US Election 2020: पेंसिलवेनिया, जॉर्जिया, नवादा, नॉर्थ कैरोलिना और एरिजोना पर टिकी नजरें
वॉशिंगटन। अमेरिकी चुनाव के नतीजे आने में अब बस कुछ घंटे का समय बचा है। पांच राज्यों पर सबकी नजरें टिक गई हैं। एरिजोना, जॉर्जिया, पेंसिलवेनिया, नॉर्थ कैरोलिना और नवादा 46वें राष्ट्रपति के चुनाव में निर्णायक भूमिका अदा करने वाले हैं। इन सभी राज्यों में चुनाव अधिकारी लगातार वोटों की गिनती के काम को पूरा करने में लगे हुए हैं। एरिजोना और पेंसिलवेनिया में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समर्थक लगातार विरोध प्रदर्शन में व्यस्त हैं।
Recommended Video

एरिजोना-न्यूज एजेंसी एपी के मुताबिक एरिजोना में अधिकारियों के मुताबिक 250,000 वोटों की गिनती का काम बचा है। यहां पर डेमोक्रेट जो बाइडेन के विजयी होने की संभावनाएं बढ़ गई हैं। न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक बाइडेन फिलहाल एरिजोना में 45,000 वोटों से आगे हैं। सबकी नजरें मैरिकोपा काउंटी पर हैं जहां पर शुक्रवार सुबह तक नतीजे आएंगे। एरिजोना में जीत के साथ ही बाइडेन की जीत पर भी स्टैंप लग जाएगा।
जॉर्जिया- जॉर्जिया में मेल-इन बैलेट्स का पहाड़ लगा हुआ है। इस राज्य में जो बाइडेन अब आगे चल रहे हैं। शुक्रवार तड़के बाइडेन ने ट्रंप पर 917 वोटों की लीड ले ली थी। इसके साथ ही साल 1992 के बाद जॉर्जिया में आगे होने वाले वह पहले डेमोक्रेट उम्मीदवार बन गए। इस राज्य को रिपब्लिकन के दबदबे वाला राज्य माना जाता है। जॉर्जिया की अटलांटा सिटी में बहुत से युवा वोटर्स हैं। अधिकारियों के मुताबिक शुक्रवार शाम तक यहां पर वोटिंग जारी रह सकती है।
पेंसिलवेनिया- इस राज्य में भी ट्रंप की लीड कम हो गई है। यह ऐसा राज्य है जहां पर वह बड़े अंतर के साथ लीड कर रहे थे। बाइडेन इस समय पेंसिलवेनिया में 22,000 वोटों से पीछे चल रहे हैं और मेल-इन बैलेट्स की गिनती का काम होना अभी बाकी है। बाइडेन और डेमोक्रेट्स विस्कॉन्सिन, मिशीगन और पेंसिलवेनिया में जीत के साथ उस आंकड़ें का छू लेंगे जो रिकॉर्ड बुक में दर्ज हो जाएगा। साल 2016 में ट्रंप ने यहां पर तीनों चुनाव जाते थे।
नॉर्थ कैरोलिना- नॉर्थ कैरोलिना वह आखिरी राज्य होगा जहां से नतीजे आएंगे। बताया जा रहा है कि राज्य में 12 नवंबर तक मेल इन बैलेट्स आने का सिलसिला जारी रहेगा। यहां पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को जीत मिलती नजर आ रही है। अब तक हालांकि 50 प्रतिशत वोटों की गिनती होनी बाकी है। ऐसे में बाइडेन के लीड लेने के चांस बहुत कम हैं।
नवादा-जो बाइडेन नवादा में लीड कर रहे हैं। पिछले एक दशक से यह राज्य डेमोक्रेट्स का गढ़ बना हुआ है। बाइडेन यहां पर सिर्फ 11,000 वोटों से लीड कर रहे हैं और 190,000 वोटों की गिनती होनी बाकी है। ऐसे में ट्रंप लीड कर सकते हैं, इस बात की संभावना बनी हुई है। नॉर्थ कैरोलिना की तरह नवादा में भी 12 नवंबर तक मेल-इन बैलेट्स आने का सिलसिला जारी रहेगा। नवादा की क्लार्क काउंट में ट्रंप के समर्थकों की तरफ से बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शनों का सिलसिला जारी है।












Click it and Unblock the Notifications