अमेरिकी NSA मैकमास्टर की पाकिस्तान को खरी-खरी, प्रॉक्सी वॉर की जगह कूटनीति का प्रयोग करें
अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार एचआर मैकमास्टर ने पाकिस्तान पहुंचने से पहले पाक को दी चेतावनी। मैकमास्टर ने कहा कि कूटनीति का प्रयोग करे पाक न कि छद्म युद्ध का।
न्यूयॉर्क। अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) एचआर मैकमास्टर इस समय अफगानिस्तान के दौरे पर हैं और वह यहां से पाकिस्तान पहुंचेंगे। उनके पाकिस्तान पहुंचने से पहले उनका संदेश पाक पहुंच गया है। मैकमास्टर ने पाकिस्तान को साफ कर दिया है कि उसे 'कूटनीति' का प्रयोग करना चाहिए न कि किसी तरह के 'छद्म' का।

तालिबान पर करनी होगी कार्रवाई
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एनएसए मैकमास्टर ने कहा कि उन्होंने हमेशा ही कुछ आतंकी संगठनों का समर्थन करने के लिए पाक के नेतृत्व की आलोचना की है। अफगानिस्तान के टेलीविजन चैनल टोलो न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने यह बातें कही हैं। इस इंटरव्यू में उन्होंने जो कुछ भी कहा उससे तो यही लगता है कि मैकमास्टर आने वाले दिनों में पाकिस्तान पर सख्त होने वाले हैं। पाकिस्तान पर हमेशा से ही तालिबान को 'प्रॉक्सी फोर्स' के तौर पर प्रयोग करने और इसके नेताओं को शरण देने के आरोप लगते रहे हैं। अमेरिकी अखबार न्यूयॉर्क टाइम्स की खबर के मुताबिक अफगानिस्तान के अपने पहले दौरे पर मैकमास्टर ने कहा कि हम सब पिछले कई दिनों से सिर्फ इसी उम्मीद में बैठे हैं कि पाकिस्तान के नेताओं को यह बात समझ आएगी कि अब तालिबान जैसे आतंकी संगठनों के खिलाफ कार्रवाई करना उनके अपने ही फायदे के लिए है।
शनिवार को पहुंच रहे हैं भारत
मैकमास्टर के हवाले से लिखा गया है, 'अफगानिस्तान और बाकी जगहों पर उनके हितों को जारी रखने का सर्वश्रेष्ठ तरीका कूटनीति का प्रयोग करना है ना कि छद्म रवैया, जो कि हिंसा को बढ़ावा देता है।' न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में मैकमास्टर के साथ हुई चर्चा की जानकारी रखने वाले अफगान अधिकारियों के हवाले से कहा गया है कि पाकिस्तान में पनप रहे आतंकी समूहों से खतरे को लेकर एक साझा समझ है। एनएसए मैकमास्टर अपने पहले भारत दौरे पर इस शनिवार को राजधानी दिल्ली पहुंचेंगे। अमेरिका में जनवरी में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का शासन आने के बाद उनके किसी बड़े अधिकारी का यह पहला भारत दौरा है और इसे काफी अहम माना जा रहा है। पहुंचे। मैकमास्टर, अफगानिस्तान के बाद पाकिस्तान जाएंगे और फिर वह भारत आएंगे। माना जा रहा है उनके साथ मुलाकात के दौरान भारत के एनएसए अजित डोवाला पाकिस्तान की ओर से कुलभूषण जाधव को सुनाई गई मौत की सजा पर चर्चा कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications