अमेरिकी राज्य में दिवाली को किया गया नेशनल होलीडे घोषित, सीनेटर ने कहा, 'अंधकार पर प्रकाश की जीत'
अमेरिका में भारतीय समुदाय का वर्चस्व लगातार बढ़ता जा रहा है। इससे पहले अक्टूबर महीने को हिन्दू महीना घोषित करने का प्रस्ताव भी बाइडेन प्रशासन को भेजा गया है।

Diwali Declared national holiday in US: संयुक्त राज्य अमेरिका के एक राज्य पेंसिल्वेनिया ने हिन्दुओं के त्योहार दिवाली को राष्ट्रीय अवकाश घोषित कर दिया है। यानि, अब पेंसिल्वेनिया में दिवाली के दिन आधिकारिक तौर पर छुट्टी दी जाएगी।
सीनेटर निकिल सावल ने बुधवार को ट्वीट करते हुए इसकी जानकारी दी है। सीनेटर निकिल सावल ने ट्विटर पर लिखा है, कि "सीनेट ने सर्वसम्मति से दिवाली को आधिकारिक अवकाश के रूप में मान्यता देने के लिए मतदान किया है! पेंसिल्वेनियावासियों, जो भी इस त्योहार को, प्रकाश के उत्सव को मनाते हैं, उनका स्वागत है"।
पेंसिल्वेनिया में अब दिवाली की छुट्टी
माय ट्विन टियर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य के सीनेटर ग्रेग रोथमैन और सीनेटर निकिल सावल ने इस साल फरवरी में पेन्सिलवेनिया में दिवाली को आधिकारिक राजकीय अवकाश बनाने के लिए एक कानून पेश किया था, जिसे मंजूरी दे दी गई है।
माई ट्विन टियर्स ने बताया, कि पेंसिल्वेनिया में करीब 2 लाख दक्षिण एशियाई लोग रहते हैं, जिनमें से कई लोग दिवाली का त्योहार मनाते हैं। वहीं, सीनेटर रोथमैन ने कहा, कि "34वें सेनेटोरियल डिस्ट्रिक्ट के कई निवासियों सहित हजारों पेंसिल्वेनियावासी हर साल दिवाली मनाते हैं।" वहीं, सीनेटर सावल ने कहा, कि "हर साल, दीवाली का प्रकाश और जुड़ाव का त्योहार हमारे राष्ट्रमंडल के मंदिरों, पूजा घरों और सामुदायिक केंद्रों में मनाया जाता है।"
सावल ने आगे कहा, कि "यह अंधेरे पर प्रकाश के अंतहीन संघर्ष पर प्रतिबिंब का समय है, यह हमें हमारे उद्देश्य की नई स्पष्टता प्रदान करता है। यह त्योहार आधिकारिक मान्यता का हकदार है, और मैं इसे पास करने के लिए सीनेटर रोथमैन के साथ जुड़कर सम्मानित महसूस कर रहा हूं।"
रिपोर्ट के मुताबिक, चूंकी दिवाली का त्योहार हर साल अलग अलग दिनों को मनाया जाता है और इस साल दिवाली 12 नवंबर को मनाया जाना है, इसीलिए इस साल 12 नवंबर को दिवाली की छुट्टी दी जाएगी।
न्यूयॉर्क में भी दिवाली की छुट्टी
आपको बता दें, कि अमेरिका में भारतीय समुदाय का दबदबा लगातार बढ़ता जा रहा है और फरवरी महीने में न्यूयॉर्क सिटी काउंसिलवुमेन लिंडा ली ने भी छात्रों के लिए दीवाली के दिन स्कूल की छुट्टी का समर्थन करते हुए एक प्रस्ताव को पारित किया था।
यानि, न्यूयॉर्क में भी दिवाली के दिन स्कूलों में छुट्टियां रहेंगी और इस प्रस्ताव का पास होना अपने आप में ऐतिहासिक मौका माना गया था, जो अमेरिका में भारतीय समुदाय के बढ़ते वर्चस्व का समर्थन करता है।
Recommended Video

न्यू यॉर्क स्टेट असेंबलीवुमन जेनिफर राजकुमार ने ट्विटर पर इसकी जानकारी देते हुए कहा था, कि न्यूयॉर्क सिटी काउंसिलवुमेन लिंडा ली ने स्कूली छात्रों के लिए दिवाली की छुट्टी को लेकर लाए गये एक प्रस्ताव को पास कर दिया है, जो एक ऐतिहासिक दिन है।












Click it and Unblock the Notifications