हमास की कमर तोड़ेगा अमेरिका, तुर्की और कतर से फंडिंग करने वाले 10 सदस्यों पर लगाया प्रतिबंध
अमेरिका ने हमास के 10 सदस्यों और वित्तीय नेटवर्क के एक समूह के खिलाफ प्रतिबंध लगा दिया है। बाइडेन सरकार ने फिलिस्तीनी आतंकवादी संगठन के गाजा, सूडान, तुर्की, अल्जीरिया और कतर में फैले फाइनेंशियल नेटवर्क के ग्रुप के खिलाफ बुधवार को ये पाबंदियां लगाईं।
अमेरिकी वित्त विभाग के विदेश संपत्ति नियंत्रण कार्यालय ने बुधवार को इन प्रतिबंधों की घोषणा की है। इसमें कहा गया है कि हमास के निवेश का मैनेजमेंट करने वाले सदस्यों पर प्रतिबंध लगाया गया है।

इसमें ईरान सरकार से करीबी संबंध रखने वाला कतर में स्थित वित्त पोषक, हमास का एक प्रमुख कमांडर और गाजा में स्थित वर्चुअल करेंसी एक्सचेंज शामिल हैं। इजरायल पर हमास के अचानक किए हमले में 1,400 से अधिक लोगों के मारे जाने या उन्हें बंधक बनाने के जवाब में यह कदम उठाया गया है।
अमेरिकी ट्रेजरी विभाग ने एक बयान में कहा, आतंकवाद से संबंधित कार्यकारी आदेश के तहत लगाए गए प्रतिबंधों में गाजा और सूडान, तुर्की, अल्जीरिया और कतर सहित अन्य जगहों पर स्थित 9 व्यक्तियों और 1 इकाई को निशाना बनाया गया।
वित्त मंत्री जेनेट येलेन ने कहा कि अमेरिका हमास की ओर से इजरायली बच्चों समेत नागरिकों के क्रूर नरसंहार के बाद उसके वित्त पोषकों और निवेशकों को निशाना बना रहा है। इसी कड़ी में यह तीव्र और निर्णायक कार्रवाई की गई है।
येलेन ने कहा, "हमास के आतंकवादियों को अत्याचारों को अंजाम देने और इजरायल के लोगों को आतंकित करने के लिए धन जुटाने और उपयोग करने की क्षमता से वंचित करने के लिए हम सभी आवश्यक कदम उठाना जारी रखेंगे।"
उन्होंने कहा, 'अमेरिकी वित्त मंत्रालय का आतंकवाद के वित्त पोषण को प्रभावी रूप से नष्ट करने का लंबा इतिहास रहा है। हम हमास के खिलाफ अपने साधनों का इस्तेमाल करने से गुरेज नहीं करेंगे।'
ट्रेजरी की कार्रवाई तब हुई जब अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने इजराइल का दौरा किया और हमास के 7 अक्टूबर के हमले के बाद इजराइली प्रधान मंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से मुलाकात की।
आपको बता दें कि इजराइल इजरायल लंबे समय से मुस्लिम देशों पर हमास को फंडिंग करने का आरोप लगाता रहा है। तेहरान तो स्वीकार कर चुका है कि वह हमास को नैतिक और वित्तीय मदद देता है।












Click it and Unblock the Notifications