ब्रिटिश PM लिज ट्रस ने चुप्पी तोड़ी, कहा- गलतियों के लिए माफी मांगती हूं, गद्दी छोड़ने पर कही ये बात
लिज ट्रस ने ब्रिटेन के लोगों से माफी मांगी है। पीएम ने कहा है कि उनसे निर्णय लेने में जो गलतियां हुईं हैं उसके लिए वह ब्रिटेन की जनता से माफी मांगती हैं।
ब्रिटेन (Britain) की प्रधानमंत्री लिज ट्रस (Liz Truss) ने आखिरकार चुप्पी तोड़ डाली है। लिज ट्रस ने संसद और पार्टी में उठ रहे सवालों के बीच बीबीसी को इंटरव्यू दिया है। इस इंटरव्यू में उन्होंने ब्रिटेन के लोगों से माफी मांगी है। पीएम लिज ट्रस ने कहा है कि उनसे निर्णय लेने में जो गलतियां हुईं हैं उसके लिए वह ब्रिटेन की जनता से माफी मांगती हैं। हालांकि, इसके साथ ही ट्रस ने कहा कि अगले चुनाव में कंजरवेटिव पार्टी उनके नेतृत्व में ही उतरेगी।

लिज बोलीं- लोगों की मदद करना चाहती थीं
बीबीसी को दिए इंटरव्यू में लिज ट्रस ने वह अपनी गलतियों की जिम्मेदारी स्वीकार करती हैं और माफी मांगती हैं। ट्रस ने कहा कि वह उच्च करों की समस्या से निपटने के लिए टैक्स कटौती में छूट से लोगों की मदद करना चाहती थीं। हालांकि, उनकी सरकार ने इसमें काफी तेजी दिखाई, जो कि अंततः गलत साबित हुई। लिज ट्रस ने कहा कि एक ईमानदार राजनेता ही गलतियां स्वीकार करने की हिम्मत कर सकता है। उन्होंने भी यही किया है और अब वे जनता के लिए जो करना चाहती हैं, उस काम को आगे बढ़ाया जा रहा है।

लिज ट्रस पर लगा वादाखिलाफी का आरोप
ब्रिटिश पीएम के लिए गए फैसले से उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं। उनके निर्णय की पहले से ही आलोचना हो रही थी लेकिन फैसला बदलने के बाद अब उनपर वादाखिलाफी का आरोप लगाया जा रहा है। ब्रिटेन की प्रधानमंत्री के इन निर्णयों के कारण निवेशकों का उन पर से भरोसा खत्म हो गया है जिसके बाद उनकी पोल रेटिंग भी गिर गई है। इतना ही नहीं सत्तारूढ़ पार्टी के सांसदों ने भी उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी कर ली।

वित्त मंत्री ने टैक्स कटौती की घोषणा को लिया वापस
उधर, ब्रिटेन के नए वित्तमंत्री जेरेमी हंट ने सोमवार को प्रधानमंत्री ट्रस की टैक्स कटौती की सभी घोषणाओं को वापस लेने का एलान कर दिया। हंट ने कहा कि ब्रिटेन की वित्तीय स्थिति में सुधार होने तक आयकर में एक पेंस की कटौती के फैसले को अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया गया है। पूर्व वित्त मंत्री क्वारटेंग ने अपने मिनी बजट में इसे अप्रैल 2023 से लागू करने का ऐलान किया था। इसके बाद हुई भारी आलोचना के बाद ट्रस ने पूर्व वित्तमंत्री क्वासिक को पद से हटा दिया था, जिसके बाद जेरेमी हंट को उनकी जिम्मेदारी दी गई थी।

लिज ट्रस के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव ला रहे पार्टी सांसद
इस बीच चौंकाने वाली बात यह है कि सत्तारूढ़ कंजर्वेटिव पार्टी के 100 से अधिक सांसद अपने ही प्रधानमंत्री लिज ट्रस के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी में हैं। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी के 100 से ज्यादा सांसद ट्रस के खिलाफ जल्द ही अविश्वास प्रस्ताव को समिति के प्रमुख ग्राहम ब्रैटी को सौंपने के लिए तैयार हैं। पत्र के जरिए यह बताने की कोशिश की जाएगी कि ट्रस का समय समाप्त हो गया है, या फिर उनसे अपने समर्थन में विश्वास प्रस्ताव लाने को कहा गया जाएगा। ऐसा दावा किया जा रहा है कि इन सब कोशिशों के पीछे उनके प्रतिद्वंदी ऋषि सुनक का हाथ है।












Click it and Unblock the Notifications