'मेरे परिवार को निशाना बनाएगा रूस', जानिए यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की की फैमिली में है कौन-कौन?
कीव, 25 फरवरी। यूक्रेन और रूस के बीच शुरू हुआ ये युद्ध अब न जाने किस परिणाम पर जाकर खत्म होगा। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आदेश के बाद से रूसी सेना तूफान बनकर यूक्रेन पर टूट पड़ी है, वहीं यूक्रेन कम सैन्य शक्ति के बावजूद रूस का सामना कर रहा है। सैन्य और तकनीक के मामले में यूक्रेन और रूस में जमीन आसमान का फर्क है, ऐसे में राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की कब तक राजधानी कीव की सुरक्षा कर सकते हैं, ये चिंता का विषय है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की अपनी लोगों के साथ-साथ अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंतित हैं।

युद्ध से सहमा यूक्रेन
रूसी सेना के हमले के बाद से यूक्रेन के हालात काफी नाजुक बने हुए हैं, अब तक कई सैनिक और स्थानीय नागरिक इस हमले में अपनी जान गंवा चुके हैं। वलोडिमिर जेलेंस्की लगातार अपनी जनता के संपर्क में बने हुए हैं, बीते दिनों वो एक वीडियो संदेश में भावुक हो गए थे, जिसके बाद उनके परिवार को लेकर चर्चा तेज हो गई है। वीडियो में राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि पहले मुझे और उसके बाद मेरे परिवार को निशाना बनाया जाएगा।

परिवार को लेकर जताई थी चिंता
इस वीडियो के बाद अब दुनियाभर से लोग प्रेसिडेंट जेलेंस्की के परिवार और उनके करीबियों के बारे में सर्च कर रहे हैं। रूसी सेना का डटकर मुकाबला कर रहे यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने कहा कि वह हर चुनौती का डटकर सामना करेंगे, अंतिम सांस तक वो अपने लोगों को नहीं छोड़ेंगे। हाल ही में उनका एक वीडियो सामने आया जिसमें उन्होंने अपनी पत्नी ओलेना वलोडिमिरिवना जेलेंस्का और दोनों बच्चों का जिक्र किया।

2003 में की थी शादी
यूक्रेन की प्रथम महिला ओलेना ओलेना वलोडिमिरिवना जेलेंस्का भी काफी सुर्खियों में रहती हैं। पेशे से वो एक आर्किटेक्ट, स्क्रीन राइटर हैं। साल 2019 में फोकस मैग्जीन ने जेलेंस्का को 100 सबसे प्रभावशाली यूक्रेनियन की लिस्ट में 30वें स्थान पर रखा था। राष्ट्रपति वलोडिमिर से उनकी शादी साल 2003 में हुई थी, जब वो अपने करियर को लेकर संघर्ष कर रहे थे।

कॉमेडियन से राष्ट्रपति कैसे बनें?
बहुत कम लोगों को पता है कि वलोडिमिर यूक्रेन के राष्ट्रपति बनने से पहले एक कॉमेडियन हुआ करते थे। उनके राष्ट्रपति बनने की कहानी भी बड़ी दिलचस्प है। साल 1997 में वलोडिमिर जेलेंस्की ने कई अन्य कॉमेडियन्स के साथ मिलकर अपना ग्रुप बनाया और 2003 में शोज करना शुरू किए। इसी दौरान उनकी मुलाकात ओलेना से हुई और दोनों ने शादी कर ली।

पहले ही कार्यकाल में युद्ध का सामना
कॉमेडियन के तौर पर वलोडिमिर को लोगों का खूब प्यार मिला और इसी से प्रभावित होकर उन्होंने राजनीति में आने का फैसला किया। साल 2018 में उन्होंने 'सर्वेंट ऑफ द पीपल पार्टी' के टिकट से राष्ट्रपति चुनाव लड़ा और 73 फीसदी वोटों से जीत दर्ज की। इसके बाद कॉमेडियन से प्रेसिडेंट बने वलोडिमिर ने यूक्रेन की जनता के लिए कई बड़े फैसले लिए, लेकिन उन्हें भी नहीं पता था कि पहले कार्यकाल में ही एक युद्धा का नेतृत्व भी करना होगा।

ओलेना ने पढ़ी है इंजीनियरिंग की पढ़ाई
वलोडिमिर के परिवार की बात करें तो उनकी पत्नी ओलेना ने सिविल इंजीनियरिंग की डिग्री ली है। हालांकि उन्होंने कभी अपनी डिग्री के मुताबिक इंजीनियरिंग और आर्किटेक्ट फील्ड ज्यादा काम नहीं किया। ओलेना को लिखता पसंद है। वह सोशल वर्क भी करती है, कोरोना संकट के दौरान ओलेना ने कई परोपकारी काम किए। प्रेसिडेंट वलोडिमिर और ओलेना के दो बच्चे (एक बेटा और एक बेटी) हैं।

बेटी और बेटे के नाम
उनके बेटे का नाम किरिलो है और बेटी का नाम ऑलेक्जेंड्रा है। सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहने वाले राष्ट्रपति वलोडिमिर अक्सर अपनी फैमिली के साथ फोटो शेयर करते रहते हैं। 15 जुलाई, 2019 में उन्होंने अपनी बेटी का 15वां जन्मदिन मनाया, जिसकी तस्वीरें उन्होंने इंस्टाग्राम पर शेयर की थीं। वर्तमान में उनकी बेटी ऑलेक्जेंड्रा 17 साल की हो गई हैं। रिपोर्ट की माने तो उनके बेटे किरिलो का जन्म 2013 में हुआ था।
Recommended Video
यह भी पढ़ें: हिटलर है पुतिन, हमें माफ कर दो यूक्रेन, हस्ताक्षर अभियान... यूक्रेन युद्ध पर देश में ही घिरे राष्ट्रपति पुतिन












Click it and Unblock the Notifications