डोनाल्ड ट्रंप फिर बनेंगे अमेरिका के राष्ट्रपति? बाइडेन के घर में भी लोगों की पहली पसंद, सर्वे रिपोर्ट देखिए
अमेरिका में अगले साल राष्ट्रपति चुनाव होने वाले हैं और 2025 जनवरी में नया राष्ट्रपति कार्यभार ग्रहण करेगा। डोनाल्ड ट्रंप अपनी दावेदारी का ऐलान कर चुके हैं, लेकिन बाइडेन ने अभी तक नहीं की है।

Donald Trump Vs Joe Biden: डोनाल्ड ट्रंप इस हफ्ते एडल्ट स्टार को सीक्रेट तरीके से एक लाख 30 हजार डॉलर देने के मामले में गिरफ्तार हुए और फिर उन्हें जमानत मिल गई। डोनाल्ड ट्रंप की कोर्ट में अगली ेशी अब 4 दिसंबर को होगी, जिस वक्त राष्ट्रपति चुनाव का शोर काफी तेज हो जाएगा।
लेकिन, सर्वे बताते हैं कि डोनाल्ड ट्रंप के लिए एडल्ट स्टार स्टॉर्मी डेनियल का मामला फायदेमंद साबित हो रहा है और उनकी गिरफ्तारी राष्ट्रपति जो बाइडेन के लिए सिरदर्द साबित होने वाली है।
सर्वे से पता चलता है, कि वो अमेरिकी जनता के बड़े हिस्से को ये समझाने में कामयाब साबित हो रहे हैं, कि उनके खिलाफ बदले की कार्रवाई की जा रही है और सबसे दिलचस्प बात ये है, कि जो बाइडेन के गृहक्षेत्र में भी डोनाल्ड ट्रंप राष्ट्रपति बनने की सबसे पहली पसंद बन गये हैं।
जो बाइडेन के गृहक्षेत्र पेन्सिलवेनिया के एक बड़े हिस्से ने डोनाल्ड ट्रंप को फिर से राष्ट्रपति देखने की बात पर हामी भरी है। पेन्सिलवेनियावासियों के एक बड़े प्रतिशत ने कहा, कि वे पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प या फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डीसांटिस को फिर से राष्ट्रपति बनते हुए देखना चाहते हैं। जबकि, जो बाइडेन उनकी पसंद में काफी नीचे नजर आए।

सर्वें में डोनाल्ड ट्रंप काफी आगे
पेन्सिलवेनिया, जो राष्ट्रपति जो बाइडेन का गृहक्षेत्र है, वहां पर कंजर्वेटिव कॉमनवेल्थ फाउंडेशन ने सर्वे करवाया है, जिसमें पता चला है कि 34 प्रतिशत लोग फिर से डोनाल्ड ट्रंप को वोट देना चाहते हैं। जबकि, 26 प्रतिशत लोगों ने फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डीसांटिस को राष्ट्रपति देखना चाहेंगे। आपको बता दें, कि इस सर्वे में कई संभावित उम्मीदवारों को शामिल किया गया था। और उत्तरदाताओं को कई उम्मीदवारों का चयन करने की अनुमति दी गई थी।
डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले साल नवंबर महीने में ही राष्ट्रपति पद के लिए अपनी दावेदारी की घोषणा कर दी थी, लेकिन फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डीसांटिस, जो डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी से ही हैं, उन्होंने अभी तक पत्ता नहीं खोला है। लेकिन, रॉन डीसांटिस एक मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं।
सर्वे में पेन्सिलवेनिया के 24 प्रतिशत लोगों ने जो बाइडेन के पक्ष में वोट डाला। उसी सर्वेक्षण में, कीस्टोन राज्य के 40 प्रतिशत मतदाताओं ने बाइडेन के काम को मंजूरी दी है, जबकि 58 प्रतिशत ने उनके कामकाज को नकार दिया है।
दिलचस्प बात यह है कि राष्ट्रपति पद की दावेदारी वरीयता में जो बाइडेन के बाद चौथे स्थान पर डेमोक्रेटिक पार्टी के जोश शापिरो शामिल हैं, जिन्हें 20 प्रतिशत लोगों ने मंजूरी दी है। जबकि, उपराष्ट्रपति कमला हैरिस 18 प्रतिशत लोगों की पसंद बनी हैं।
सर्वे में हिलेरी क्लिंटन को 14 प्रतिशत और रिपब्लिकन पार्टी की एक और दावेदार निक्की हेली को 12 प्रतिशत लोगों ने ही पसंद किया है।
स्टॉर्मी डेनियल केस से असर नहीं
सर्वे से पता चलता है, कि स्टॉर्मी डेनियल केस से डोनाल्ड ट्रंप की लोकप्रियता पर कोई असर नहीं पड़ा है। बुधवार को जारी एक रासमुसेन पोल ने एक आम सर्वे में ट्रम्प को बाइडेन से पूरे सात अंक आगे दिखाया है।
रासमुसेन सर्वे में पाया गया है, कि 47 प्रतिशत संभावित अमेरिकी मतदाताओं ने ट्रम्प को पसंद किया है, जबकि 40 प्रतिशत ने बाइडेन को पसंद किया है।
जो बाइडेन ने अभी तक दूसरे कार्यकाल के लिए अपनी दावेदारी की घोषणा नहीं की है।
Axios की एक हालिया रिपोर्ट में कहा गया है, कि राष्ट्रपति बाइडेन इस साल जुलाई तक अपनी दावेदारी की घोषणा नहीं करेंगे। आपको बता दें, कि जो बाइडेन का जन्म पेंसिल्वेनिया के स्क्रैंटन में हुआ था, जो डेलावेयर क्षेत्र में आता है और पिछले राष्ट्रपति चुनाव में उन्हें पेंसिल्वेनिया से भारी समर्थन मिला था।












Click it and Unblock the Notifications