अमेरिका का F-35 फाइटर जेट हुआ क्रैश, राफेल से ज्यादा है ताकतवर! जानिए दोनों की कीमत और क्षमता का फर्क
अमेरिकी नौसेना का एक F-35 फाइटक जेट बुधवार को कैलिफोर्निया में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह घटना कथित तौर पर नेवल एयर स्टेशन लेमूर के पास हुई। विमान का पायलट सुरक्षित रूप से विमान से बाहर निकल आया। पांचवीं पीढ़ी का यह स्टील्थ लड़ाकू विमान शाम लगभग 6:30 बजे (स्थानीय समयानुसार) दुर्घटनाग्रस्त हुआ।
NAS लेमूर ने एक बयान में कहा कि, 'पायलट सफलतापूर्वक विमान से बाहर निकल गया और सुरक्षित है। कोई और कर्मी प्रभावित नहीं है।' सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, नौसेना ने कहा कि विमान को स्ट्राइक फाइटर स्क्वाड्रन VF-125 को सौंपा गया था, जिसे 'रफ रेडर्स' के नाम से जाना जाता है।

वीडियो में दिखा दुर्घटनाग्रस्त विमान
गौरतलब है कि VF-125 एक फ्लीट रिप्लेसमेंट स्क्वाड्रन है। यह पायलटों और एयरक्रू को प्रशिक्षित करने के लिए जिम्मेदार है। दुर्घटनाग्रस्त विमान के दृश्य भी ऑनलाइन सामने आए। वीडियो में दुर्घटनाग्रस्त विमान के मलबे से आग की लपटें निकलती देखी जा सकती थीं। इलाके में काले धुएं का एक आवरण भी देखा जा सकता था।
किस कारण क्रैश हुआ अमेरिका का F-35 फाइटर जेट
यह नौसैनिक अड्डा फ्रेस्नो शहर से लगभग 64 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित है। दुर्घटना का कारण अभी तक ज्ञात नहीं है। अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
इस महीने की शुरुआत में, ब्रिटिश नौसेना का F-35 लड़ाकू विमान, जिसने 14 जून को तिरुवनंतपुरम हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग की थी, 37 दिनों के बाद उड़ान भरी। 10 करोड़ पाउंड की कीमत वाला यह ब्रिटिश F-35B लाइटनिंग II लड़ाकू विमान हाइड्रोलिक सिस्टम में खराबी के कारण केरल के हवाई अड्डे पर रुका हुआ था।
Rafale vs F-35: दोनों की कीमत और क्षमता का फर्क
अमेरिका का F-35 फाइटर जेट दुनिया के सबसे एडवांस स्टील्थ विमानों में गिना जाता है और 5वीं पीढ़ी की तकनीक से लैस है। इसके मुकाबले फ्रांस का राफेल F4 वर्जन 4.5 जेनरेशन का फाइटर है, जो तेज स्पीड, हाई मैन्युवर क्षमता और बैटल-प्रूवेन रिकॉर्ड के लिए जाना जाता है। लेकिन टेक्नोलॉजी, नेटवर्क वॉरफेयर और स्टील्थ जैसे मामलों में F-35 को राफेल से ज्यादा ताकतवर माना जाता है।
कीमत की बात करें तो F-35A की प्रति यूनिट एक्सपोर्ट कीमत करीब 110 मिलियन डॉलर है, जबकि राफेल F4 वेरिएंट की कीमत 130 मिलियन डॉलर तक जाती है। यानी F-35 तकनीकी रूप से आगे होते हुए भी राफेल से करीब 15-20% सस्ता है। हालांकि, ऑपरेशन और मेंटेनेंस के लंबे खर्च (Life-Cycle Cost) में F-35 कहीं ज्यादा भारी पड़ता है। जानकारों के मुताबिक, 40 साल की अवधि में F-35 की कुल लागत राफेल से करीब 1.6 गुना ज़्यादा हो सकती है। यानी कीमत में सस्ता, लेकिन चलाने में महंगा-यही है F-35 और राफेल का असली फर्क।












Click it and Unblock the Notifications