Video: तुर्की में भूकंप के बीच एक और चमत्कार, देखिए हजारों टन मलबे के बीच से कैसे निकाला गया डॉगी
तुर्की और सीरिया में आए भूकंप से मरने वालों का आंकड़ा 21 हजार को पार कर गया है। वहीं, भीषण ठंड की वजह से राहत और बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आ रही हैं।

Turkey Earthquake: तुर्की में आए भीषण भूकंप के बाद राहत और बचाव कार्य जारी है, लेकिन तुर्की और सीरिया से आने वाली तस्वीरें दिल में खौफ पैदा कर रही हैं। पिछले 100 घंटे से ज्यादा वक्त से राहत और बचाव कार्य चल रहा है, और बचाव कार्य के बीच हजारों टन मलबे में दबे एक डॉगी के रेस्क्यू ऑपरेशन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे लोग चमत्कार कह रहे हैं।

भूकंप से 21 हजार से ज्यादा मरे
तुर्की और सीरिया में आए भीषण भूकंप के बीच आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, मरने वालों की संख्या 21 हजार पार कर गई है। वहीं, सीरिया के विद्रोहियों के कब्जे वाले इलाके में भी काफी देर से मदद पहुंची है। वहीं, संयुक्त राष्ट्र ने कहा है, की सीरिया के विद्रोहियों के कब्जे वाले क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य दल पहली बार गुरुवार को पहुंचा है, लेकिन आशंका है, कि तीन दिन बीत जाने के बाद राहत दल के पहुंचने के बाद भी मलबे से जिंदा लोगों के बचने की संभावना काफी कम हो गई होगी। वहीं, सीरिया के राष्ट्रपति बसर अल बसद ने सीरिया को मिल रही काफी कम मदद के लिए दुनिया के बड़े देशों की आलोचना की है। वहीं, तुर्की की मदद के लिए लगातार दुनिया हाथ बढ़ा रही है और अमेरिका ने 85 मिलियन डॉलर की नई मदद का ऐलान किया है, जबकि वर्ल्ड बैंक ने 1.78 अरब डॉलर की मदद का ऐलान किया है।
डॉगी का रेस्क्यू ऑपरेशन
तुर्की में राहत और बचाव कार्य के बीच सोशल मीडिया पर एक डॉगी के रेस्क्यू ऑपरेशन का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा है, कि कई लोग एक डॉगी को मलबे से बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं। ये डॉगी पिछले तीन दिनों से मलबे में फंसा हुआ था, और शायद इसने अपने बचने की तमाम उम्मीदें खो दी होंगी। लेकिन, कहते हैं ना, मारने वाला भगवान, तो बचाने वाला भी भगवान ही होता है। रेस्क्यू टीम की नजर इस बेचारे डॉगी पर पड़ गई और फिर इसे निकालने की कोशिश शुरू हो गई। वीडियो में दिख रहा है, कि डॉगी के शरीर का निचला हिस्सा मलबे में फंसा है और रेस्क्यू टीम का एक सदस्य डॉगी को पानी पिलाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन बदहवास डॉगी काफी डरा हुआ लग रहा है। वीडियो में लोगों की आवाजें भी सुनी जा रही हैं, और ऐसा मालूम होता है, कि वो सभी डॉगी को सावधानी से बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं।

मलबे से जिंदा निकाला गया डॉगी
काफी देर की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार डॉगी को मलबे से जिंदा बाहर निकाल लिया जाता है। तीन दिन बाद भी डॉगी के जिंदा रहने और फिर उस तक रेस्क्यू टीम के पहुंचने और फिर उसका जिंदा बाहर निकाला जाना, वाकई किसी चमत्कार से कम नहीं है। जिंदा निकालने के बाद डॉगी को मेडिकल टीम के पास भेजा गया है। आपको बता दें, कि तुर्की और सीरिया में जो भूकंप आया है, उसने जापान के फुकुशिमा में आए साल 2011 में भूकंप से मरने वालों की संख्या को पार कर लिया है। जापान में भूकंप और सुनामी की वजह से 18 हजार 400 लोग मारे गये थे। वहीं, नेपाल में साल 2015 में आए भूकंप में 8 हजार 800 लोग मारे गये थे।












Click it and Unblock the Notifications