ब्रिटेन के NSA से मिलेंगे अजित डोभाल, खालिस्तानी मुद्दे पर हो सकती है बात
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल अपने ब्रिटिश समकक्ष टिम बैरो के साथ आज भेंट कर सकते हैं। इस मौके पर डोभाल खालिस्तान समर्थक कट्टरपंथियों की गतिविधियों को लेकर चर्चा कर सकते हैं।
दोनों के बीच नई दिल्ली के सरदार पटेल भवन में मुलाकात होगी। इस दौरान उनके बीच कई द्विपक्षीय मुद्दों पर भी बातचीत होगी।

यह बैठक बीते महीने 15 जून को खालिस्तानी समर्थक नेता और अमृतपाल सिंह का नजदीकी साथी अवतार सिंह खांडा की बर्मिंघम अस्पताल में रहस्यमय परिस्थितियों में मौत के बाद हो रही है। खांडा पर यूके में भारतीय तिरंगे का अपमान करने का आरोप था।
हिन्दुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक एनएसए अजीत डोभाल, ब्रिटेन में खालिस्तान समर्थक चरमपंथ के बढ़ने और द्विपक्षीय संबंधों पर इसके प्रभाव को लेकर बैरो के संपर्क में हैं। हालांकि जिस प्रकार से ब्रिटेन में इस मामले को लेकर नरमी बरती जा रही है, भारतीय पक्ष चिंतित है।
मोदी सरकार के लिए तब अधिक परेशानी खड़ी हो गई थी जब 19 मार्च को लंदन में भारतीय उच्चायोग पर विरोध प्रदर्शन के दौरान खांडा के नेतृत्व में कट्टरपंथियों ने भारतीय तिरंगे का अपमान किया था। यह संभवतः पहली बार था जब दिल्ली पुलिस ने देश से बाहर किसी अपराध पर FIR दर्ज की थी।
वरिष्ठ अधिकारियों ने हिन्दुस्तान टाइम्स को नाम न छापने की शर्त पर बताया है कि दिल्ली पुलिस की विशेष सेल ने खंडा, गुरशरण सिंह और जसवीर सिंह को लंदन की घटना के मुख्य अपराधियों के रूप में नामित किया है। इसके साथ ही एनआईए ने झंडे के अपमान की घटना के पीछे लगभग एक दर्जन संदिग्धों की पहचान की है।
हालांकि नेशनल सिक्योरिटी डोभाल-बैरो बैठक के बारे में चुप्पी साधे हुए है। लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि इस मुलाकात में एनएसए अजित डोभाल अपने समकक्ष बैरो से ब्रिटेन में भारतीय राजनयिकों की सुरक्षा की गारंटी मांग सकते हैं। इसके अलावा उन्हें भारतीय उच्चायोग के बाहर कड़ी सुरक्षा के लिए भी कहा जा सकता है।
आपको बता दें कि हाल में ही हरदीप निज्जर की हत्या के बाद खालिस्तानी समर्थक कुछ पोस्टर वायरल कर रहे हैं। इसमें कुछ भारतीय राजनयिकों की तस्वीरें चस्पा की गई हैं और इन्हें खालिस्तानी नेताओं की हत्या का जिम्मेदार बताया जा रहा है। ऐसे में भारतीय अधिकारी अपने राजनयिकों के लिए सुरक्षा की विशेष मांग कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications