चीनी कंपनियों को US Stock Exchange से बाहर करेगा ये बिल, Trump ने किया साइन
वाशिंगटन। donald Trump against China: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऑफिस से जाने के पहले चीन के खिलाफ एक और सख्त कदम उठाया है। ट्रंप ने चीनी कंपनियों को निगरानी के दायरे में लाने वाले एक कानून पर हस्ताक्षर कर दिए। ये कानून उन चीनी कंपनियों को यूएस स्टॉक एक्सचेंज (US stock exchanges) से बाहर का रास्ता दिखा देगा जो अमेरिकी जांच मानकों को पूरा नहीं करती हैं।

द होल्डिंग फॉरेन कंपनीज अकाउंटेबल एक्ट उन विदेशी कंपनियों की प्रतिभूतियों को किसी भी अमेरिकी एक्सचेंज में सूचीबद्ध होने पर रोक लगाएगा जो लगातार तीन साल तक यूएस पब्लिक ओवरसाइट बोर्ड की जांच में असफल पाई गई हैं।
चीन की बड़ी कंपनियां निशाने पर
हालांकि यह किसी भी देश की कम्पनियों पर लागू होता है लेकिन कानून निर्माताओं के इसे लाने के पीछे अमेरिका में सूचीबद्ध चीन की बड़ी कंपनियां, जैसे अलीबाबा (Alibaba), टेक कंपनी पिंडुओ (Pinduoduo Inc) और तेल की दिग्गज पेट्रोचाइना (PetroChina Co Ltd) हैं।
ये कानून ट्रंप प्रशासन के चीनी बिजनेसों के प्रति कड़े रुख का नतीजा है। इस साल की शुरुआत में ही कांग्रेस ने बड़े अंतर से चीन के खिलाफ कई कानून पास किए थे। कानून विशेषज्ञों का मानना है कि चीन के मुद्दे पर ट्रंप के साथी रिपब्लकिन के साथ ही डेमोक्रेट की राय भी एक समान है।
इस एक्ट के मुताबिक विदेशी कंपनियों को ये भी खुलासा करना होगा कि क्या उनका मालिकाना हक या कंट्रोल सरकार के हाथ में है।
चीन ने बताया भेदभावपूर्ण
चीनी अधिकारियों ने इस कानून की नीतियों को भेदभावपूर्ण बताकर यह कहते हुए खारिज किया है कि इसे चीन की फर्मों के ऊपर राजनीतिक उत्पीड़न के लिए लाया गया है। चीनी अधिकारी विदेशी सुरक्षा नियामकों को राष्ट्रीय सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए स्थानीय लेखा फर्मों का निरीक्षण करने देने से इनकार करते रहे हैं। लेकिन इस कानून के आने के बाद से चीन पर दबाव बढ़ जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications