राहुल गांधी से मुलाकात के बाद बांग्लादेश पहुंचे अमेरिकी अधिकारी, सरकार गिराने में कुख्यात हैं डोनाल्ड लू
Bangladesh America: अमेरिकी विदेश विभाग के एक प्रमुख डिप्लोमेट, जो अलग अलग देशों में सरकार गिराने के लिए कुख्यात माने जाते हैं, वो शनिवार को बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार के साथ वित्तीय और व्यापार मामलों पर चर्चा करने के लिए ढाका पहुंचे हैं।
दक्षिण और मध्य एशियाई मामलों के सहायक विदेश मंत्री डोनाल्ड लू ढाका में एक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं, जिसमें दक्षिण और मध्य एशिया के लिए सहायक अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि ब्रैंडन लिंच भी शामिल हैं। bdnews24.com समाचार पोर्टल ने विदेश मंत्रालय की तरफ से जारी एक प्रेस रिलीज में इसकी जानकारी दी है।

प्रेस रिलीज में कहा गया है, कि द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा के लिए मोहम्मद यूनुस से मिलने के अलावा प्रतिनिधिमंडल वित्त एवं वाणिज्य सलाहकार सालेहुद्दीन अहमद से भी मुलाकात करेगा। विदेश सलाहकार तौहीद हुसैन ने कहा, कि चर्चा मुख्य रूप से वित्तीय और व्यापार मामलों पर केंद्रित होगी। इससे पहले विदेश सचिव मोहम्मद जशीम उद्दीन ने गुरुवार को संवाददाताओं से कहा था, कि "मैं केवल इतना कह सकता हूं कि अंतरिम सरकार के गठन के बाद अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का आना बांग्लादेश के साथ अपने संबंधों को अमेरिका द्वारा दिए जाने वाले महत्व को दर्शाता है।"
राहुल गांधी से भी की थी मुलाकात
डोनाल्ड लू वही अधिकारी हैं, जिनपर इमरान खान ने अपनी सरकार गिराने का आरोप लगाया था। उन्होंने खुले शब्दों में कहा था, कि डोनाल्ड लू ने उनकी सरकार को गिराने में अहम भूमिका निभाई थी।
इससे पहले डोनाल्ड लू ने राहुल गांधी से भी मुलाकात की थी, जिसे अमेरिका ने सामान्य डिप्लोमेटिक जुड़ाव कहा था।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी सोमवार को वाशिंगटन में शीर्ष अमेरिकी अधिकारी डोनाल्ड से मिले थे, जिसपर अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता ने कहा था, कि यह बैठक "हमारे साझेदारों के साथ हमारे नियमित कूटनीतिक जुड़ाव का हिस्सा थी।"
विशेष रूप से, राहुल गांधी ने अमेरिकी विदेश विभाग के दक्षिण और मध्य एशिया ब्यूरो के सहायक विदेश मंत्री डोनाल्ड लू से इस महीने के अंत में अमेरिकी राजनयिक की भारत और बांग्लादेश यात्रा से पहले मुलाकात की।
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता ने एएनआई को बताया, कि "अमेरिकी सरकार अपने साझेदारों के साथ नियमित कूटनीतिक जुड़ाव के हिस्से के रूप में सरकार और विपक्षी दलों के सदस्यों के साथ-साथ नागरिक समाज के प्रतिनिधियों और अन्य हितधारकों से मिलती है।" प्रवक्ता ने आगे कहा, "हमारे निजी राजनयिक संचार पर हमारे पास और कोई टिप्पणी नहीं है।"












Click it and Unblock the Notifications