्होंने 2015 में चुने गए अपने सहयोगियों को याद दिलाया, कि "उन्होंने हाउस ऑफ कॉमन्स में तीसरे स्थान पर रहने वाली पार्टी के लिए चुनाव लड़ने के लिए हस्ताक्षर किए थे ... और हमने कुछ बड़ा हासिल किया"।
इसके अलावा, लिबरल पार्टी के भीतर अपने नेता को हटाने के लिए कोई तंत्र नहीं है, सिवाय चुनावी हार, अक्षमता या मृत्यु के मामले में। इसका मतलब यह है, कि ट्रूडो तब भी पद पर बने रह सकते हैं, भले ही उन्हें अपनी पार्टी के सदस्यों का समर्थन न मिले।
और जबकि ऐसा लगता है कि वह पद नहीं छोड़ेंगे, अगर वह ऐसा करते हैं, तो ट्रूडो के पास दो विकल्प हैं। वह तब तक पद पर बने रह सकते हैं जब तक कि कोई नया नेता नहीं चुन लिया जाता, या तुरंत इस्तीफा दे सकते हैं। अगर वह बाद वाला विकल्प चुनते हैं, तो नेतृत्व में नये नेता की तलाश होने तक पार्टी का नेतृत्व करने के लिए एक अंतरिम नेता काम करेगा।












Click it and Unblock the Notifications