संकट दूर करने के लिए ऐक्शन में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, रूस और यूक्रेन जाएंगे, ये है प्लान
पेरिस, 4 फरवरी: यूक्रेन संकट दूर करने के लिए फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने मध्यस्थता की कोशिशें तेज कर दी हैं। मैक्रों 7 फरवरी को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मास्को में मुलाकात करने वाले हैं। उसके अगले ही दिन यानी 8 फरवरी को यूक्रेन के नेता से बात करेंगे। पश्चिमी देशों के नेता लगातार कोशिश कर रहे हैं कि किसी भी तरह से रूस और यूक्रेन के संभावित टकराव को टाला जा सके। मैक्रों के दफ्तर की ओर से बताया गया है कि फ्रेंच राष्ट्रपति अगले दिन कीव में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की से कीव में मुलाकात करेंगे। पुतिन से मुलाकात के बाद होने वाली यह बैठक बहुत ही महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

रूस और यूक्रेन जाएंगे मैक्रों
फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों कह चुके हैं कि यूक्रेन पर आए संकट की वजह से तनाव को दूर करने के लिए बातचीत का रास्ता निकालना ही प्राथमिकता है। जबकि, यूक्रेन की सीमा के पास रूस की सेना के जमावड़े को देखते हुए अमेरिका ने कहा था कि वह पोलैंड और रोमानिया के लिए अपने 3,000 अतिरिक्त सैनिकों को भेज रहा है। गुरुवार को मैक्रों की ऑफिस से जारी बयान में कहा गया था कि उन्होंने तनाव को कम करने की दिशा में गुरुवार को भी रूसी और यूक्रेन के नेताओं से फोन पर अलग-अलग बात की है और डोनबास इलाके में तनाव दूर करने की कोशिशें की हैं।
फ्रांस बातचीत से हल निकालने पर दे रहा है जोर
फ्रांस के राष्ट्रपति के दफ्तर से जारी बयान के मुताबिक मैक्रों ने रूस के राष्ट्रपति पुतिन और यूक्रेन के वोलोडिमिर दोनों को शर्तों को लेकर बातचीत की अहमियत पर जोर दिया है, ताकि यूरोप में एक रणनीतिक संतुलन पर पहुंचा जा सके। क्योंकि, जमीन पर तनाव कम होने से ही महाद्वीप को सुरक्षा की गारंटी मिल सकेगी।
उधर अमेरिका ने भी गुरुवार को कहा है कि रूस ने यूक्रेन पर आक्रमण करने के बहाने के रूप में कई विकल्प तैयार कर रखे हैं, जिसमें एक प्रोपेगेंडा वीडियो का संभावित उपयोग शामिल है जिसमें एक कथित हमले को दिखाया गया है, क्योंकि मास्को इस क्षेत्र में अमेरिकी सेना की तैनाती की निंदा कर चुका है।












Click it and Unblock the Notifications