काबुल एयरपोर्ट पर बढ़ा खतरा, अमेरिका ने अलर्ट जारी कर अपने नागरिकों को तत्काल यहां से जाने को कहा
काबुल, 26 अगस्त। अफगानिस्तान में अमेरिका लगातार लोगों को यहां से जल्द से जल्द निकालने की कोशिश में जुटा है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने 31 अगस्त तक अमेरिका से अपने सैनिकों को वापस बुलाए जाने का ऐलान किया है। ऐसे में कोशिश है कि 31 अगस्त तक सभी अमेरिकी नागरिकों को यहां से निकाल लिया जाए। लेकिन काबुल एयरपोर्ट के बाहर अब हालात बिगड़ते जा रहे हैं और इसको लेकर काबुल स्थिति अमेरिकी दूतावास ने अलर्ट जारी किया है। सुरक्षा को लेकर अलर्ट में कहा गया है कि काबुल एयरपोर्ट के एबी गेट, ईस्ट गेट या नॉर्थ गेट प जो भी अमेरिकी नागरिक हैं वह यहां से तुरंत चले जाएं। अमेरिकी दूतावास की ओर से कहा गया है कि काबुल एयरपोर्ट के बाहर सुरक्षा को काफी खतरा है, लिहाजा हम अमेरिकी नागरिकों को सुझाव देते हैं कि वह एयरपोर्ट की यात्रा ना करें, वह इस समय एयरपोर्ट के गेट पर ना जाएं जबतक कि अमेरिकी सरकार के किसी प्रतिनिधि की ओर से आपको ऐसा करने के लिए संपर्क ना किया जाए।

अमेरिका के साथ ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन, न्यूजीलैंड ने अपने नागरिकों को एयरपोर्ट से दूर किसी सुरक्षित स्थान पर जाने को कहा है। साथ ही सभी नागरिकों से अगले आदेश तक इंतजार करने को कहा गया है। दरअसल जिस तरह से काबुल पर तालिबान का कब्जा हो गया है उसके बाद बड़ी संख्या में लोग किसी भी तरह से काबुल छोड़कर जाना चाहते हैं, यही वजह है कि एयरपोर्ट पर लोगों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। लेकिन इस बीच आतंकी हमले के अलर्ट को जारी करके देशों ने अपने नागरिकों को काबुल एयरपोर्ट से दूर रहने को कहा है। भारत, अमेरिका समते तमाम देश फिलहाल अपने नागरिकों को यहां से निकालने की कोशिश में लगे हैं।












Click it and Unblock the Notifications