वियतनाम में होगी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और नॉर्थ कोरिया के नेता किम जोंग की दूसरी मीटिंग!
वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और नॉर्थ कोरिया के नेता किम जोंग उन की दूसरी मुलाकात वियतनाम में हो सकती है। इस घटना से जुड़े सूत्रों की ओर से इस बात की जानकारी दी गई है। आपको बता दें कि जून 2018 में ट्रंप और किम जोंग सिंगापुर में मिले थे और किसी अमेरिकी राष्ट्रपति की नॉर्थ कोरिया के नेता के साथ वह पहली मुलाकात थी। अमेरिकी न्यूज चैनल सीएनएन ने पुष्ट सूत्रों के हवाले से इस बात की जानकारी दी है।

फरवरी में मिलेंगे दोनों नेता
सीएनएन ने ट्रंप प्रशासन के एक सीनियर अधिकारी के हवाले और एक सूत्र के हवाले से बताया है कि वर्तमान योजना के तहत दोनों नेताओं के बीच फरवरी में दूसरी मीटिंग होगी। अधिकारी की मानें तो दोनों नेता वियतनाम के शहर दा नांग में मिल सकते हैं। प्लान अभी अपने अंतिम चरण में हैं और इसे आखिरी रूप दिया जा रहा है। सूत्रों की ओर से यह भी कहा गया है कि इस मीटिंग के दौरान ट्रंप का एजेंडा अभी तक साफ नहीं है। व्हाइट हाउस की ओर से 18 जनवरी को ट्रंप और किम जोंग की दूसरी मीटिंग के बारे में ऐलान किया गया था। व्हाइट हाउस की ओर से यह ऐलान नॉर्थ कोरिया के नेता किम योंग चोल के साथ परमाणु वार्ता के बाद किया गया था। अमेरिका और नॉर्थ कोरिया के बीच दूसरी समिट के लिए तीन फरवरी को अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि दक्षिण कोरिया जाएंगे। ये प्रतिनिधि यहां की राजधानी सियोल में नॉर्थ और साउथ कोरिया में अपने समकक्षों के साथ मुलाकात करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications