US F35 Jet Crash: अमेरिका का सबसे ताकतवर स्टील्थ फाइटर जेट क्रैश, जलते विमान से कैसे बची पायलट की जान?
US F35 jet crash San Diego: अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित सैन डिएगो में शुक्रवार सुबह अमेरिकी मरीन कॉर्प्स का अत्याधुनिक F-35B स्टील्थ फाइटर जेट मिरामार एयर बेस के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के तुरंत बाद विमान में भीषण आग लग गई, हालांकि पायलट समय रहते इजेक्ट कर सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहा। उसे मामूली चोटों के साथ अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अमेरिकी मरीन कॉर्प्स ने इस घटना को 'क्लास A मिसहैप' घोषित किया है, जो सैन्य विमान दुर्घटनाओं की सबसे गंभीर श्रेणी मानी जाती है। हादसे की जांच शुरू कर दी गई है और शुरुआती तौर पर दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

मिरामार एयर बेस के पास हुआ हादसा, पायलट सुरक्षित
शुक्रवार सुबह सैन डिएगो के मिरामार एयर बेस के नजदीक उड़ान के दौरान F-35B फाइटर जेट अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान जमीन से टकराते ही आग की लपटों में घिर गया। राहत की बात यह रही कि पायलट ने समय रहते इजेक्शन सिस्टम का इस्तेमाल कर अपनी जान बचा ली। उसे मामूली चोटें आई हैं और इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। हादसे के बाद सैन्य अधिकारियों ने पूरे इलाके को घेर लिया और जांच एजेंसियों को मौके पर बुलाया गया।
ये भी पढे़ं: भारतीय सामानों पर लगेगा 100% टैरिफ! अमेरिकी संसद के उच्च सदन में बिल पास, क्या है ट्रंप का प्लान?
भीषण आग पर काबू पाने में जुटीं दमकल टीमें
विमान के क्रैश होते ही घटनास्थल पर तेज धमाके के साथ आग फैल गई। आग की लपटें आसपास की झाड़ियों तक पहुंच गईं, जिसके बाद सैन डिएगो फायर विभाग और सैन्य दमकल इकाइयों ने संयुक्त अभियान चलाया। जमीन पर आग बुझाने के लिए विशेष सफेद फायर-रेटार्डेंट केमिकल का इस्तेमाल किया गया। कई दमकल गाड़ियां लगातार पानी की बौछार करती रहीं। अधिकारियों के अनुसार, आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और आसपास के इलाके को सुरक्षित घोषित करने से पहले मलबे की जांच की जा रही है।
क्यों खास है F-35B स्टील्थ फाइटर जेट?
F-35B दुनिया के सबसे आधुनिक स्टील्थ लड़ाकू विमानों में शामिल है। इसकी सबसे बड़ी खासियत शॉर्ट टेक-ऑफ और वर्टिकल लैंडिंग (STOVL) क्षमता है, जिससे यह छोटे रनवे या युद्धपोतों से भी उड़ान भर सकता है और हेलीकॉप्टर की तरह सीधा उतर सकता है। अमेरिकी मरीन कॉर्प्स के अलावा नौसेना और वायु सेना भी इस सीरीज के विमानों का इस्तेमाल करती हैं। एक F-35B की कीमत करीब 109 मिलियन डॉलर (करीब 950 करोड़ रुपये) बताई जाती है, इसलिए इसकी क्षति सैन्य दृष्टि से भी बेहद बड़ी मानी जाती है।
ये भी पढ़ें: Saudi-Houthi War: मिडिल ईस्ट में शुरू होने वाला है एक और बड़ा युद्ध? 4 साल बाद आमने-सामने हूती और सऊदी अरब
दूसरे बड़े हादसे के बाद जांच तेज
यह पिछले एक महीने में अमेरिकी मरीन कॉर्प्स के F-35B से जुड़ा दूसरा बड़ा हादसा है। इससे पहले वॉशिंगटन में भी इसी मॉडल का एक लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद इस विमान की सुरक्षा और तकनीकी विश्वसनीयता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। अमेरिकी मरीन कॉर्प्स ने इस दुर्घटना को 'क्लास A मिसहैप' की श्रेणी में रखते हुए विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।


Click it and Unblock the Notifications
