इजराइल के प्रधानमंत्री को जो बाइडेन ने फिर दी गाली, नेतन्याहू को बार बार क्यों जलील कर रहे अमेरिकी राष्ट्रपति?
हाइलाइट्स
- बाइडन ने कई बार नेतन्याहू से व्यक्त की अपनी असहमति
- बाइडन ने नेतन्याहू से बात कर सैन्य अभियान शुरू न करने को कहा
- इजरायल के सैन्य अभियान बढ़ा रहे परेशानी
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कथित तौर पर एक बार फिर से इजराइली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू को गालियां दी हैं। NBC की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन हाल में कम से कम 3 मौकों पर नेतन्याहू को गालियां बक दे चुके हैं।

दरअसल अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन इस साल एक बार फिर से अमेरिका का राष्ट्रपति बनने की कोशिशों में जुटे हुए हैं लेकिन गाजा संकट न सुलझा पाने के कारण उनके वोटबैंक का एक बड़ा हिस्सा है जो उनसे नाराज चल रहा है।
बाइडेन चाहते हैं कि वे जल्द से जल्द इस जंग को रोक दें मगर नेतन्याहू हैं कि इस जंग को जारी रखने पर अड़े हुए हैं। नेतन्याहू का साफ कहना है कि जब तक हमास का खात्मा नहीं हो जाता है वो इस जंग को बीच में नहीं छोड़ेंगे। यही वजह है कि नेतन्याहू पर बाइडेन बुरी तरह बिफरे हुए हैं और कई मौके पर उन्हें गालियों से नवाज चुके हैं।
एनबीसी न्यूज की एक रिपोर्ट के अनुसार, हाल के दिनों में कई बार बाइडेन ने निजी बातचीतों में गाजा में सैन्य अभियान को लेकर नेतन्याहू के रवैये के प्रति असहमति व्यक्त की है। बाइडेन ने कहा कि वे इजराइल को युद्धविराम के लिए सहमत करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन नेतन्याहू हैं जो इस पर पानी फेर दे रहे हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि नेतन्याहू का गाजा ऑपरेशन 'पर्याप्त है और इसे रोकने की जरूरत है'। व्हाइट हाउस ने कहा कि रविवार को हुई 45 मिनट की बातचीत में बाइडेन ने नेतन्याहू से राफा में शरण लेने वाले लगभग 10 लाख लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक विश्वसनीय योजना के बिना सैन्य अभियान शुरू न करने को कहा।
इससे पहले, इस महीने की शुरुआत में भी, अमेरिकी राष्ट्रपति ने इजराइली प्रधानमंत्री की निजी तौर पर आलोचना की थी। इजराइल-हमास युद्ध बढ़ने और यहूदी राष्ट्र के लिए अंतरराष्ट्रीय समर्थन कम होने के कारण बाइडेन ने नाराजगी जाहिर की थी।
इस महीने की शुरुआत में अमेरिकी वेबसाइट पोलिटिको ने ये दावा किया था कि बाइडेन ने नेतन्याहू को गालियां दी हैं क्योंकि अमेरिकी राष्ट्रपति को इजराइली प्रधानमंत्री पर संदेह हो गया है। बाइडेन को लगता है कि नेतन्याहू, अमेरिका को भी पश्चिम एशिया में चल रहे जंग में घसीटना चाहते हैं।
हालांकि, बाद में जो बाइडेन के प्रवक्ता एंड्रयू बेट्स ने अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल को खारिज कर दिया और कहा कि उन्होंने "ऐसा नहीं कहा, न ही वह ऐसा कहेंगे"।
पिछले साल अक्टूबर में गाजा युद्ध शुरू होने के बाद हमास को पूरी तरह मिटा देने के पक्षधर रहे बाइडेन का मानना है कि इजराइल ने हमास को खत्म करने के लिए शुरुआत अच्छी की थी, लेकिन अब उसके सैन्य अभियान परेशानियां बढ़ा रहे हैं।
सीएनएन की एक रिपोर्ट के अनुसार, जो बाइडेन अपने इजराइली समकक्ष से काफी निराश हो गए हैं। उन्होंने सलाहकारों और अन्य करीबी लोगों को बताया है कि नेतन्याहू उनकी सलाह को नजरअंदाज कर रहे हैं और गाजा में मानवीय संकट को कम करने के प्रयासों में बाधा डाल रहे हैं।
आपको बता दें कि 7 अक्टूबर से शुरू हुए इजराइल-हमास युद्ध में 28 हजार से अधिक फिलिस्तीनी मारे गए हैं और लगभग 68 हजार लोग घायल हुए हैं। इजराइल रक्षा बलों के अनुसार, इजराइल के अब तक 1,400 लोग मारे गए हैं और 6,900 अन्य घायल हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications