CM नीतीश की खबर लेने वाली गायिका मैरी मिलबेन ने दी दीपावली की शुभकामनाएं, गाया- ओम जय जगदीश हरे…
अमेरिकी गायिका मैरी मिलबेन ने दीपावली के अवसर पर भारतीय समुदाय को न सिर्फ शुभकामनाएं दी हैं, बल्कि ओम जय जगदीश हरे... आरती भी गाई है। मैरी मिलबेन का ये वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
एक्स पर एक पोस्ट में मिलबेन ने कहा, साल का मेरा सबसे पसंदीदा समय दिवाली आ गया है। भारत, मैं इस सप्ताहांत और आधिकारिक तौर पर 12 नवंबर को आपके साथ जश्न मनाने पर खुश हूं। पूरी दुनिया में भारतीय समुदाय को दिवाली की शुभकामनाएं। अपने अंदर की रोशनी को जलाएं और दुनिया को रोशन करें।

वीडियो में मिलबेन नारंगी-गुलाबी लहंगे में नजर आ रही हैं। उन्होंने कहा कि भारत, एक राष्ट्र और सभ्यता जिसे सदियों की विविध संस्कृतियों, भाषाओं और परंपराओं ने आकार दिया है आज स्वतंत्र और एकजुट है।
मैरी मिलबेन ने कहा कि आपके पूर्वजों, जिन्होंने अनगिनत बलिदान दिए, एक ऐसी भूमि का सपना देखा जहां हर नागरिक खुली हवा में सांस ले सके और प्रगति के पथ पर चलें। वह अब आपकी विरासत बन गई है। कई पुरस्कारों से सम्मानित अंतरराष्ट्रीय गायिका ने इस दौरान भारतीयों से विविधता में एकता को अपनाने, एकजुटता की शक्ति का जश्न मनाने और अपनी क्षमता को प्रदर्शित करने का आह्वान किया।
हाल में ही मैरी मिलबेन ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की निंदा की थी और उनके इस्तीफे की मांग की थी। उन्होंने कहा कि अगर वह भारतीय नागरिक होतीं तो बिहार चली जातीं और मुख्यमंत्री पद के लिए चुनाव लड़तीं।
38 वर्षीय मैरी मिलबेन राष्ट्रगान 'जन गण मन...' के गायन को लेकर भी भारत में काफी लोकप्रिय रही हैं। इसी साल मिलबेन ने 21 जून को नौवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर प्रधानमंत्री मोदी की अगुवाई में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय (यूएनएचक्यू) के 'नॉर्थ लॉन' में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत किया था।
मिलबेन पहली बार भारत में तब चर्चा में आई थीं, जब स्वतंत्रता दिवस 2020 में उन्होंने भारतीय राष्ट्रगान और दिवाली उत्सव के लिए भजन 'ओम जय जगदीश हरे' गाकर सुर्खियां बटोरी थीं।












Click it and Unblock the Notifications