'देश में कुछ लोग आतंकवाद की भी तारीफ करते हैं', ब्रिटेन के कट्टरपंथी मुसलमानों पर भड़के ऋषि सुनक
यूनाइटेड किंगडम के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने कहा है कि देश की राजनीति में कट्टरपंथियों का दखल बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश का माहौल इन कट्टरपंथियों की वजह से जहरीला होता जा रहा है।
सुनक का यह बयान उन मीडिया रिपोर्ट्स के मद्देनजर आया है, जिनमें कहा गया था कि तीन महिला सांसदों की सुरक्षा बढ़ाने का फैसला किया गया है, क्योंकि उनको कट्टरपंथियों की तरफ से धमकियां मिल रहीं थीं।

यूके पीएम ऋषि सुनक ने आतंकवाद का महिमामंडन करने के लिए कट्टरपंथियों द्वारा देश की सड़कों पर विरोध प्रदर्शनों को 'हाइजैक' करने की निंदा करते हुए शनिवार को एक बयान जारी किया।
यह बयान तब जारी किया गया है जब 'द संडे टाइम्स' अखबार में एक रिपोर्ट में दावा किया गया कि तीन अज्ञात महिला सांसदों की सुरक्षा को लेकर चिंताओं के बाद उन्हें अतिरिक्त सुरक्षा मुहैया कराने की अनुमति दी गई है। हालांकि इन महिला सांसदों के नामों का खुलासा नहीं किया गया है।
सुनक ने अपने बयान में कहा, ''7 अक्टूबर 2023 को हमास के हमलों के बाद हमारे देश में जो कुछ हो रहा है, उसे आप सीधे तौर पर यहूदियों के लिए नफरत या नस्लवाद कह सकते हैं। मैं सिर्फ ये कहना चाहता हूं कि ब्रिटेन में यह सब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह यहां के कल्चर के खिलाफ है।"
ब्रिटिश प्राइम मिनिस्टर ने हाल में ही वेस्टमिंस्टर पैलेस पर एक आक्रामक प्रोजेक्शन को लेकर कहा कि देश में कुछ लोग आतंकवाद की भी तारीफ कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सड़कों पर होने वाले विरोध प्रदर्शनों को कुछ कट्टरपंथियों ने हाईजैक कर लिया है।
प्रधानमंत्री सुनक ने कहा कि जनता के चुने हुए प्रतिनिधियों को धमकाया जा रहा है। उन्हें फिजिकली और मेंटली टारगेट किया जा रहा है। ये लोग हमारी संसद तक पहुंचना चाहते हैं। इसलिए मैं कह रहा हूं कि माहौल जहरीला होता जा रहा है। मैं फिर इन लोगों को चेतावनी दे रहा हूं कि इस तरह की चीजों को फौरन बंद कर दें।
आपको बता दें कि लंदन के वर्तमान मेयर सादिक खान इन दिनों सुर्खियों में हैं। दरअसल गाजा पट्टी में युद्धविराम की मांग को लेकर लंदन में कई रैलियां निकाली गई हैं। पिछले ही बुधवार को लंदन में फिलीस्तीन समर्थकों ने भारी रैली निकाली थी। इस दौरान सैकड़ों प्रदर्शनकारी संसद के बाहर जुट गये थे और युद्धविराम की मांग कर रहे थे।
इससे नाराज होकर कंजर्वेटिव पार्टी के सांसद ली एंडरसन ने लंदन मेयर सादिक खान को लेकर विवादित बयान दिया था और कहा था, कि लंदन के मेयर इस्लामिस्टों के कंट्रोल में हैं। उन्होंने कहा कि सादिक खान ने लंदन को आतंकियों के हवाले कर दिया है। हालांकि ली एंडरसन के इस बयान पर खूब हंगामा मचा जिसके बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया।
ब्रिटेन के पूर्व होम मिनिस्टर सुएला ब्रेवरमैन ने भी सादिक पर तल्ख टिप्पणी की थी। सुएला ने कहा था कि सादिक खान के होते हुए कट्टरपंथियों का कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। सुएला ब्रेवरमैन, ने आरोप लगाया था कि पाकिस्तानी मूल के ब्रिटिश मुसलमान अग्रेजी लड़कियों को साजिशन निशाना बनाते हैं, उन्हें धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर करते हैं और उनके साथ रेप करते हैं, जबकि पुलिस ज्यादातर मामलों में इसलिए कार्रवाई नहीं करती, क्योंकि एक्शन लेने पर उसे इस्लामोफोबिक कहा जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications