बेलारूस ने यूक्रेनी मिसाइल को मार गिराने का किया दावा, क्या जंग में शामिल होंगे पुतिन के जिगरी दोस्त?
रूस ने 24 फरवरी को यूक्रेन पर हमला किया था और उसके बाद से ही बेलारूस लगातार युद्ध में सक्रिय रहा है।

Belarus in Ukraine War: यूक्रेन युद्ध में पुतिन के जिगरी दोस्त के शामिल होने की आशंका एक बार फिर से काफी बढ़ गई है और बेलारूस ने दावा किया है, कि उसने यूक्रेनी एयर डिफेंस मिसाइल को अपनी सीमा के अंदर मार गिराया है। रिपोर्ट के मुताबिक, बेलारूस ने यूक्रेनी राजदूत को यह कहते हुए तलब किया है, कि उसने बेलारूसी क्षेत्र में एक यूक्रेनी वायु रक्षा मिसाइल को मार गिराया है।

यूक्रेनी मिसाइल मार गिराने का दावा
बेलारूस ने यूक्रेनी एयर डिफेंस मिसाइल को उस वक्त मार गिराने का दावा किया है, जब रूस ने यूक्रेन पर 100 से ज्यादा मिसाइलों की बारिश की थी और उन मिसाइलों को हवा में ही मार गिराने के लिए यूक्रेन ने एयर डिफेंस मिसाइल का इस्तेमाल किया। उनमें से एक मिसाइल यूक्रेनी सीमा को पार करते हुए बेलारूस की सीमा में पहुंच गई, जिसे बेलारूस ने मार गिराया है। बेलारूस के सरकारी टेलीविजन के फुटेज में एक मैदान में मिसाइल का मलबा नजर आ रहा है। वहीं, यूक्रेन के सैन्य प्रवक्ता ने कहा है, कि यह घटना देश की "एयर डिफेंस का परिणाम" था। वहीं, बेलारूस, जो रूस का सबसे खास सहयोगी है, उसने अपनी सीमा के पास S-300 रॉकेट के नीचे गिरने के बाद यूक्रेन से जांच की मांग की है।

बेलारूस ने दी यूक्रेन को चेतावनी
फरवरी में रूसी आक्रमण के बाद से यह पहली बार है जब बेलारूस ने यूक्रेन की किसी मिसाइल को मार गिराया है। रिपोर्ट के मुताबिक, यूक्रेनी राजदूत को मिन्स्क में विदेश मंत्रालय में बुलाया गया था। रॉयटर्स समाचार एजेंसी ने कहा है, कि बेलारूसी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनातोली ग्लेज़ ने कहा है, कि "बेलारूसी पक्ष इस घटना को बेहद गंभीर मानता है।" वहीं, बेलारूस ने यूक्रेन से "भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए व्यापक उपाय करने" का आह्वान किया। यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि, यह उन देशों के विशेषज्ञों को आमंत्रित करने के लिए तैयार है, जो "रूस के आतंकवादी करतूतों" का समर्थन नहीं करते हैं, ताकि घटना की जांच में मदद मिल सके। यूक्रेन ने कहा है, कि वह "अपने स्वयं के आकाश की रक्षा और सुरक्षा का बिना शर्त अधिकार" सुरक्षित रखता है।

यूक्रेन ने कहा- उकसावे की कार्रवाई
यूक्रेन ने कहा है, कि वह एक "जानबूझकर उकसावे" से इंकार नहीं करता है, जिसमें मास्को ने अपनी क्रूज मिसाइलों को एक ऐसे रास्ते पर लॉन्च किया, जहां उन्हें बेलारूसी क्षेत्र में इंटरसेप्ट किया जाएगा। बेलारूस ने कहा कि, मिसाइल यूक्रेन की सीमा से लगभग 15 किमी दूर ब्रेस्ट क्षेत्र के हरबाचा गांव के पास मार गिराई गई। वहीं, रेडियो फ्री यूरोप को एक चश्मदीद ने बताया कि, "हमारी खिड़कियां हिल रही थीं और घर एक तेज आवाज आई।" वहीं, ब्रेस्ट क्षेत्र के सैन्य कमिश्नर ओलेग कोनोवलोव ने इस घटना को कम करने की आंकने कोशिश की और सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए कहा, कि "दुर्भाग्य से, ये चीजें होती हैं।" वहीं, यूक्रेन ने इस घटना की तुलना पिछले महीने की उस घटना से की है, जब एक मिसाइल पोलैंड में गिर गई थी, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई थी। हालांकि, रूस का दावा है, कि वो मिसाइल यूक्रेनी थी।












Click it and Unblock the Notifications