भारत में महिलाओं को अकेले यात्रा से क्यों रोका अमेरिका ने? नई एडवाइजरी ने मचा दी हलचल, वजह भी बताई
भारत में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर अमेरिका ने एक नई ट्रेवल एडवाइजरी (Level-2 Travel Advisory) जारी की है। अमेरिकी नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे भारत की यात्रा के दौरान खास सावधानी बरतें और महिलाएं अकेले यात्रा करने से बचें। यह एडवाइजरी अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने जारी की है, जिसमें अपराध और आतंकवाद की आशंका को वजह बताया गया है।
अमेरिका ने भारत को लेकर लेवल-2 ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया है कि पर्यटक स्थलों और अन्य जगहों पर हिंसक अपराध और यौन उत्पीड़न जैसी घटनाएं हो सकती हैं। एडवाइजरी में कहा गया कि,'भारत में बलात्कार सबसे तेजी से बढ़ते अपराधों में से एक है।'

साथ ही यह भी चेतावनी दी गई कि आतंकी हमले बिना किसी चेतावनी के हो सकते हैं और इनके निशाने पर बाजार, ट्रांसपोर्ट हब, शॉपिंग मॉल और सरकारी इमारतें हो सकती हैं।
महिलाओं और यात्रियों के लिए सलाह
अमेरिकी नागरिकों को कहा गया है कि वे अकेले यात्रा न करें, खासकर महिलाएं। इसके अलावा एडवाइजरी में सैटेलाइट फोन या GPS डिवाइस न रखने की चेतावनी दी गई है। ऐसा करने पर $200,000 का जुर्माना या 3 साल तक की जेल हो सकती है।
इन इलाकों में न जाएं बिना अनुमति
अमेरिकी नागरिकों और सरकारी कर्मचारियों को कुछ राज्यों की राजधानी से बाहर जाने के लिए खास अनुमति लेनी होगी।
ये राज्य हैं:
- बिहार (Bihar)
- झारखंड (Jharkhand)
- छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh)
- पश्चिम बंगाल (West Bengal)
- मेघालय (Meghalaya)
- ओडिशा (Odisha))
साथ ही, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के पूर्वी इलाकों में भी बिना अनुमति यात्रा न करने की सलाह दी गई है।
सीमा और पूर्वोत्तर क्षेत्रों पर चेतावनी
अमेरिका ने नागरिकों को जमीन के रास्ते भारत-नेपाल सीमा पार न करने की सलाह दी है क्योंकि इससे इमिग्रेशन से जुड़ी परेशानी और जुर्माना हो सकता है। मणिपुर और पूर्वोत्तर राज्यों में भी सुरक्षा को लेकर खतरे की बात कही गई है।
अमेरिका ने क्यों उठाया यह कदम?
दरअसल, हाल के दिनों में भारत के कुछ हिस्सों में बढ़ते अपराध, यौन हिंसा की घटनाएं और आतंकी हमलों की आशंकाएं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता का विषय बनी हैं। इसके अलावा, पूर्वोत्तर राज्यों और भारत-पाकिस्तान सीमा पर जारी तनाव और हिंसक झड़पों के चलते अमेरिका अपने नागरिकों को जोखिम से दूर रखना चाहता है। इस एडवाइजरी का मकसद यह भी है कि अमेरिकी नागरिक किसी असुरक्षित इलाके में जाने से पहले सतर्क रहें और स्थानीय हालात को समझकर ही यात्रा की योजना बनाएं।












Click it and Unblock the Notifications