अब लंदन में भी बनेगा ब्रिटेन का पहला जगन्नाथ मंदिर, ओडिया मूल के बिजनेसमैन ने दान में दिए 254 करोड़
अक्षय तृतीया के उत्सव पर आयोजित सम्मेलन में बिस्वनाथ पटनायक ने मंदिर के निर्माण के लिए वित्तीय सहायता का वादा किया और श्रद्धालुओं से 'भगवान जगन्नाथ के मंदिर के सपने को जल्द से जल्द साकार करने का आह्वाहन किया।'

ब्रिटेन में जगन्नाथ के लाखों भक्तों के लिए एक अच्छी खबर है। राजधानी लंदन में पहला जगन्नाथ मंदिर बनने जा रहा है। एक प्रवासी उड़िया व्यवसायी के दान के रुपये से इस मंदिर का निर्माण किया जाएगा। मंदिर निर्माण का पहला चरण अगले साल पूरा हो जाएगा।
लंदन के उपनगरीय इलाके में बनने वाले प्रस्तावित मंदिर के निर्माण में 250 करोड़ से अधिक का खर्चा आएगा। इसके लिए ओडिया मूल के व्यवसायी बिस्वनाथ पटनायक ने 254 करोड़ रुपए दान किए हैं। वे इंग्लैंड स्थित फिनेस्ट ग्रुप ऑफ कंपनीज के अध्यक्ष श्री जगन्नाथ सोसाइटी यूके को दान करेंगे।
श्री जगन्नाथ सोसाइटी यूके की स्थापना तीन साल पहले अक्षय तृतीया के दिन हुई थी। इसे इंग्लैंड और वेल्स के चैरिटी कमीशन के साथ पंजीकृत किया गया था। मंदिर का निर्माण भी श्री जगन्नाथ सोसाइटी (SJS) करवा रही है। यह पहली बार है जब किसी भारतीय द्वारा विदेशी धरती पर मंदिर निर्माण के लिए इतनी बड़ी राशि दान की गई है।
लंदन में रविवार को अक्षय तृतीया के मौके पर पहले श्री जगन्नाथ सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में इंग्लैंड और आयरलैंड के 600 से अधिक श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इसमें पटनायक ने मंदिर के लिए 254 करोड़ रुपए दान करने का संकल्प लिया।
बिस्वनाथ पटनायक ने कहा कि मंदिर के सपने को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए सभी श्रद्धालुओं को भगवान जगन्नाथ में विश्वास रखते हुए मिलकर काम करना होगा। चैरिटी कमीशन इन इंग्लैंड के मुताबिक, मंदिर के लिए जमीन की पहचान कर ली गई है और वह खरीद के अंतिम चरण में है।
फिननेस्ट ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर अरुण कार ने बताया कि ग्रुप ने मंदिर निर्माण के लिए 15 एकड़ जमीन खरीदने के लिए 71 करोड़ रुपए देने की घोषणा की है। मंदिर के निर्माण की इजाजत के लिए लोकल गवर्नमेंट को एक प्री-प्लानिंग एप्लिकेशन भी जमा कर दी गई है। निर्माण के पहले चरण को 2024 के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।












Click it and Unblock the Notifications