रूस-यूक्रेन युद्ध से पहले आखिरी शांति वार्ता, पुतिन के साथ शिखर सम्मेलन करने को तैयार हुए बाइडेन
अमेरिकी राष्ट्रपति के अलावा यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने भी रूसी राष्ट्रपति से मुलाकात के जरिए शांति समाधान पर आगे बढ़ने की इच्छा जताई है।
वॉशिंगटन/मॉस्को, फरवरी 21: यूक्रेन और रूस में जंग टालने की आखिरी कोशिशें भी शुरू हो गई हैं और अब रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन तैयार हो गये हैं। हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति ने रूसी राष्ट्रपति से मुलाकात के लिए एक शर्त भी रखी है और कहा है कि, वो व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात और शांति वार्ता के लिए तैयार हैं, लेकिन शर्त ये है कि, उस वक्त तक रूस यूक्रेन पर हमला नहीं करे।

फ्रांस ने की थी मध्यस्थता
दरअसल, कल फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच करीब 105 मिनट तक टेलीफोन पर बातचीत हुई थी, जिसमें फ्रांस ने रूसी राष्ट्रपति को यूक्रेन पर हमला नहीं करने के लिए मनाने की कोशिश की थी और रिपोर्ट के मुताबिक, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने दोनों नेताओं को 'यूरोप में सुरक्षा और रणनीतिक स्थिरता' पर शिखर सम्मेलन आयोजित करने पर जोर दिया था। व्हाइट हाउस ने कहा कि राष्ट्रपति बाइडेन ने 'सैद्धांतिक रूप से' रूसी राष्ट्रपति के साथ शिखर सम्मेलन में शामिल होना स्वीकार कर लिया है, लेकिन केवल 'अगर कोई आक्रमण नहीं हुआ' तभी ये मुलाकात होगी। हालांकि, वाशिंगटन ने चेतावनी दे रखी है कि, मास्को 'यूक्रेन पर बहुत जल्द पूर्ण पैमाने पर हमले' की तैयारी कर चुका है।

रूसी सैनिकों को मिल चुका है आदेश
अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने दावा किया है कि, रूसी सरकार की तरफ से रूसी कमांडर्स को यूक्रेन पर हमला करने के लिए आदेश मिल चुका है और रूसी सैनिक हमले को अंजाम देने की तैयारी में काफी तेजी से लगे हुए हैं। अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि, रूसी कमांडर अब विशिष्ट युद्ध योजना बना रहे हैं कि वे कैसे हमला करेंगे। खुफिया अधिकारियों ने कहा है कि, राष्ट्रपति पुतिन ने रूसी सैनिकों की पारंपरिक ताकतों का करीब 75 फीसदी हिस्सा यूक्रेन की सीमा पर तैनात कर रखा है, वहीं, अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने चेतावनी दी है, कि 'हम एक आक्रमण के कगार पर हैं'।

यूक्रेनी राष्ट्रपति ने भी रखा प्रस्ताव
अमेरिकी राष्ट्रपति के अलावा यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने भी रूसी राष्ट्रपति से मुलाकात के जरिए शांति समाधान पर आगे बढ़ने की इच्छा जताई है। यूक्रेन के राष्ट्रपति ने रूसी राष्ट्रपति से मुलाकात करने और बातचीत के जरिए तनाव को टालने का आग्रह किया है। यूक्रेन के राष्ट्रपति ने कहा कि, 'मुझे नहीं पता है कि रूस के राष्ट्रपति और रूसी संघ का चाहता है, लिहाजा हमने हमने उनके सामने मुलाकात का प्रस्ताव रखा है।' यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने ये प्रस्ताव म्यूनिख सिक्योरिटी क्रांफ्रेंस के दौरान रखी है, जिसमें अमेरिका की उप-राष्ट्रपति कमला हैरिस भी मौजूद थीं।

रूस तय करे मुलाकात का कार्यक्रम
यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने कहा कि, चाहे तो रूस तय कर ले कि मुलाकात कहां होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि, 'यूक्रेन लगातार कूटनीतिक रास्ते के जरिए विवाद और तनाव का शांतिपूर्ण समाधान करना चाहता है।' हालांकि, यूक्रेन के राष्ट्रपति के प्रस्ताव पर अभी तक रूस की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। यूक्रेनी राष्ट्रपति ने मुलाकात का प्रस्ताव ऐसे वक्त में दिया है, जब पूर्वी यूक्रेन में रूस समर्थित विद्रोही नेताओं ने शनिवार को पूर्ण सैन्य लामबंदी के आदेश दिए हैं और विद्रोहियों के क्षेत्र से यूक्रेन के लोगों को निकालने की कोशिश तेजी के साथ शुरू हो गई है। वहीं, पश्चिमी देशों के तरफ से रूस पर धमकियों की बारिश की जा रही है।

भीषण युद्ध के कगार पर यूरोप
वहीं, ब्रिटिश प्रधानमंत्री ने बीबीसी से बात करते हुए कहा कि, "जो योजना हम देख रहे हैं, वह कुछ ऐसी चीज है जो 1945 के बाद से यूरोप में सबसे बड़े युद्ध को अंजाम दे सकता है, और ये युद्ध काफी बड़े पैमाने पर हो सकता है'। ब्रिटिश प्रधानमंत्री ने कहा है कि, रूस ने कम से कम तीर तरह से यूक्रेन को घेर रखा है। उन्होंने कहा कि, ''सिर्फ पूर्वी यूक्रेन के डोनबास के माध्यम से ही नहीं, लेकिन खुफिया जानकारी के अनुसार हम देख रहे हैं, उत्तर से नीचे, बेलारूस से नीचे से रूस राजधानी कीव को घेर रहा है, जैसा कि जो बाइडेन ने हमें जानकारी दी है। ब्रिटिश प्रधानमंत्री ने कहा है कि, हमें लोगों की जिंदगी के महत्व को समझने की जरूरत है, क्योंकि सिर्फ यूक्रेन के ही लोग नहीं, बल्कि रूस के लोग भी लड़ाई में मारे जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications