फिर पीएम मोदी के मुरीद हुए ओबामा, बताया एक ईमानदार राजनेता
वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कई अवसरों पर एक दूसरे से मिल चुके हैं। हाल ही में दोनों नेता फ्रांस की राजधानी पेरिस में जारी क्लाइमेट चेंज शिखर सम्मेलन के दौरान एक दूसरे से मिले थे।

इस मुलाकात के बाद राष्ट्रपति ओबामा लगता है एक बार फिर से पीएम मोदी के मुरीद हो गए हैं। व्हाइट हाउस की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक राष्ट्रपति ओबामा पीएम मोदी को एक ऐसा राजनेता मानते हैं जो ईमानदार है और जिसके पास देश के लिए एक स्पष्ट नजरिया है।
व्हाइट हाउस के प्रेस सेक्रेटरी जोश अर्नेस्ट ने बुधवार को मीडिया को बताया कि राष्ट्रपति ओबामा, पीएम मोदी को एक ईमानदार और सीधा संवाद करने वाला नेता मानते हैं।
वह मानते हैं कि पीएम मोदी एक ऐसे नेता हैं जो तथ्यों के काफी करीब हैं और जो देश से हर मुद्दे का हर तरह से समझते हैं। साथ ही वह अमेरिका के साथ संबंधों को भी बखूबी जानते हैं। सोमवार को राष्ट्रपति ओबामा और पीएम मोदी के बीच रिकॉर्ड छठीं बार मुलाकात हुई थी।
पढ़ें-आईएसआईएस ने पीएम मोदी को बताया इस्लाम का दुश्मन
ओबामा मानते हैं कि पीएम मोदी के पास इस बात को लेकर एक स्पष्ट नजरिया है कि वह अपने देश को कहां लेकर जाना चाहते हैं। यह बात उन्हें एक प्रभावशाली नेता के साथ ही एक देश का प्रभावी प्रधानमंत्री भी बनाती है।
अर्नेस्ट के मुताबिक ओबामा निश्चित तौर पर पीएम मोदी का काफी सम्मान करते हैं। साथ ही एक राजनेता के तौर पर उनके कौशल के भी कायल हैं।
वह मानते हैं कि पीएम मोदी एक ऐसे नेता हैं जिनके रास्ते में दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का मुखिया बनने में कई चुनौतियां आईं।
ओबामा के मुताबिक यह काफी कठिन कार्य होता है कि आप उन चुनौतियों से पार पाकर अपनी मंजिल को हासिल कर सकें।
दोनों नेताओं के बीच लगातार होने वाली मुलाकातों पर अर्नेस्ट ने कहा कि राष्ट्रपति ओबामा को कई मौकों पर पीएम मोदी के साथ सलाह मशविरा करने का अवसर प्राप्त हुआ था। यह सिर्फ दोनों नेताओं के बीच अच्छे रिश्तों को मजबूत बनाने की ओर किया गया एक प्रयास था।












Click it and Unblock the Notifications