अमेरिकी सेना ने हेलमंद प्रांत में तालिबान को निशाना बनाकर किया हवाई हमला
नई दिल्ली। अमेरिका सेना ने अफगानिस्तान के दक्षिणी हेलमंद प्रांत में तालिबान के हमले के शिकार अफगानिस्तानी सुरक्षा बलों के समर्थन में कई हमले करने की खबर है। अफगानिस्तान में अमेरिकी सेना के प्रवक्ता कर्नल सोनी लेगेट ने बताया कि हेलमंट प्रांत में तालिबान के हालिया हमले अमेरिका और तालिबान के समझौते के अनुरूप नहीं है और यह अंतर-अफगान शांति वार्ता को कमजोर करते हैं।

गौरतलब है अमेरिका और तालिबान के बीच हुए शांति समझौते पर फऱवरी में हस्ताक्षर हुए थे। उन्होंने कहा कि अमेरिकी एयरस्ट्राइक्स फरवरी में हुए समझौते का उल्लंघन नहीं करते हैं। लेगेट ने अफगानिस्तान में अमेरिकी सेना के कमांडर जनरल स्कॉट मिलर के हवाले से कहा कि तालिबान को हेलमंद प्रांत में अपने आक्रामक कदमों और देशभर में अपनी हिंसात्मक गतिविधियों को तत्काल रोकने की आश्यकता है।

उन्होंने आगे कहा कि अमेरिकी सेना तालिबान के हमले के शिकार हुए अफगानिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा बलों को समर्थन मुहैया कराते रहेंगे। हेलमंद प्रांत की राजधानी लश्कर गाह में और इसके आसपास सोमवार को मुठभेड़ के बाद अमेरिका हमलों की घोषणा की गई।

हेलमंद प्रांतीय गर्वनर के प्रवक्ता उमर जवाक ने कहा कि तालिबानी लड़ाकों ने पिछले सप्ताह प्रांत के विभिन्न हिस्सों में समन्वित हमले शुरू किए और सप्ताहांत में ये हमले बढ़ गए। अफगानिस्तान सरकार और तालिबान के प्रतिनिधियों के बीच कतर में वार्ता जारी है। इस वार्ता का मकसद देश में दशकों से चल रहे युद्ध को समाप्त करना है।












Click it and Unblock the Notifications