US synagogue shooting: यहूदी धार्मिक स्थल पर फायरिंग, एक की मौत कई घायल
वाशिंगटन डीसी। अमेरिका के कैलिफोर्निया के पोवे शहर में यहूदियों के प्रार्थनास्थल पर गोलीबारी की खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार यहां एक आदमी ने लोगों पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसमे एक महिला की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए हैं। पुलिस ने बताया कि 19 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। यह गोलीबारी उस वक्त हुई जब यहूदी प्रार्थना स्थल पर लोग पासओवर त्योहार मना रहे थे। हालांकि पुलिस अभी तक यह साफ नहीं कर सकी है कि गोलीबारी के पीछे का मकसद क्या था। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि यह घटना नफरत से भरा अपराध लगता है।

सैन डियागो की पुलिस ने बताया कि इस घटना में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है, उससे गोलीबारी के बारे में पूछताछ की जा रही है। तमाम आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं, कई लोग इस हमले में घायल हुए हैं, हम हालात को अभी और समझने की कोशिश कर रहे हैं और तमाम जानकारियां जुटा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि यह गोलीबार सुबह तकरीबन 11.30 बजे हुई, जिस जगह पर यह गोलीबारी हुई है वह पोवे शहर में है, जोकि सैन डियागो से 25 मील दूर है।
पुलिस ने बताया कि कुल लोग घायल हुए हैं, लेकिन अभी उनके बार में अधिक जानकारी नहीं है। घायलों को पालोमर मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि लोगों की मेडिकल निजता का सम्मान करें और मुश्किल समय में घायलों के साथ सहानुभूति रखें। घटनास्थल से आप लोग दूर रहें , यह जांच अगले कुछ घंटो तक चलेगी। बता दें कि इससे पहले न्यूजीलैंड में मस्जिद के भीतर गोलीबारी में कई लोगों को मौत के घाट उतार दिया गया था। जबकि श्रीलंका में सिलसिलेवार बम धमाकों में सैकड़ों लोगों की मौत हो गई।












Click it and Unblock the Notifications