ब्रिटेन के वॉल्वरहैम्प्टन में बुजुर्ग सिखों पर हमला, जबरन पगड़ी उतारी गई, वीडियो हुआ वायरल
UK Wolverhampton Sikh Attack: इंग्लैंड के वॉल्वरहैम्प्टन (Wolverhampton) रेलवे स्टेशन के बाहर दो बुज़ुर्ग सिख पुरुषों पर हुआ बर्बर हमला पूरे सिख समुदाय और भारतीय प्रवासियों को झकझोर गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो में हमले की बर्बरता साफ झलकती है।
जिसमें एक बुज़ुर्ग सिख जमीन पर गिरे हुए दिखाई देते हैं और उनकी पगड़ी पास में पड़ी है, जबकि दूसरा बुज़ुर्ग बेरहमी से घूंसों और लातों से पिट रहा है। यह दिल दहला देने वाली घटना शुक्रवार, 15 अगस्त को दिन के समय हुई, जिसे ब्रिटिश ट्रांसपोर्ट पुलिस ने नस्लीय नफरत से जुड़ा अपराध (racially-aggravated hate crime) मानते हुए गंभीरता से लिया है।

पुलिस ने इस मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया है, जिनकी उम्र 17, 19 और 25 साल बताई जा रही है।
Sikh attack viral video: हमले का वीडियो वायरल
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक बुज़ुर्ग सिख ज़मीन पर गिरे हुए हैं और उनका पगड़ी सिर से उतरकर पास में पड़ी है। वहीं दूसरा सिख बुज़ुर्ग लगातार लातों और घूंसों से पिट रहा है। घटना के दौरान एक महिला, जो संभवतः वीडियो रिकॉर्ड कर रही थी, हमलावरों से चिल्लाकर कहती है - "ये दोनों बुज़ुर्गों को मार रहे हैं... तुम लोग कर क्या रहे हो?"
ब्रिटिश ट्रांसपोर्ट पुलिस (BTP) ने BBC को बताया कि उन्हें इस हमले की जानकारी है और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। यह हमला शुक्रवार, 15 अगस्त को दोपहर करीब 1:45 बजे (BST) का बताया जा रहा है।
दोनों बुज़ुर्गों को अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने बताया कि इस हमले में शामिल तीन संदिग्धों की उम्र 17, 19 और 25 साल है। उन्हें पूछताछ के बाद ज़मानत पर रिहा किया गया है, लेकिन जांच अभी जारी है।
सिख नेताओं का आक्रोश
इस घटना ने न सिर्फ़ ब्रिटेन बल्कि भारत में भी गुस्से की लहर पैदा कर दी है। शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने X पर लिखा -"मैं इस भयानक हमले की कड़ी निंदा करता हूँ, जिसमें एक सिख की पगड़ी ज़बरन उतारी गई। यह हमला पूरी सिख कौम पर नस्लीय नफ़रत से किया गया है। सिख हमेशा 'सरबत दा भला' यानी सभी की भलाई की कामना करते हैं और वे दुनिया में हर जगह सम्मान और सुरक्षा के हकदार हैं।"
उन्होंने वेस्ट मिडलैंड्स पुलिस और ब्रिटेन के गृह मंत्रालय से त्वरित कार्रवाई की अपील की और भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर से भी यह मुद्दा ब्रिटिश सरकार के साथ उठाने को कहा। कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने भी घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने कहा -"इंग्लैंड के वॉल्वरहैम्प्टन में एक बुज़ुर्ग सिख पर हुआ यह हमला बेहद शर्मनाक है। यह नफ़रत फैलाने वाली घटना सामाजिक सौहार्द के लिए बड़ा झटका है।" उन्होंने भी केंद्र सरकार से अपील की कि इस मुद्दे को ब्रिटेन सरकार के सामने उठाया जाए।
Sikh elders attacked in UK: सिख फेडरेशन यूके का बयान
सिख फेडरेशन यूके ने अपने बयान में बताया कि हमले का शिकार दोनों बुज़ुर्ग स्थानीय टैक्सी ड्राइवर हैं। शुक्रवार को रेलवे स्टेशन पर तीन गोरे युवक बाहर आए और उनमें से एक ड्राइवर से ओल्डबरी जाने की मांग करने लगे। ड्राइवर ने उन्हें समझाया कि टैक्सी लेने का सिस्टम अलग है और उन्हें टैक्सी स्टैंड से गाड़ी बुक करनी होगी।
लेकिन युवक अपशब्द बोलते हुए जबरदस्ती करने लगे और देखते ही देखते उन्होंने दोनों टैक्सी ड्राइवरों पर हमला कर दिया। यह हमला न केवल ब्रिटेन में बसे सिख समुदाय बल्कि पूरी भारतीय डायस्पोरा के लिए चिंता का विषय बन गया है। लगातार सामने आ रहे नस्लीय हमलों ने सवाल खड़ा कर दिया है कि प्रवासी भारतीयों की सुरक्षा के लिए सरकारें कितनी गंभीर हैं।












Click it and Unblock the Notifications