जापान के याकुशिमा द्वीप के पास अमेरिका का लड़ाकू विमान क्रैश, 8 जवान थे सवार, क्या जानलेवा है ये जेट?
US Osprey Military Aircraft: जापान की स्थानीय मीडिया ने जापानी तट रक्षक का हवाला देते हुए बताया है, कि आठ लोगों के साथ एक अमेरिकी ऑस्प्रे मिलिट्री एयरक्राफ्ट बुधवार को जापान के तट पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। यह घटना याकुशिमा द्वीप के पास हुई है, जो देश के सबसे दक्षिणी मुख्य द्वीप क्यूशू के दक्षिण में स्थित है।
एक प्रवक्ता ने समाचार एजेंसी एएफपी को बताया है, कि "हमें आज दोपहर 2:47 बजे सूचना मिली, कि अमेरिकी सेना का ऑस्प्रे लड़ाकू विमान याकुशिमा द्वीप पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया है।" स्थानीय निवासियों ने कहा, कि समुद्र में गिरते समय विमान के बाएं इंजन से आग निकल रही थी। याकुशिमा द्वीप जापान के सबसे दक्षिणी मुख्य द्वीप क्यूशू के दक्षिण में स्थित है।

जापान में अमेरिकी विमान दुर्घटनाग्रस्त
जापानी ब्रॉडकास्टर एनएचके ने बताया है, कि ऑस्प्रे यामागुची क्षेत्र में इवाकुनी अमेरिकी बेस से रवाना हुआ था और ओकिनावा में कडेना बेस की ओर जा रहा था। रिपोर्ट में रक्षा सूत्रों के हवाले से कहा गया है, कि विमान टोक्यो में यूएस योकोटा एयर बेस का सीवी-22 ऑस्प्रे था।
इससे पहले अगस्त में, एक और ऑस्प्रे उत्तरी ऑस्ट्रेलिया में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें सवार 23 लोगों में से तीन अमेरिकी नौसैनिकों की मौत हो गई थी। बोइंग एमवी-22बी ऑस्प्रे स्थानीय सैनिकों के लिए एक सैन्य अभ्यास के दौरान डार्विन के उत्तर में मेलविले द्वीप पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।
टिल्ट-रोटर विमान, जो हेलीकॉप्टर और फिक्स्ड-विंग विमान दोनों के रूप में कार्य करने में सक्षम है, उसका उपयोग अमेरिकी मरीन, अमेरिकी नौसेना और जापान आत्मरक्षा बलों द्वारा किया जाता है। जापान में ऑस्प्रे की उपस्थिति ने विवाद को जन्म दिया है, आलोचकों ने इसकी दुर्घटना की संवेदनशीलता के बारे में चिंता व्यक्त की है। हालांकि, अमेरिकी सेना और जापान दोनों का कहना है, कि ये लड़ाकू विमान सुरक्षित है।
लेकिन, पिछले साल भी, नॉर्वे में चार अमेरिकी नौसैनिकों की उस वक्त मौत हो गई थी, जब नाटो प्रशिक्षण अभ्यास के दौरान उनका एमवी-22बी ऑस्प्रे विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इसी तरह, 2017 में तीन नौसैनिकों की मौत हो गई, जब ऑस्ट्रेलिया के उत्तरी तट पर समुद्र में उतरने की कोशिश करते समय एक ऑस्प्रे, एक परिवहन जहाज के पिछले हिस्से से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। 2000 में एरिज़ोना में अभ्यास के दौरान ऑस्प्रे के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से कम से कम 19 नौसैनिकों की मृत्यु हो गई थी। (तस्वीर- फाइल)












Click it and Unblock the Notifications