ट्रंप के दो बड़े फैसले: चीन पर 125% टैरिफ की मार, 75 देशों को 90 दिन की राहत
US President Donald Trump Tariff policy: एक तरफ जहां चीन और यूएस के बीच टैरिफ वॉर रूकने का नाम नहीं ले रही है। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वैश्विक व्यापार पर एक बार फिर बड़ा असर डालने वाला कदम उठाया है। ट्रंप ने चीन पर टैरिफ दरों को 125% तक बढ़ाने का ऐलान किया है।
जबकि 75 से अधिक मित्र राष्ट्रों को 90 दिनों की छूट अवधि दी गई है। इस फैसले ने ना केवल अमेरिका-चीन रिश्तों में फिर से तनाव बढ़ाया है, बल्कि वैश्विक बाजारों में भी हलचल मचा दी है।

डोनाल्ड ट्रंप ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए दी। जहां उन्होंने बड़ी घोषणा करते हुए 75 देशों के लिए रेसिप्रोकल टैरिफ पर 90 दिन तक रोक लगाने का ऐलान किया। इसके अलावा चीन पर तुरंत प्रभाव से रेसिप्रोकल टैरिफ को बढ़ाकर 125 फीसदी कर दिया।
चीन को चेतावनी: 'अब और शोषण नहीं'
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पोस्ट में कहा,, "चीन ने जिस तरह से विश्व बाजारों का सम्मान नहीं किया है, उसे देखते हुए अमेरिका अब टैरिफ को 125% तक बढ़ा रहा है। यह कदम आवश्यक था और अब यह शोषण सहन नहीं किया जाएगा।" ट्रंप ने चीन पर वैश्विक व्यापार में अनुचित रवैया अपनाने और मुद्रा के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चीन को अब अपने व्यवहार पर पुनर्विचार करना होगा।
90 दिनों की 'पॉज़': अमेरिका के मित्र देशों को राहत
वहीं, अमेरिका के प्रति सकारात्मक रुख दिखाने वाले 75 से अधिक देशों को ट्रंप ने 90 दिनों की टैरिफ छूट दी है। इस दौरान इन देशों पर लागू 'रिसिप्रोकल टैरिफ' को घटाकर 10% कर दिया गया है। ट्रंप के अनुसार, इन देशों ने अमेरिकी प्रशासन से संवाद करते हुए व्यापार, टैरिफ और मुद्रा नीति पर समझौते की इच्छा जताई है।
शेयर बाजार में तूफानी उछाल
ट्रंप की घोषणा के महज 10 मिनट के भीतर अमेरिकी शेयर बाजार में 4 ट्रिलियन डॉलर की रिकॉर्ड तेजी देखी गई। विशेषज्ञों के अनुसार, यह वृद्धि बाजार की उस उम्मीद को दर्शाती है कि यह 'ट्रेड पॉज़' वैश्विक अर्थव्यवस्था को संतुलन प्रदान कर सकती है। ट्रेजरी सचिव बेसेंट ने यह भी कहा कि यह कदम बाजार को खुश करने के लिए नहीं, बल्कि अमेरिका की रणनीतिक स्थिति को मजबूत करने के लिए उठाया गया है।












Click it and Unblock the Notifications