दुबई में अब खुलेआम छलकेगी जाम, सरकार ने शराब पर से सभी टैक्स हटाया, इस वजह से लिया फैसला
पहले शराब पीने वाले लोगों के पास एक परमिट होता था, जो पुलिस द्वारा जारी किया जाता था। इस लाइसेंस को दिखाकर व्यक्ति शराब खरीद सकता था। इस लाइसेंस के बिना शराब खरीदते या पीते पकड़े जाने पर जुर्माना और गिरफ्तारी हो सकती थी।

Image: Oneindia
दुबई में शराब की बिक्री पर लगी रोक अब हट गई है। पहले दुबई में शराब बेचने पर 30 फीसदी टैक्स लगता था जिसे नए साल पर हटा दिया गया है। इसके साथ ही दुबई में पर्सनल शराब को भी लाइसेंस फ्री कर दिया गया है। यानी कि दुबई में अब शराब खरीदने के लिए किसी भी प्रकार के लाइसेंस की जरूरत अब नहीं होगी।

21 साल से अधिक होनी चाहिए उम्र
1 जनवरी, 2023 से, दुबई में कानूनी रूप से शराब खरीदने के इच्छुक लोगों के लिए व्यक्तिगत शराब लाइसेंस मुफ्त होंगे। हालांकि इसके लिए व्यक्ति की उम्र कम से कम 21 साल होनी चाहिए। इसके साथ ही एक शर्त और है कि शराब केवल अपने घर और उन्हीं जगहों पर ही पी जा सकती है, जिसे इसके लिए अधिकृत किया गया है। इससे पहले शराब पीने वाले लोगों के पास एक परमिट होता था। जो कि दुबई पुलिस द्वारा जारी किया जाता था। प्लास्टिक के इस लाइसेंस को दिखाकर व्यक्ति शराब खरीद सकता था। इस लाइसेंस के बिना शराब खरीदते या पीते पकड़े जाने पर जुर्माना और गिरफ्तारी होती थी।

दुबई में रमजान में भी मिलती है शराब
पिछले कई सालों में दुबई में सरकार द्वारा एक-एक करके शराब संबंधी नियमों में ढील दी है। अब दुबई में रमजान के पाक महीने में भी शराब बिकती है। हालांकि रमजान के दौरान रात के समय शराब की बिक्री पर अभी भी प्रतिबंध लगा हुआ है। इससे पहले जब कोरोना की वजह से दुबई में लॉकडाउन लागू हुआ तो पहली बार दुबई में शरबा की होम डिलीवरी शुरू हुई थी जो अब तक जारी है।

टैक्स हटाने के बाद बढ़ी बिक्री
शराब पर लगा टैक्स हटाने के बाद दुबई में शराब की बिक्री बढ़ गई है। दुबई के एक कॉल सेंटर के कर्मचारी ने कहा, 'इस खबर के बाद हमारी दुकान में लोगों की संख्या वास्तव में बढ़ गई है। इसके अलावा, शराब का लाइसेंस अब मुफ्त है... यह बिल्कुल सच है। अब कीमतें भी कम हो गई हैं। अब लोगों को शराब पीने के लिए दूर नहीं जाना होगा। हम देख रहे हैं कि सुबह से ही बहुत सारे ग्राहक आ रहे हैं, खासकर जब रविवार, 1 जनवरी है और बहुत से लोग छुट्टी पर हैं।

पर्यटन को बढ़ावा देना है उद्देश्य
शराब पर लगी रोक को हटाने के पीछे का मकसद पर्यटन को बढ़ावा देना है। दुबई की अर्थव्यवस्था में शराब की बिक्री का बड़ा योगदान रहा है। दुबई में शराब खासी महंगी है और एक गिलास बीयर की कीमत 10 डॉलर तक की हो सकती है जो कि पूरी दुनिया में सबसे महंगी है। हालांकि अब इसकी कीमत कम होने की उम्मीद की जा रही है। इससे पहले लोग सस्ती शराब पीने के लिए यूएई के एक अन्य अमीरात उम-अल-कुवैन जाया करते थे।

7 अमीरातों से मिलकर बना है UAE
दुबई, यूएई का एक अमीरात है, जहां पर यह टैक्स हटाया गया है। यूएई के अलग-अलग अमीरातों मसलन शारजाह, अबू धाबी, अजमान, उम-अल-कुवैन आदि में शराब से जुड़े अलग-अलग नियम हैं। आपको बता दें कि यूएई सात अमीरातों से बना एक देश है। इन सभी राज्यों को 1971 में ब्रिटेन से आजादी मिली थी। ये सभी अमीरात मिलकर राष्ट्रपति का चुनाव करते हैं। यूएई की भाषा अरबी है।












Click it and Unblock the Notifications