रूसी सेना से बच निकली यूक्रेनी मासूम लेकिन मौत ने पीछा नहीं छोड़ा, किशोर ने गाड़ी से रौंदकर ली जान
रोम, 24 मार्च। एक पांच साल की यूक्रेनी बच्ची जो रूसी सेना के भयंकर हमले से बचकर निकल गई थी उसकी सड़क हादसे में मौत हो गई। उसे एक टीनएज ड्राइवर ने अपनी गाड़ी से बुरी तरह रौंद दिया। हादसे में एक 16 साल के किशोर की भी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में 18 साल के ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है।

जान बचाने के लिए पहुंची थी इटली
5 साल की टासिया उन लाखों लोगों में थी जो एक महीने पहले यूक्रेन पर शुरू हुए भीषण रूसी हमले के चलते अपना देश छोड़कर दूसरे देशों में शरणार्थी बनने को मजबूर हुए हैं। टासिया अपनी मां लूडा के साथ जान बचाकर इटली के क्रोटोन में पहुंची थी लेकिन उसे क्या ही पता था कि यहां मौत उसका इंतजार कर रही है।

वॉक पर निकली थी नन्हीं टासिया
रिपोर्ट के मुताबिक हादसा उस समय हुआ जब टासिया की बहन अपने बॉयफ्रेंड के साथ टासिया को वॉक पर लेकर निकली थी। टासिया को उसकी बहन के बॉयफ्रेंड ने गोद में ले रखा था तभी 18 वर्षीय किशोर अपनी कार लेकर वहां पहुंचा और जोर की टक्कर मार दी। युवक उछलकर गाड़ी के सामने वाले ग्लास पर जा गिरी और टासिया उसके हाथ से छूट कर गाड़ी के नीचे आ गई। टासिया की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 16 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानबूझकर मारी थी टक्कर
रिपोर्ट के मुताबिक टक्कर मारने वाले युवक ने जानबूझकर ऐसा किया था क्योंकि उसकी टासिया की बहन के बॉयफ्रेंड के साथ निजी खुन्नस थी। पुलिस ने शुरुआती जांच रिपोर्ट के आधार पर कहा कि ऐसा लगता है कि टक्कर जानबूझकर मारी गई है। इटैलियन मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक हो सकता है युवक टासिया की बहन को चाहता रहा हो या कोई और वजह है, पुलिस जांच कर रही है।

ड्राइवर के पिता भी थे मौजूद
जब यह हादसा हुआ उस समय गाड़ी चला रहे 18 वर्षीय किशोर के पिता भी गाड़ी में उसके साथ ही बैठे थे। टक्कर के बाद पिता ने एंबुलेंस को फोन किया और कथित हमले की जिम्मेदारी खुद पर लेने की कोशिश की कि यह एक हादसा था। हालांकि पुलिस को जल्द ही मामला समझ में आ गया कि कौन गाड़ी चला रहा था। पुलिस ने जांच रिपोर्ट ने कहा है कि वहां सड़क पर ब्रेक लगाने के कोई संकेत नहीं मिले जिसका मतलब है कि यह हादसा जानबूझकर किया गया।

इटली में पहुंचे हैं हजारों शरणार्थी
यूरोप के दूसरे देशों की तरह इटली भी उन यूक्रेनी शरणार्थियों को अपने देश में जगह दे रहा है जो रूसी हमले के चलते अपनी जन्मभूमि छोड़कर भाग रहे हैं। इटली की सरकार ने शरणार्थियों के लिए आवास और एकीकरण कार्यक्रमों में मदद के लिए धन आवंटित किया है।
रूसी हमले के एक महीने के अंदर लगभग 35 लाख लोग यूक्रेन छोड़कर दूसरे देशों में शरण ले चुके हैं जिनमें 50000 से अधिक इटली पहुंचे हैं। इसमें 20,000 से अधिक बच्चे हैं।












Click it and Unblock the Notifications