डोनाल्ड ट्रंप की भतीजी मैरी ट्रंप बोलीं-व्हाइट हाउस के बाद चाचा का अगला ठिकाना जेल
वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भतीजी मैरी ट्रंप ने अपने अंकल को एक 'अपराधी, निर्दयी और विश्वासघाती' करार दिया है। मैरी ने यहां तक कह डाला है कि व्हाइट हाउस छोड़ने के बाद उनके अंकल की असली जगह जेल में है। मैरी ट्रंप एक मनोवैज्ञानिक और लेखक हैं। वह अपने अंकल की आलोचक हैं और इस बात को मानने से इनकार कर देती हैं कि पूर्व राष्ट्रपति पर ट्रायल देश के राजनीतिक मतभेद को और गहरा कर देगा।

ट्रंप के बड़े भाई की बेटी हैं मैरी
मैरी ने न्यूज एजेंसी एपी को दिए इंटरव्यू में कहा, 'सच कहूं तो बार-बार यह कहा जाना निश्चित ही अपमानजनक है कि अमेरिकी लोग इससे निपट सकते हैं और हमें अब आगे बढ़ना चाहिए।' मैरी, डोनाल्ड ट्रंप के बड़े भाई फ्रेड ट्रंप जूनियर की बेटी हैं। मैरी ने आगे कहा, 'अगर वाकई में किसी के खिलाफ केस चलाया जाना चाहिए तो वह है डोनाल्ड, वरना इसका मतलब यह होगा कि हम उससे भी खराब किसी व्यक्ति को स्वीकार करने के लिए खुद को तैयार कर रहे हैं।' जब डोनाल्ड ट्रंप के कैंपेन से इस बारे में पूछा गया तो प्रवक्ता की तरफ से बस एक लाइन का जवाब मिला। कैंपेन के प्रवक्ता ने कहा, 'क्या उन्होंने बताया कि उनकी एक किताब है जो उन्हें बेचनी है।'
जुलाई में आई थी एक किताब
मैरी ने इस हफ्ते ऐलान किया था कि उन्होंने अपने अंकल पर लिखी किताब 'टू मच ऐंड नेवर इनफ, हाऊ माई फैमेली क्रिएटेड द वर्ल्ड्स मोस्ट डैंजरस मैन' की अगली कड़ी लिखने जा रही हैं। मैरी ने अपनी इस किताब का नाम 'द रेकनिंग'। सितंबर में मैरी ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, उनके भाई रॉबर्ट ट्रंप और उनकी बहन मैरीयाने ट्रंप बैरी के खिलाफ लाखों डॉलर की धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया था। मैरी की पहली किताब जुलाई में आई थी। भतीजी की पहली किताब पर डोनाल्ड ट्रंप ने ट्वीट कर प्रतिक्रिया दी थी। ट्रंप के मुताबिक उनकी भतीजी उनसे कभी-कभार ही मिली हैं और उनके बारे में बहुत कम जानती हैं। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि मैरी उनके माता-पिता के बारे में भी गलत बातें कहती हैं और उन्होंने एक नॉन-डिस्क्लोजर समझौते का भी उल्लंघन किया है।












Click it and Unblock the Notifications