India-US Trade Talks: ट्रेड वार्ता पर मोदी-ट्रंप का बड़ा बयान, कहा-नई ऊंचाई पर पहुंचेंगे भारत-अमेरिका रिश्ते
India-US Trade Talks: भारत और अमेरिका के रिश्ते एक बार फिर सुर्खियों में हैं। दोनों देशों के बीच चल रही ट्रेड बातचीत को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान सामने आए हैं। मोदी ने इसे भारत-अमेरिका साझेदारी की असीम संभावनाओं को खोलने वाला कदम बताया है।
वहीं ट्रंप ने भरोसा जताया है कि दोनों देशों के बीच किसी नतीजे पर पहुंचने में कोई मुश्किल नहीं होगी। इस बीच, हाल ही में लगे अमेरिकी टैरिफ और रूस से तेल खरीद पर उठी आपत्तियों के कारण दोनों देशों के बीच तनाव भी बना हुआ है।

मोदी बोले- भारत और अमेरिका हैं 'प्राकृतिक साझेदार'
बुधवार को प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि भारत और अमेरिका "प्राकृतिक साझेदार" हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों की टीमें जल्द ही बातचीत पूरी करने की दिशा में काम कर रही हैं और इससे दोनों देशों के नागरिकों के लिए उज्जवल और समृद्ध भविष्य का रास्ता खुलेगा। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि वे राष्ट्रपति ट्रंप से जल्द ही बातचीत करने के लिए उत्सुक हैं।
ये भी पढ़ें: भारत पर क्या है नए टैरिफ का खतरा? अमेरिका रूस और उसके तेल खरीदारों पर बढ़ा रहा दबाव
ट्रंप ने जताया भरोसा- कोई मुश्किल नहीं होगी
मंगलवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट किया कि भारत और अमेरिका के बीच चल रही चर्चा सकारात्मक है और व्यापारिक बाधाओं को दूर करने की दिशा में दोनों देश मिलकर काम कर रहे हैं। ट्रंप ने लिखा कि वे प्रधानमंत्री मोदी से जल्द बातचीत करेंगे और उन्हें पूरा भरोसा है कि समझौते तक पहुंचने में कोई कठिनाई नहीं होगी।
'बहुत खास है भारत-अमेरिका का रिश्ता'
ट्रंप ने कुछ दिन पहले ही व्हाइट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भारत-अमेरिका रिश्तों को "बहुत खास" करार दिया था। एक सवाल पर उन्होंने कहा कि वे हमेशा प्रधानमंत्री मोदी के दोस्त रहेंगे, हालांकि मौजूदा समय में उन्हें भारत की कुछ नीतियां पसंद नहीं हैं। ट्रंप ने कहा कि "भारत और अमेरिका का रिश्ता बहुत मजबूत है और इसमें कभी चिंता की बात नहीं होती। कभी-कभी छोटे मतभेद होते हैं, लेकिन दोस्ती हमेशा बनी रहती है।"
मोदी ने किया ट्रंप के बयान का स्वागत
ट्रंप के इस बयान के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने भी सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने X पर लिखा कि वे राष्ट्रपति ट्रंप की भावनाओं की गहराई से सराहना करते हैं और पूरी तरह से उसका समर्थन करते हैं। मोदी ने कहा कि भारत-अमेरिका का रिश्ता "आगे की सोच रखने वाला" है और यह दोनों देशों को वैश्विक स्तर पर एक मजबूत रणनीतिक साझेदारी की ओर ले जा रहा है।
बढ़ते तनाव की पृष्ठभूमि
हालांकि, इन सकारात्मक बयानों के बीच भारत और अमेरिका के बीच कुछ तनाव भी दिखाई दे रहा है। अमेरिका ने हाल ही में भारतीय आयातित सामान पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाया है। इसके अलावा रूस से कच्चा तेल खरीदने के कारण भारत पर अतिरिक्त 25 प्रतिशत शुल्क भी लगाया गया है। अमेरिका का कहना है कि रूस से तेल खरीदना मास्को को यूक्रेन संघर्ष में मदद करता है। इस कदम से भारत के लिए व्यापारिक चुनौतियां और बढ़ गई हैं।
ये भी पढ़ें: कैलिफोर्निया में हरियाणा के युवक को मारी गोली, 'डंकी रूट’ से पहुंचा था अमेरिका, हत्या की वजह कर देगी दंग!












Click it and Unblock the Notifications