US Presidential Election 2020: राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप नहीं ले रहे कोरोना की दवाईयां, इलाज भी बंद
वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उन्होंने कोरोना वायरस की दवाईयां आठ घंटे पहले लेनी बंद कर दी हैं। ट्रंप ने यह बात शुक्रवार को फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में कही है। दो अक्टूबर को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी फर्स्ट लेडी मेलानिया में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई थी। जहां मेलानिया को व्हाइट हाउस में ही क्वारंटाइन किया गया तो वहीं ट्रंप को वॉल्टर रीड मिलिट्री हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। सोमवार को ट्रंप अस्पताल से वापस व्हाइट हाउस पहुंचे हैं।

आठ घंटे से नहीं ली कोई दवाई
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, 'फिलहाल मैं इलाज से आजाद हो चुका हूं। मैं कोई भी दवा इस समय नहीं ले रहा हूं। आप को बता दूं कि शायद आठ घंटे से पहले मैंने कोई दवाई नहीं ली है।' ट्रंप अब सारा ध्यान चुनावी अभियान में लगाना चाहते हैं। ट्रंप ने कहा है कि वह शनिवार को फ्लोरिडा में एक चुनावी प्रचार रैली करना चाहते हैं। डोनाल्ड ट्रंप इससे पहले 15 अक्टूबर को राष्ट्रपति चुनावों से पहले होने वाली दूसरी बहस में शामिल होने से इनकार कर चुके हैं। ट्रंप ने कहा है कि वर्चुअली बहस में हिस्सा लेना समय की बर्बादी जैसा है। इसके बाद दूसरी बहस को कैंसिल कर दिया गया है। ट्रंप ने फॉक्स न्यूज के सीन हैनिटी से कहा, 'मुझे लगता है कि मैं शनिवार की रात को एक रैली करने की कोशिश कर सकता हूं अगर मेरे पास सभी चीजों को आगे बढ़ाने का पर्याप्त समय हुआ। लेकिन मैं शनिवार की रात फ्लोरिडा में एक रैली करना चाहता हूं।' राष्ट्रपति ट्रंप को कोविड पॉजिटिव होने के बाद वाल्टर रीड मिलिट्री हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। सोमवार को वह व्हाइट हाउस लौट आए हैं।
सिर्फ एक स्टेरॉयड ले रहे हैं ट्रंप
गुरुवार को ट्रंप ने कहा था कि उनकी दवाईयों की संख्या कम हो गई है और अब वह सिर्फ एक स्टेरॉयड ले रहे हैं जो कि बहुत भारी नहीं है। ट्रंप ने चुनावी रैली करने की मंशा ऐसे समय में जाहिर की है जब व्हाइट हाउस के डॉक्टर सीन कोन्ले ने कहा है कि राष्ट्रपति ट्रंप शनिवार तक सार्वजनिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेने योग्य हो सकते हैं।कोन्ले ने कहा, 'शनिवार को ट्रंप की रिपोर्ट आए 10 दिन हो जाएंगे और जिस तरह से उनकी रिपोर्ट्स आ रही हैं, मुझे लगता है कि वह इस समय तक सार्वजनिक कार्यक्रमों में लौट सकते हैं।' इससे पहले ट्रंप ने एक वीडियो रिलीज किया था। इस वीडियो मैसेज में उन्होंने कोविड के संक्रमण को भगवान का आशीर्वाद करार दिया था। ट्रंप ने वीडियो में कहा था, 'मुझे लगता है कि यह भगवान का आशीर्वाद था जो मुझे मिला है।' अमेरिका में अब तक इस महामारी की वजह से 210,000 लोगों की मौत हो चुकी है। ट्रंप ने देश की जनता से वादा किया है कि वह जो इलाज उन्हें मुहैया कराया गया है, वह हर अमेरिकी नागरिक के लिए मुफ्त होगा। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि ट्रंप के टेस्ट रिजल्ट्स का नतीजा क्या है।












Click it and Unblock the Notifications