अमेरिका की यूक्रेन युद्ध से जुड़ी टॉप सीक्रेट फाइल लीक!, रूसी के सरकारी चैनलों पर हो रहा वायरल
विश्लेषकों के मुताबिक डॉक्यूमेंट के कुछ हिस्से विश्वसनीय लग रहे हैं, इससे रूस को हथियारों और सैनिकों की डिलीवरी से जुड़ी जानकारी मिल सकती है। इसके अलावा सैनिकों की संख्या और अन्य जानकारी भी मिल सकती है।

Image: Oneindia
रूस-यूक्रेन जंग के बीच यूक्रेनी मिलिट्री से जुड़े अमेरिका और NATO के क्लासिफाइड वॉर डॉक्यूमेंट्स सोशल मीडिया पर लीक हो गए। न्यूयॉर्क टाइम्स ने गुरुवार को जानकारी दी कि ये डॉक्यूमेंट टेलीग्राम और ट्विटर पर लीक हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक पेंटागन ने इसकी जांच शुरू कर दी है।
पेंटागन की उप प्रेस सचिव सबरीना सिंह ने कहा, "हम सोशल मीडिया पोस्ट की खबरों से अवगत हैं। विभाग मामले की समीक्षा कर रहा है।" इससे पहले न्यूयॉर्क टाइम्स ने गुरुवार को बताया कि डॉक्यूमेंट में यूक्रेन की अमेरिका और नाटो द्वारा की जा रही मदद की जानकारी थीं।
रिपोर्ट के मुताबिक इस डॉक्यूमेंट में हथियारों की डिलवरी, सैन्य ताकत और दूसरी खुफिया जानकारी से जुड़े चार्ट और विवरण शामिल हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि दस्तावेजों में जानकारी कम से कम पांच सप्ताह पुरानी है, जिसमें सबसे हालिया तारीख 1 मार्च है।
रिपोर्ट के मुताबिक दस्तावेजों के एक हिस्से में यूक्रेन के 12 लड़ाकू ब्रिगेड के प्रशिक्षण कार्यक्रमों को संक्षेप में बताया है और कहा कि उनमें से 9 को अमेरिका-नाटो बलों द्वारा प्रशिक्षित किया जा रहा है और इसके लिए 250 टैंकों और 350 से अधिक मशीनीकृत वाहनों की जरूरत है।
ये दस्तावेज सोशल मीडिया तक कैसे पहुंचे इसे लेकर कुछ भी अभी पता नहीं चल पाया है। हालांकि, रूस के कई सरकारी मीडिया चैनल्स पर इसकी स्लाइड्स शेयर की जा रही हैं। ऐसा कहा जा रहा है कि इन दस्तावेजों में कम से कम एक टॉप सीक्रेट लेबल की है।
रिपोर्ट के मुताबिक दस्तावेजों में दी गई जानकारी में यूक्रेन के सैन्य नियंत्रण के तहत गोला-बारूद के खर्च की दरों का भी विवरण है। इनमें हिमार्स मिसाइल सिस्टम, अमेरिका निर्मित आर्टिलरी रॉकेट सिस्टम शामिल हैं, जो रूसी सेना के खिलाफ अत्यधिक प्रभावी साबित हुए हैं।
हालांकि इस रिपोर्ट में सैन्य विश्लेषकों के हवाले से ये भी कहा गया है कि ये रूस द्वारा गलत जानकारी फैलाने की कोशिश हो भी सकती है। एक दस्तावेज में यूक्रेनी सैनिकों की मौतों को बढ़ा-चढ़ा कर दिखाया गया है और रूस के नुकसान को कम करके दिखाया गया है।
सैन्य विश्लेषकों ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि दस्तावेजों के कुछ हिस्सों को संशोधित किया गया है। हालांकि उन्होंने कहा कि वेपन डिलवरी, सैन्य ताकत और दूसरी खुफिया जानकारी से जुड़ी तस्वीरों का लीक होना अमेरिका की इंटेलिजेंस एजेंसी के सिक्योरिटी सिस्टम में बड़ी गड़बड़ी को दर्शाता है।
बाइडेन सरकार लगातार इन डॉक्यूमेंट्स को डिलीट करनी की कोशिश कर रही है, लेकिन अभी भी ट्विटर पर इसे देखा जा सकता है। दस्तावेजों में एग्जैक्ट बैटल प्लान्स की जानकारी नहीं दी गई है। जैसे कि यूक्रेन कैसे, कब और कहां अपना आक्रमण शुरू करने की योजना बना रहा है।












Click it and Unblock the Notifications