एटम बम बनाने के बेहद करीब पहुंचा ईरान, AIEA का दावा- देश के पास है 70 परमाणु बम बनाने जितना यूरेनियम
AIEA के महानिदेशक ने कहा है कि यदि ईरान चाहे तो उसके पास अब कई परमाणु बम बनाने के लिए पर्याप्त यूरेनियम है, लेकिन उसे कोई हथियार बनाने में महीनों लग जाएंगे।

तस्वीर- IAEA निदेशक राफेल ग्रोसी
(File Image)
संयुक्त राष्ट्र की परमाणु प्रहरी अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) ने अपनी ताजा रिपोर्ट में दावा किया है कि ईरान ने अपने परमाणु संवर्धन संयंत्र में 83.7% शुद्धता तक समृद्ध यूरेनियम कणों को विकसित कर लिया है और वह परमाणु हथियार बनाने के बहुत करीब है। इससे पहले बीते सप्ताह ऊर्जा एजेंसी के अधिकारियों ने ये दावा किया था कि ईरान ने अपने परमाणु संवर्धन संयंत्र में 60 फीसदी शुद्धता तक समृद्ध यूरेनियम कणों को विकसित कर लिया है तथा उनके हथियारों का ग्रेड 90 फीसदी है।
बढ़ सकता है तनाव
IAEA ने एक रिपोर्ट में कहा कि इन कणों की उत्पत्ति का पता लगाने के लिए चर्चा अभी भी जारी है। एजेंसी द्वारा सदस्य देशों को वितरित की गई इस गोपनीय त्रैमासिक रिपोर्ट से ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर उसके तथा पश्चिमी देशों के बीच तनाव और बढ़ने की आशंका है। IAEA के महानिदेशक ने कहा है कि यदि ईरान चाहे तो उसके पास अब कई परमाणु बम बनाने के लिए पर्याप्त यूरेनियम है, लेकिन उसे कोई हथियार बनाने में महीनों लग जाएंगे। ईरान में पाए गए कणों के बारे में पूछे जाने पर तेहरान सरकार ने कहा कि संवर्धन प्रक्रिया के दौरान या फिर फीड सिलेंडर को बदलने के दौरान 'अनपेक्षित उतार-चढ़ाव' हो सकता है।
आपको बता दें कि ईरान पहले ही 60 फीसदी शुद्धता वाले यूरेनियम संवर्धन की घोषणा कर चुका है। ईरान ने 2015 में यूरेनियम के संवर्धन को सीमित करने और आर्थिक प्रतिबंधों को हटाने के बदले में आईएईए निरीक्षकों को अपने परमाणु स्थलों का दौरा करने की अनुमति देने के लिए विश्व शक्तियों के साथ एक समझौता किया। लेकिन 2018 में यह समझौता रुक गया। रिपोर्ट में संयुक्त राष्ट्र की परमाणु निगरानी संस्था ने यह भी कहा कि ईरान का में यूरेनियम दो जगहों पर उत्पादित किया जा रहा है।
सीमाओं से अधिक यूरेनियम का संवर्धन
इसके साथ ही एजेंसी ने ये दावा किया है कि पिछली तिमाही की रिपोर्ट के बाद से इसमें काफी बढ़ोतरी हुई है। ईरान, समझौते में निर्धारित सीमाओं से अधिक यूरेनियम का संवर्धन कर रहा है और IAEA का मानना है कि उसका अनुमानित भंडार उस समझौते में निर्धारित सीमा से 18 गुना अधिक है। IAEA की रिपोर्ट में कहा गया है कि 22 जनवरी 2023 को निरीक्षण के दौरान एजेंसी ने पर्यावरण के नमूने लिए। फोर्डो (एसआईसी) संयंत्र में जिसके विश्लेषणात्मक परिणामों ने 83.7 प्रतिशत यू -235 तक उच्च समृद्ध यूरेनियम कणों की मौजूदगी दिखाई।
कुल संवर्धित यूरेनियम भंडार बढ़ा
IAEA के मुताबिक, 60 प्रतिशत शुद्धता से समृद्ध लगभग 42 किलोग्राम यूरेनियम एक महत्वपूर्ण मात्रा है, इससे परमाणु विस्फोटक उपकरण बनाए जा सकते हैं। हालांकि, एक वरिष्ठ राजनयिक ने बताया कि एक एटम बम बनाने के लिए 55 किलो से अधिक यूरेनियम की जरूरत होगी क्योंकि संवर्धन के दौरान कुछ किलो यूरेनियम बर्बाद हो जाते हैं। AIEA के अनुमान के मुताबिक, 12 फरवरी तक ईरान का कुल संवर्धित यूरेनियम भंडार 3,760 किलोग्राम होने का अनुमान है, जो नवंबर की पिछली रिपोर्ट की तुलना में 87.1 किलोग्राम अधिक है। इस हिसाब से ईरान के पास 70 से भी अधिक परमाणु बम बनाने जितना यूरेनियम है।
CIA निदेशक ने जताई चिंता
सीआईए के निदेशक विलियम्स बर्न्स ने सीबीएस को बताया, "जहां तक हमारी जानकारी है, हम यह नहीं मानते हैं कि ईरान के सर्वोच्च नेता ने अभी तक शस्त्रीकरण कार्यक्रम को फिर से शुरू करने का फैसला किया है, जिसे हमने 2003 के अंत में निलंबित या बंद कर दिया था। लेकिन हकीकत कुछ और है। रिपोर्ट यह बताती है कि ईरान का परमाणु कार्यक्रम चिंताजनक गति से आगे बढ़ रहा है। ईरान उस बिंदु पर बहुत आगे बढ़ गया है जहां यह केवल कुछ हफ्तों की बात होगी जब वे 90 प्रतिशत तक समृद्ध हो सकते हैं।"












Click it and Unblock the Notifications