BBC IT Survey: बीबीसी के दफ्तरों पर इनकम टैक्स के छापे, जानिए कार्रवाई पर क्या बोला अमेरिका?
बीबीसी के ऊपर इनकम टैक्स के छापे उस वक्त मारे गये हैं, जब बीबीसी की गुजरात दंगों पर डॉक्यूमेंट्री को लेकर पूरी दुनिया में विवाद हुआ है।

Recommended Video
US On BBC IT Raid: भारत में बीबीसी के दफ्तरों पर इनकम टैक्स की कार्रवाई को लेकर अमेरिका की पहली प्रतिक्रिया आ गई है। संयुक्त राज्य अमेरिका ने कहा है, कि उसे भारतीय इनकम टैक्स अधिकारियों द्वारा दिल्ली में बीबीसी कार्यालय में किए गए सर्वेक्षण अभियान की जानकारी है, लेकिन वह किसी तरह का जजमेंट देने की स्थिति में नहीं है। जबकि, भारतीय इनकम टैक्स अधिकारियों ने कहा है, कि उसका ऑपरेशन इनकम टैक्स चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा था।

अमेरिका ने क्या कहा?
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता नेड प्राइस ने नियमित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, कि "हम भारतीय टैक्स अधिकारियों द्वारा दिल्ली में बीबीसी कार्यालयों की तलाशी के बारे में जानते हैं। और इस सर्च अभियान के डिटेल जानकारी के लिए आपको भारतीय अधिकारियों के पास जाना होगा"। नेड प्राइस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आगे कहा, कि "हम दुनिया भर में प्रेस की स्वतंत्रता के महत्व का समर्थन करते हैं। हम अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और धर्म या विश्वास की स्वतंत्रता को मानव अधिकारों के रूप में सामने रखना जारी रखते हैं, जो दुनिया भर में लोकतंत्र को मजबूत करने में योगदान देता है। इसने इस देश में इस लोकतंत्र को मजबूत किया है। इसने भारत के लोकतंत्र को मजबूत किया है।' उन्होंने जोर देकर कहा, कि ये सार्वभौमिक अधिकार दुनिया भर में लोकतंत्र की नींव हैं।

'अभी हम कुछ बोलने की स्थिति में नहीं'
यह पूछे जाने पर कि क्या इनकम टैक्स की ये कार्रवाई लोकतंत्र की भावना या मूल्यों के खिलाफ है? अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता नेड प्राइस ने कहा, कि 'मैं नहीं कह सकता। हम इन खोजों के तथ्यों से अवगत हैं, लेकिन मैं किसी नतीजे तक पहुंचने की स्थिति में नहीं हूं।" आपको बता दें, कि आयकर विभाग ने मंगलवार को ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन के दिल्ली और मुंबई स्थित दफ्तरों में सर्वे किया है और रेड पर बीबीसी की तरफ से बयान जारी कर कहा गया है, तकि हम भारतीय अधिकारियों को पूरा सहयोग कर रहे हैं और उम्मीद करते हैं, कि हालात जल्द से जल्द सामान्य हो जाएंगे।

बीबीसी डॉक्यूमेंट्री पर है विवाद
आपको बता दें, कि बीबीसी के ऊपर इनकम टैक्स के छापे उस वक्त मारे गये हैं, जब बीबीसी की गुजरात दंगों पर डॉक्यूमेंट्री को लेकर पूरी दुनिया में विवाद हुआ है। दो पार्ट के इस इंटरव्यू को लेकर बीजेपी समर्थकों का आरोप है, कि बीबीसी का ये डॉक्यूमेंट्री पीएम मोदी के खिलाफ प्रोपेगेंडा है, जिसका मकसद पीएम मोदी की छवि को खराब करना है। जबकि, डॉक्यूमेंट्री के समर्थकों का कहना है, कि बीबीसी डॉक्यूमेंट्री को बैन करना, प्रेस की स्वतंत्रता के खिलाफ उठाया गया कदम है। वहीं, रेड के बाद टैक्स अधिकारियों ने कहा है, कि इनकम टैक्स डिपार्टमेंट, कंपनी के कारोबार संचालन और उसकी भारतीय इकाई से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रहा है।












Click it and Unblock the Notifications