पाकिस्तान-अफगानिस्तान के बीच सीमा पर भारी तनाव, गोलीबारी में 8 अफगान सैनिकों के साथ एक पाकिस्तानी सैनिक की मौत
Afghan Taliban attacks Pakistan: पाकिस्तान की तरफ से तहरीक-ए-तालिबान (TTP) के आतंकवादियों को निशाना बनाकर अफगानिस्तान के पक्तिका में किए गए हमलों के कुछ दिनों बाद, अफगान तालिबान फोर्स ने ऊपरी कुर्रम जिले में कई पाकिस्तानी सीमा चौकियों पर हमले किए हैं, जिसमें शनिवार सुबह एक पाकिस्तानी अर्धसैनिक सैनिक की मौत हो गई।
अफगान तालिबान फोर्स ने घोजगढ़ी, कोट राघा, माथा संगर और तारी मेंगल क्षेत्रों में चौकियों पर गोलीबारी की है। सूत्रों का दावा है, कि अफगान बलों ने हल्के और भारी, दोनों तरह के हथियारों का इस्तेमाल हमले में किया है।

अफगानिस्तान और पाकिस्तान में बढ़ा तनाव
हालांकि सूत्रों के मुताबिक, जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तानी सेना ने अफगानिस्तान को काफी नुकसान पहुंचाया है और पाकिस्तानी सैनिकों की जवाबी कार्रवाई में सात से आठ अफगान सैनिक मारे गए हैं। इससे पहले, पाकिस्तान ने प्रतिबंधित टीटीपी आतंकवादियों को दंडित करने के लिए 'अफगानिस्तान के पक्तिका प्रांत में आतंकवादी ठिकानों' को निशाना बनाया था, जो कथित तौर पर अफगानिस्तान की धरती का इस्तेमाल, पाकिस्तान में हमला करने के लिए करते हैं।
शनिवार को हुआ हमला शुक्रवार रात को अफगान तालिबान-नियंत्रित चौकियों का इस्तेमाल करके आतंकवादियों द्वारा घुसपैठ करने के प्रयास के बाद हुआ था।
पाकिस्तानी सूत्रों के मुताबिक, "गोलीबारी का प्रभावी ढंग से जवाब दिया गया है और अफगान पक्ष को भारी नुकसान की पुष्टि हुई है, जिसमें 15 से ज्यादा आतंकवादी मारे गए और कई अन्य घायल हो गए।"
कथित तौर पर, घटना के बाद अफगान बलों ने अपनी चौकियों को छोड़ दिया।
आपको बता दें, कि 2021 में सत्ता में आने के बाद से पाकिस्तान और तालिबान के नेतृत्व वाले अफगानिस्तान के बीच संबंध काफी खराब हो गए हैं। पाकिस्तान का कहना है, कि अफगानिस्तान कथित तौर पर टीटीपी विद्रोहियों पर लगाम लगाने में नाकाम रहा है, जो लगातार पाकिस्तान की सेना पर हमले कर रहे हैं। जबकि, तालिबान का कहना है, कि टीटीपी, पाकिस्तान का आंतरिक मुद्दा है और वो खुद इस समस्या से निपटे।












Click it and Unblock the Notifications