Ukraine New PM: यूक्रेन को मिली दूसरी महिला प्रधानमंत्री, जंग के बीच यूलिया स्विरीडेन्को संभालेंगी कुर्सी
Ukraine New PM: यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने देश में बड़े सरकारी फेरबदल किए। जेलेंस्की ने देश को अब एक नए नेता के हाथों में सौंपा है। ये कोई आम नेता नहीं, बल्कि एक तेजतर्रार अर्थशास्त्री और जेलेंस्की के भरोसेमंद सहयोगी यूलिया स्विरीडेन्को हैं।
क्यों लिया गया अभी ये फैसला?
यूक्रेन-रूस युद्ध को चलते तीन साल हो चुके हैं। युद्ध के बाद अब यूक्रेनी जनता थक गई है, यह फैसला कैबिनेट को एक नई ऊर्जा और दिशा देने के लिए लिया गया है। अब तक यूक्रेन के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रधानमंत्री डेनिस शमिहाल रक्षा मंत्री बने है। लेकिन फिलहाल सुर्खियों में सिर्फ एक ही नाम यूलिया स्विरीडेन्को है।

यूलिया ही क्यों?
यूक्रेन-रूस के युद्ध के बाद पहली बार यूक्रेन की सरकार में बड़ा बदलाव हुआ है। राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने देश की कमान अब 39 साल की अर्थशास्त्री और भरोसेमंद सहयोगी यूलिया स्विरीडेन्को को सौंप दी है। स्विरीडेन्को यूक्रेन की दूसरी महिला प्रधानमंत्री हैं और पिछले 15 साल में इस पद पर आने वाली पहली महिला हैं।
पहले भी केबिनेट में रही हैं यूलिया
स्विरीडेंको इससे पहले प्रथम उप-प्रधानमंत्री और आर्थिक विकास एवं व्यापार मंत्री के रूप में काम कर रही थीं, और इसी कारण वे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन के संपर्क में आईं। इस साल की शुरुआत में वाशिंगटन और कीव के बीच एक महत्वपूर्ण खनिज समझौते पर बातचीत करने का श्रेय उन्हें ही जाता है, जिससे ट्रंप और जेलेंस्की के रिश्तों में सुधार भी हुआ।
यूलिया का प्रधानमंत्री बनने तक का सफर?
यूलिया का जन्म 25 दिसंबर 1985 को चेर्निहिव शहर में हुआ था। एक सरकारी परिवार से आने वाली यूलिया ने कीव नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ ट्रेड एंड इकनॉमिक्स से पढ़ाई की और आगे चलकर जर्मनी और स्वीडन में मैनेजमेंट कोर्स किया। दिलचस्प बात ये है कि उन्हें अंग्रेजी और चीनी दोनों भाषाओं का अच्छा ज्ञान था, जिसने उनकी अंतरराष्ट्रीय समझ को और भी मजबूत बनाया।
-2011: यूलिया ने चीन के वूशी शहर में चेर्निहिव की प्रतिनिधि के तौर पर काम किया। यहीं से उनकी अंतरराष्ट्रीय कूटनीतिक यात्रा की शुरुआत हुई।
-2015: चेर्निहिव ओब्लास्ट के आर्थिक विकास विभाग की प्रमुख बनीं।
-2018: कुछ ही समय बाद 2018 में उन्हें चेर्निहिव की कार्यवाहक गवर्नर बनाया दिया गया।
-2020: राष्ट्रपति जेलेंस्की ने उन्हें पूर्वी यूक्रेन के संकट से जुड़ी वार्ता (Trilateral Contact Group) में सामाजिक-आर्थिक श्रेणी में देश का प्रतिनिधित्व सौंपा।
-22 दिसंबर 2020: यूलिया को राष्ट्रपति कार्यालय का डिप्टी हेड नियुक्त किया गया।
-4 नवंबर 2021: यूक्रेन की संसद (वेरखोवना रादा) में उन्हें भारी समर्थन मिला जिसके बाद वे प्रथम उप प्रधानमंत्री और आर्थिक विकास मंत्री बनीं।
कुर्सी संभालते ही वादे
स्विरीडेन्को ने सोशल मीडिया पर कहा कि वह यूक्रेन के घरेलू हथियार उत्पादन और उसके सशस्त्र बलों की ताकत बढ़ाने तथा अर्थव्यवस्था को समर्थन देने पर ध्यान केंद्रित करना चाहती हैं। उन्होंने आगे कहा, "हमारी सरकार एक ऐसे यूक्रेन की ओर बढ़ रही है जो अपनी सैन्य, आर्थिक और सामाजिक नींव पर मज़बूती से खड़ा हो। इसके साथ ही यूलिया ने आगे कहा, मेरा मुख्य लक्ष्य असली, सकारात्मक परिणाम लाना हैं जिसे हर यूक्रेनी अपने रोजाना दिन में महसूस कर सकेगा। युद्ध में देरी की कोई गुंजाइश नहीं होगी। अब हमें तेजी से कार्रवाई करनी होगी।
दुनिया में भी है यूलिया की उभरती हुई छवि
सरकार में उन्हें एक सख्त लेकिन नीतिगत रूप से स्पष्ट मेता माना जाता है। वो राष्ट्रपति कार्यालय की सबसे ज्यादा भरोसेमंद और पश्चिमी देशों के साथ संवाद की मजबूत कड़ी रही हैं। वो (आइएमफ), (ईयू) और वर्ल्ड बैंक जैसी संस्थाओं के साथ आर्थिक सहयोग की मुख्य वार्ताकार भी रही हैं। 2023 में टाइम मैगजीन ने उनका नाम दुनिया के 100 उभरते नेताओं की लिस्ट में शामिल किया था।
इस खबर पर आपकी क्या राय है, हमें कॉमेंट में बताएं।












Click it and Unblock the Notifications