Trump on Iran Attack: 'आजादी का वक्त आ गया', अटैक के बीच ट्रंप का ईरान के लोगों से अपील
Donald Trump on Iran Attack: पश्चिम एशिया से इस वक्त की सबसे बड़ी और दहला देने वाली खबर आ रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर हो रहे हमलों की पुष्टि करते हुए साफ कर दिया है कि इस सैन्य कार्रवाई का मकसद वहां की सत्ता को उखाड़ फेंकना है। एक वीडियो संदेश में ट्रंप ने ईरानी सेना और रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) को हथियार डालने की चेतावनी दी है, साथ ही ईरानी जनता से अपनी सरकार पर कब्जा करने का आह्वान किया है।
इसी बीच, इजराइल और अमेरिका के हवाई हमलों ने ईरान के सैन्य ठिकानों और मंत्रियों के घरों को निशाना बनाया है, जबकि इजराइल में अस्पतालों को अंडरग्राउंड कर दिया गया है।

ट्रंप का अल्टीमेटम: "हथियार डालो या मौत चुनो"
राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरानी सेना, पुलिस और IRGC को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि उनके पास दो ही रास्ते हैं: या तो वे अपने हथियार डाल दें और उन्हें पूरी सुरक्षा (Immunity) दी जाएगी, या फिर वे निश्चित मौत का सामना करने के लिए तैयार रहें। ट्रंप ने आठ मिनट के वीडियो बयान में स्पष्ट किया कि अमेरिका पूरी ताकत के साथ इस ऑपरेशन को अंजाम दे रहा है। उन्होंने ईरानी सैनिकों से कहा कि अगर वे सरेंडर करते हैं, तो उनके साथ निष्पक्ष व्यवहार किया जाएगा।
ईरानी जनता से अपील: "आजादी का वक्त आ गया है"
ट्रंप ने ईरान के नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी आजादी की घड़ी अब बहुत नजदीक है। उन्होंने लोगों से घरों के अंदर ही रहने की अपील की क्योंकि बाहर बम गिर रहे हैं और स्थिति बेहद खतरनाक है। ट्रंप ने जोर देकर कहा कि जब ये हमले खत्म हों, तो जनता को अपनी सरकार की कमान खुद संभाल लेनी चाहिए। उन्होंने इसे पीढ़ियों में मिलने वाला इकलौता मौका बताते हुए कहा कि अब अपने भाग्य पर नियंत्रण पाने का समय है।
ईरान के मंत्रियों और सैन्य ठिकानों पर भीषण हमले
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान में अब तक हुए हमलों में वरिष्ठ अधिकारियों, मंत्रियों और सैन्य प्रमुखों के घरों को सीधा निशाना बनाया गया है। इसके अलावा रक्षा मंत्रालय, खुफिया विभाग की इमारतों और राष्ट्रपति से जुड़ी सुविधाओं पर भी भारी बमबारी की गई है। हमलों का दायरा इतना बड़ा है कि ईरान के महत्वपूर्ण सरकारी और सैन्य ढांचे को गंभीर नुकसान पहुंचने की खबरें आ रही हैं, जिससे वहां के प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
साइबर हमलों ने ईरान में मचाया कोहराम
हवाई हमलों के साथ-साथ ईरान पर भीषण साइबर हमले भी किए गए हैं। ईरान की फार्स न्यूज एजेंसी के अनुसार, देश की कई प्रमुख न्यूज एजेंसियों और मोबाइल एप्लीकेशनों का काम पूरी तरह ठप हो गया है। इस 'डिजिटल वॉर' की वजह से ईरान के भीतर सूचनाओं का आदान-प्रदान और संचार व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है, जिससे प्रशासन और जनता के बीच संपर्क टूट गया है।
इजराइल में हाई अलर्ट: अस्पताल पहुंचे बंकरों में
ईरान से संभावित जवाबी हमले के डर से इजराइल के स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी अस्पतालों को उच्चतम स्तर के अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया है। अस्पतालों को अपनी सभी ऑपरेशनल सुविधाएं और मरीजों को जमीन के नीचे बने सुरक्षित बंकरों में शिफ्ट करने को कहा गया है। फिलहाल ओपीडी और सामान्य सर्जरी पूरी तरह रद्द कर दी गई हैं, और केवल डायलिसिस जैसे बेहद जरूरी इमरजेंसी प्रोसीजर ही किए जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications