USAID: डोनाल्ड ट्रंप का बांग्लादेश की यूनुस सरकार को बड़ा झटका, अमेरिकी मदद पर लगा दी रोक
USAID: डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने बांग्लादेश को दिया जाने वाला अमेरिकी सहायता का रास्ता बंद कर दिया है। अमेरिकी अंतरराष्ट्रीय विकास एजेंसी (USAID) ने बांग्लादेश में चल रहे सभी प्रोजेक्ट्स और मदद को तत्काल प्रभाव से रोकने का आदेश दिया है। यह फैसला ट्रंप प्रशासन की 'अमेरिका फर्स्ट' नीति के तहत लिया गया है और इसे बांग्लादेश की यूनुस सरकार के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
USAID बांग्लादेश में स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि और आर्थिक सुधार जैसे कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर मदद करता रहा है। इस रोक के कारण कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स बाधित हो सकते हैं। यूएसएआईडी (USAID) ने अपने पत्र में सभी प्रकार के वर्क ऑर्डर, कॉन्ट्रैक्ट्स और खरीद प्रक्रिया को तुरंत निलंबित करने का निर्देश दिया है।

USAID का आधिकारिक बयान
यूएसएआईडी (USAID) ने जारी किए गए पत्र में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हालिया कार्यकारी आदेश का हवाला देते हुए कहा, "यह पत्र सभी यूएसएआईडी/बांग्लादेश कार्यान्वयन भागीदारों को निर्देश दे रहा है कि वे अपने अनुबंध, कार्य आदेश, अनुदान, सहकारी समझौते, या अन्य सहायता कार्यों को तुरंत बंद कर दें।"
'अमेरिका फर्स्ट' नीति का असर
डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने विदेशों में दी जाने वाली सभी प्रकार की सहायता पर सख्ती से रोक लगा दी है। केवल इजरायल और मिस्र जैसे कुछ खास देशों को इस रोक से छूट दी गई है। इसके अलावा यूक्रेन सहित कई अन्य देशों को दी जाने वाली मदद पर भी रोक लगाई गई है।
आपातकालीन सहायता को छूट
हालांकि, इस निर्णय के तहत आपातकालीन खाद्य सहायता और इजरायल व मिस्र को दी जाने वाली सैन्य मदद पर रोक नहीं लगाई गई है। प्रशासन ने यह स्पष्ट किया है कि जब तक किसी भी प्रकार की सहायता की समीक्षा और स्वीकृति नहीं हो जाती, तब तक नई फंडिंग या मदद का विस्तार नहीं किया जाएगा।
ट्रंप का कड़ा रुख
यह कदम अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की विदेश नीति का हिस्सा है, जिसमें 'अमेरिका फर्स्ट' के तहत विदेशी सहायता पर कठोर रवैया अपनाया गया है। इस निर्णय के कारण बांग्लादेश की यूनुस सरकार को अपने विकास कार्यों के लिए वैकल्पिक संसाधनों की तलाश करनी पड़ेगी।
इस फैसले के दूरगामी प्रभाव बांग्लादेश के विकास कार्यों पर पड़ सकते हैं। USAID द्वारा दी जाने वाली मदद की कमी से स्वास्थ्य, शिक्षा और आर्थिक सुधार जैसे क्षेत्रों में चल रहे प्रोजेक्ट्स पर गहरा असर पड़ेगा।
ये भी पढ़ें: Khaleda Zia News: बांग्लादेश की कोर्ट से 10 साल पुराने केस में खालिदा जिया बरी, जानें वजह?
एक्शन में ट्रंप सरकार
मालूम हो कि अमेरिका की सत्ता संभालने के बाद से ही राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक के बाद कई बड़े फैसले ले रहे हैं। इससे पहले ट्रंप प्रशासन ने कई देशों और अंतरराष्ट्रीय संस्थानों को दी जाने वाली आर्थिक मदद पर 90 दिनों के लिए रोक लगा दी है। इसी तरह यूक्रेन को दी जाने वाली मदद पर भी रोक लगाई है।












Click it and Unblock the Notifications