न्यूजक्लिक के पत्रकारों पर छापेमारी: चीन की कम्युनिस्ट पार्टी से लिंक को लेकर आया अमेरिका का बयान
US on NewsClick row: भारतीय न्यूज पोर्टल न्यूजक्लिक के पत्रकारों पर की गई छापेमारी को लेकर अमेरिका का बयान आया है। अमेरिकी विदेश विभाग के एक अधिकारी ने मंगलवार को कहा है, कि संयुक्त राज्य अमेरिका भारतीय मीडिया संगठन न्यूज़क्लिक और चीन के बीच कथित संबंधों की रिपोर्टों से परिचित है, लेकिन वह अभी तक उन दावों की सत्यता पर टिप्पणी नहीं कर सकता है।
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रधान उप प्रवक्ता वेदांत पटेल ने कहा, कि अमेरिका ने भारत सरकार से "ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह से अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता सहित, पत्रकारों के मानवाधिकारों का सम्मान करने के महत्व के बारे में" आग्रह किया है।
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता, वाशिंगटन डीसी में एक नियमित ब्रीफिंग के दौरान भारतीय पत्रकारों पर मारे गये छापे को लेकर जवाब दे रहे थे।

न्यूजक्लिक पर छापेमारी
समाचार पोर्टल न्यूज़क्लिक के संस्थापक-संपादक और HR डिपार्टमेंट के प्रमुख को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा, कई पत्रकारों को भी दिल्ली पुलिस अपने साथ लेकर गई थी, जिन्हें बाद में छोड़ दिया था।
दिल्ली पुलिस ने समाचा पोर्टल न्यूजक्लिक के कर्मचारियों और उसके फाइनेंस से जुड़े 50 से ज्यादा स्थानों पर दिन भर की तलाशी के बाद पोर्टल के प्रमुख और एचआर डिपार्टमेंट के हेड को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया।
द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, तलाशी और गिरफ्तारी, प्रवर्तन निदेशालय के इनपुट के आधार पर 17 अगस्त की एफआईआर के बाद हुई, कि न्यूज़क्लिक को कथित तौर पर संयुक्त राज्य अमेरिका के माध्यम से चीन से अवैध धन प्राप्त हुआ था।
यह पूछे जाने पर, कि क्या अमेरिका के पास संभावित चीनी प्रभाव ऑपरेशन के बारे में कोई जानकारी है. जो इससे जुड़ी हो सकती है, उसपर वेदांत पटेल ने किसी तरह की जानकारी होने से इनकार कर दिया।
आपको बता दें, कि अमेरिकी अखबार न्यूयॉर्क टाइम्स ने पिछले दिनों एक रिपोर्ट में दावा किया था, कि चीन की कम्युनिस्ट पार्टी की तरफ से भारतीय समाचार पोर्टसल न्यूजक्लिक को अवैध तरीके से पैसे पहुंचाए गये हैं, जिसका मकसद भारत में चीन के प्रोपेगेंडा को आगे बढ़ाना होता है।
इन आरोपों पर अमेरिकी विदेश विभाग के उप-प्रवक्ता वेदांत पटेल ने कहा है, "हम उन चिंताओं से अवगत हैं और हमने पीआरसी के साथ इस आउटलेट के संबंधों के बारे में रिपोर्टिंग देखी है, लेकिन हम उन दावों की सत्यता पर अभी तक कोई टिप्पणी नहीं कर सकते।"
हालांकि, पत्रकारों पर मारे गये छापों को स्वतंत्र प्रेस का उल्लंघन बताने के बारे में एक सवाल के जवाब में, पटेल ने कहा, "... अमेरिकी सरकार एक जीवंत और स्वतंत्र लोकतंत्र में सोशल मीडिया सहित विश्व स्तर पर मीडिया की मजबूत भूमिका का दृढ़ता से समर्थन करती है, और हम ऐसे मामलों को उठाते रहते हैं।"
उन्होंने आगे कहा, कि "इन मामलों पर भारत सरकार के साथ साथ हम दुनिया भर के देशों के साथ, फ्री प्रेस को लेकर मुद्दे उठाते रहते हैं और भारत के साथ ऐसे मुद्दे, हमारे द्विपक्षीय संबंधों के मूल में हैं।"
उन्होंने कहा, "हमने भारत सरकार से आग्रह किया है, और न केवल भारत बल्कि अन्य देशों के साथ भी पत्रकारों के मानवाधिकारों का सम्मान करने के महत्व के बारे में आग्रह किया है, जिसमें ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह से अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता भी शामिल है।"












Click it and Unblock the Notifications